इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में 40 वर्षीय बस ड्राइवर की गोली मार कर हत्या कर दी गई| फ्रेंड्स कालोनी क्षेत्र के मोहल्ला अर्जुन नगर में प्राइवेट बस चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
मृतक बस चालक मुकेश तिवारी औरैया जिले के अजीतमल थाना क्षेत्र के गांव हविलिया का रहने वाला है| मुकेश तिवारी इटावा के अर्जुन नगर में किराए के मकान रहता था| वह भाजपा नेता की ट्रैवल एजेंसी की बस चलाता था। बुधवार शाम को मुकेश अपने बड़े भाई शिब्बू (ड्राइवर) के साथ बस में सवारियां लेकर गुरुग्राम गया था| वहां से बस लेकर शुक्रवार तड़के करीब चार बजे लौटा।
शिब्बू ने मुकेश को घर के पास हर्षवर्धन होटल के सामने उतार दिया और शिब्बू यात्रियों को लेकर हमीरपुर के लिए रवाना हो गया। बस से उतरकर मुकेश पैदल ही घर के लिए चल दिए। वह घर से कुछ ही दूर थे, तभी हमलावरों ने पीछे से पीठ में गोली मार दी। गोली लगने के बाद मुकेश ने बचकर भागने का प्रयास किया पर कुछ दूरी तक जाकर गिर पडे़। वारदात के बाद हमलावर भाग निकले। सुबह करीब पांच बजे मोहल्ले के लोग टहलने निकले तो शव पड़ा देखकर पत्नी मंजू को सूचना दी। जानकारी पर पुलिस भी पहुंच गई और मुकेश को जिला अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
इटावा (सिटी) के पुलिस अधीक्षक कपिल देव सिंह ने कहा किपुलिस को सूचना मिली की एक व्यक्ति को गोली लगी है। घायल को अस्पताल लाया गया जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। व्यक्ति का नाम मुकेश तिवारी है जो बस ड्राइवर था। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है, पुलिस जांच कर रही है|