लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के रिजर्व पुलिस लाइन में पी.ए.सी. रिक्रूट आरक्षियों के 'दीक्षांत परेड समारोह-2022' में हिस्सा लिया। इस दौरान DGP डी.एस. चौहान ने कहा,"15,000 रिक्रूट आरक्षी आज पास आउट होकर गौरवशाली फोर्स के सदस्य बन रहे हैं। उ.प्र. पुलिस ने विगत 6 महीने में बड़ी-बड़ी चुनौतियों का सामना किया। निष्पक्ष चुनाव कराया। नई सरकार के गठन के बाद पुलिस को 100 दिन का टास्क दिया गया, जिसमें माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की|
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा,"वर्ष 2017 में नई सरकार के गठन के समय भारी संख्या में पुलिस और पीएसी के पद भर्ती के लिए लंबित पड़े हुए थे। विगत पांच वर्षों में एक लाख 62 हजार से अधिक पुलिस आरक्षियों की सफलतापूर्वक भर्ती व प्रशिक्षण को आगे बढ़ाया गया| 06 माह के अपने सफलतम प्रशिक्षण के कारण आज प्रदेश के 87 केंद्रों में यह दीक्षांत परेड का आयोजन किया जा रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा,"बेहतरीन कानून व्यवस्था का परिणाम है प्रदेश में बेहतरीन निवेश। प्रदेश में इसके माध्यम से रोजगार सृजन की जो अनंत संभावनाएं विकसित हुई, उत्तर प्रदेश में हर एक तबके के मन में सुरक्षा का जो भाव पैदा हुआ वह आज देखते बनता है| पहले प्रदेश के बारे में कहा जाता था कि यहाँ नित नए दंगे होते हैं। विगत पांच वर्षों में एक भी दंगा न होना, बेहतरीन निवेश आना, प्रदेश के युवाओं को इसके माध्यम से रोजगार की सुविधाएं उपलब्ध होना, ये सभी कार्य क्रमबद्ध तरीके से आगे बढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं|