देवघर: प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड के देवघर में देवघर हवाई अड्डे और अन्य विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देवघर में 16,800 करोड़ लागत की परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल रमेश बैस भी मौजूद रहे। मोदी ने कहा, "बाबा वैद्यनाथ के आशीर्वाद से आज 16 हज़ार करोड़ रुपए से अधिक के प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। इनसे झारखंड की आधुनिक कनेक्टिविटी, ऊर्जा, स्वास्थ्य, आस्था और पर्यटन को बहुत अधिक बल मिलेगा|
प्रधानमंत्री ने कहा, "राज्यों के विकास से राष्ट्र का विकास, देश पिछले 8 वर्षों से इसी सोच के साथ काम कर रहा है। पिछले 8 वर्षों में राजमार्ग, रेलवे, वायुमार्ग, जलमार्ग हर प्रकार से झारखंड को कनेक्ट करने के प्रयास में भी यही सोच, यही भावना सर्वोपरि रही है| आज सरकार के प्रयासों का लाभ पूरे देश में दिख रहा है। उड़ान योजना के तहत पिछले 5-6 सालों में लगभग 70 नए स्थानों को एयरपोर्ट्स, हेलीपोर्ट्स और वॉटर एयरोडोम्स के माध्यम से जोड़ा गया है। 400 से ज्यादा नए रूट्स पर आज सामान्य से सामान्य नागरिक को हवाई यात्रा की सुविधा मिल रही है|
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि,“आज सिर्फ देवघर ही नहीं पूरे झारखंड के लिए ऐतिहासिक दिन है। जो हम सपने देखते है और वो जब साकार होता है, हम उसे हकीकत में अनुभव करते हैं तो उसकी खुशी कुछ और होती है। उस सपने को साकार करने के लिए आज हमारे बीच प्रधानमंत्री जी आए हैं, ये हमारे लिए गर्व की बात है|
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि,“वर्तमान में झारखंड में 2 हवाई अड्डे हैं, आने वाले समय में इसको बढ़ाकर 5 हवाई अड्डे तक बढ़ाएंगे। पिछले 8 साल में जहां झारखंड में 1,500 यात्री प्रतिदिन आते थे, यह संख्या बढ़कर 7,500 यात्री प्रतिदिन पर पहुंच चुकी है| पहले राज्य में 20 एयरक्राफ्ट मूवमेंट होती थी वही आज यह बढ़कर 56 पर पहुंच चुकी है|