नई दिल्ली: दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम समेत कई लोगों ने एक कार्यक्रम में कई हिंदू देवताओं का बहिष्कार करने की शपथ ली। एक वायरल वीडियो में आम आदमी पार्टी के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम को एक कार्यक्रम में भाग लेते देखा गया। वहां मौजूद लोगों ने कई हिंदू देवताओं का बहिष्कार करने की शपथ ली थी। वीडियो 'मिशन जय भीम' कार्यक्रम का बताया जा रहा है, जिसमें दिल्ली सरकार के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम समेत कई लोग शामिल हुए थे| बताया जा रहा है इस कार्यक्रम में लगभग 10 हजार लोगों ने बौद्ध दीक्षा ली।
कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री राजिंदर पाल गौतम द्वारा किया गया। इसमें डॉ. बीआर आंबेडकर के पौत्र और बुद्धिस्ट सोसयिटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष राजरत्न आंबेडकर के साथ कई बौद्ध भिक्षुओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मौजूद 10 हजार लोगों को राजरत्न अंबेडकर ने दीक्षा देते हुए 22 प्रतिज्ञाएं दिलाई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने बौद्ध दीक्षा लेने के बाद जय भीम का नारा भी लगाया।
अरविंद केजरीवाल का क्रूर चेहरा है: बीजेपी
वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा और कहा कि यह दंगा कराने की कोशिश है। बीजेपी ने मंत्री राजेंद्र पाल गौतम को 24 घंटे में निलंबित करने की मांग है| भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा,''यह दंगा कराने की कोशिश है। यह अरविंद केजरीवाल का क्रूर चेहरा है और अगर ऐसा नहीं है तो वे अपने मंत्री को 24 घंटे में निलंबित करें। अगर वे ऐसा नहीं करते तो यह उनका ही बयान माना जाएगा। हम उनकी पुलिस में शिकायत करने जा रहे हैं|
एक बार फिर AAP का हिंदू विरोधी चेहरा बेनकाब: आदेश गुप्ता
दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा, 'एक बार फिर AAP का हिंदू विरोधी ??ेहरा बेनकाब| अरविंद केजरीवाल के मंत्री लोगों से शपथ दिलवा रहे हैं कि मैं किसी ब्रह्मा, विष्णु, महेश को नहीं मानूंगा! तो फिर चुनाव के दौरान मंदिरों में क्या दर्शाने के लिए जाते हो? क्या हिंदू धर्म इतना चुभता है AAP की आंखों में? इतनी नफरत क्यों?'
केजरीवाल, मंत्री को बर्खास्त करो: बीजेपी
आदेश गुप्ता ने कहा कि,' हिन्दू विरोधी दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री ने जो हजारों लोगों के मध्य हिन्दू देवी-देवताओं का अपमान किया, वो क्षमा योग्य नहीं है! क्या किसी भी धर्म के प्रति ऐसे जहर उगलने की इजाजत AAP के मंत्रियों को है? अरविंद केजरीवाल अगर जरा भी शर्म बची है तो ऐसे मंत्री को बर्खास्त करो।
भाजपा देश द्रोही: राजेंद्र पाल गौतम
दिल्ली के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने कहा,''भाजपा देश द्रोही है। अगर मेरी आस्था बौद्ध धर्म में है तो उससे किसी को क्या दिक़्कत है? भाजपा को शिकायत करनी है तो वह करें। भारत का संविधान हमें किसी भी धर्म को मानने की आज़ादी देता है। भाजपा की ज़मीन खिसक रही है और वह आम आदमी पार्टी से डरती है|
राजेंद्र पाल गौतम ने ट्वीट कर कहा ,''चलो बुद्ध की ओर मिशन जय भीम बुलाता है। आज "मिशन जय भीम" के तत्वाधान में अशोका विजयदशमी पर डॉ०अंबेडकर भवन रानी झांसी रोड पर 10,000 से ज्यादा बुद्धिजीवियों ने तथागत गौतम बुद्ध के धम्म में घर वापसी कर जाति विहीन व छुआछूत मुक्त भारत बनाने की शपथ ली। नमो बुद्धाय, जय भीम!