देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां बेटी के साथ छेड़छाड़ किए जाने की शिकायत करना एक पिता को भारी पड़ गया| आरोपी पक्ष के लोगों ने पिता की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी| एकौना क्षेत्र के एक गांव में बेटी के साथ छेड़खानी की शिकायत करने पर उसके पिता(भोला प्रसाद) की आरोपी लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए जिला अस्पताल के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां से चिकित्सकों ने लखनऊ पीजीआई रेफर कर दिया। इस दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने आठ नामजद लोगों के खिलाफ गोलबंद होकर मारपीट करने, छेड़खानी और गैर इरादतन हत्या का अभियोग पंजीकृत किया।
देवरिया के SP ने बताया,''भोला प्रसाद ने बेटी से छेड़खानी करने वाले, पड़ोसी के साडू के बेटे को थप्पड़ मारा था जिससे गुस्साए आरोपी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से भोला की पिटाई कर दी। लखनऊ, अस्पताल ले जाते समय भोला की मौत हो गई। 2 मुख्य आरोपी गिरफ्तार, शेष की तलाश जारी|
जानकारी के अनुसार, देवरिया जिले के एकौना थाना क्षेत्र के ईश्वरपुरा गांव में गुरुवार की शाम करीब छह बजे युवती अपने घर के दरवाजे पर खड़ी थी। तभी पड़ोसी के घर आए रिश्तेदार के लड़के ने साथ छेडख़ानी की। लड़की ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दिया। लड़की के पिता इसकी शिकायत करने पडोसी के घर गए।
आरोप है कि पड़ोसी ने अपने पूरे परिवार के साथ उन्हें बुरी तरह से लाठी- डंडो से मारपीट कर घायल कर दिया। परिजन उन्हें इलाज़ हेतु जिला अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। सुबह उनके परिजन शव को लेकर गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया।