नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सीमापुरी में तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे सो रहे लोगों को रौंद दिया है। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है| जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। रौंदने के बाद फरार आरोपी ड्राइवर को उत्तर प्रदेश के शामली से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह हादसा मंगलवार/ बुधवार रात 1 बजकर 50 मिनट पर हुआ |
हादसे में मारे गए लोगों की पहचान करीम (52 वर्ष), छोटे खान (25 वर्ष), शाह आलम (38 वर्ष) और राहुल (45 वर्ष) के रूप में की गई है। वहीं मनीष और प्रदीप नाम के दो शख्स हादसे में घायल हुए हैं।
दिल्ली पुलिस ने बताया,'सीमापुरी में DTC डिपो रेडलाइट पार करते समय 1:51 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क के डिवाइडर पर सो रहे 4 लोगों को कुचल दिया और 2 लोगों को घायल कर दिया। दो लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई और एक को मृत घोषित किया और चौथे की प्राथमिक उपचार के दौरान मृत्यु हो गई|
दिल्ली पुलिस ने बताया,सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी ड्राइवर को उत्तर प्रदेश के शामली से गिरफ्तार कर लिया गया है। ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है|