पूर्वी चंपारण: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में भीषण हादसा हो गया है| मोतिहारी के रामगढ़वा थाने के नरीरगीर में शुक्रवार शाम ईंट भट्ठे की चिमनी में विस्फोट होने से 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की आशंका है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मोतिहारी पुलिस ने बताया कि ,''रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। SDRF की टीम के साथ एएसपी रक्सौल और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है|
हादसे पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने दुख जताया है.नीतीश कुमार ने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये देने का ऐलान किया है. उन्होंने घायलों के समुचित इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया|
पूर्वी चम्पारण के रामगढवा प्रखंड के नारीरगिर गांव के सरेह में तीन पार्टनर मिलकर चिमनी चलाते हैं| दोपहर के बाद से राउण्ड के लिए चिमनी के नीचे ईट पकाने के लिए कच्चे ईंट को सजाया जा रहा था, जिसमें दर्जनों मजदूर काम कर रहे थे कि इसी दौरान चिमनी में विस्फोट होने से चिमनी भरभरा कर गिर पडा|
बताया जा रहा है कि इस सीजन में पहली बार चिमनी को शुरू किया गया था। धुएं के प्रेशर की वजह से चिमनी के ऊपर का हिस्सा फट गया। जिसके मलबे की चपेट में आने से अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है| 2 दर्जन से ज्यादा लोग घायल हैं।
हादसे के बाद जिला प्रशासन और एसडीआरएफ़ की टीम मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया| हालांकि शुक्रवार देर रात कोहरा ज्यादा होने के कारण राहत और बचाव कार्य बंद करना पड़ा था। शनिवार को रेक्स्यू ऑपरेशन फिर से शुरू किया गया। देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में 16 घायलों को निकाल कर अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मौजूद लोगों के मुताबिक, चिमनी मालिक के अलावा 40 से 50 लोग मौजूद थे। लकड़ी डालने के बाद पेट्रोल और मोबिल डाल कर चिमनी में आग लगाई गई। धुआं कर कुछ लोग उतर गए थे। कुछ लोग चिमनी के ऊपर ही खड़े थे। आग जैसे ही पकड़ी, बलास्ट हो गया। जोर की आवाज हुई और उसके बाद चीख-पुकार मच गया। सभी लोग इधर-उधर भागने लगे थे। आसपास के लोगों का कहना है कि ब्लास्ट की आवाज़ काफी दूर तक सुनाई दी थी|
हादसे में घायलों को एसआरपी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां दूसरे मालिक नूरूल हक के साथ अमरेश कुमार, मुकेश राम, आलमगीर, अब्दुल हक, अजय कुमार, राकेश कुमार, उमेश राम, असानुल्लाह को आईसीयू में इलाज चल रहा है। सभी की स्थिति नाजुक बनी हुई है। इसके अलावा अन्य लोगों को रामगढ़वा और बाकी नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
एसआरपी अस्पताल से कुछ मरीज पटना AIIMS
चिमनी विस्फोट पर रक्सौल के SRP अस्पताल के डॉ. सुजीत कुमार ने बताया,'' कल हमारे अस्पताल में कुल 13 मरीज लाए गए थे। इसमें से 5 की मृत्यु हो चुकी थी, 8 मरीजों की हालत गंभीर थी। हमने कुछ मरीजों को अब पटना AIIMS रेफर किया है और अन्य का इलाज जारी है|
PM मोदी ने जताया दुख, 2-2 लाख की मदद का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बिहार के मोतिहारी में एक ईंट भट्ठे में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है| प्रधानमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये और इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा भी की है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया; “मोतिहारी में एक ईंट भट्ठे में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ है। घायलों के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जायेंगे: पीएम मोदी
सीएम नीतीश कुमार ने हादसे पर दुख जताया
सीएम नीतीश कुमार ने ट्वीट कर कहा,''पूर्वी चम्पारण जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र में ईंट-भट्ठे की चिमनी फटने की घटना दुःखद। मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है। घायलों का समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है।
प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपये देने का ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि ,'' मोतिहारी में ईंट-भट्ठे की चिमनी फटने की दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 4-4 लाख रू दिए जाएंगे। घायलों के इलाज का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी, उनके समुचित इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना|