उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) तैनात की जाएगी। इसके निर्देश परिषद ने दिए हैं। इसके साथ ही पुलिसबल भी मौजूद रहेगा। जनपद में तीन परीक्षा केंद्रों के अति संवेदनशील श्रेणी में होने की चर्चा तेजी से हो रही है।
यूपी बोर्ड सचिव ने सभी जनपदों से संवेदनशील व अति संवेदनशील केंद्रों की सूची मांगी थी। यह भी कहा था कि जहां अति संवेदनशील परीक्षा केंद्र होंगे, वहां एसटीएफ की निगरानी में परीक्षा होगी। एसटीएफ स्ट्रांग रूम के साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास तैनात रहेगी। ऑनलाइन निगरानी के दौरान कहीं संदिग्ध स्थिति मिलने पर एसटीएफ को इनपुट उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे नकल माफिया पकड़ में आ सकें।
परीक्षा केंद्रों के स्ट्रांग रूमों की यूपी बोर्ड अपने राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम और जनपदीय कंट्रोल रूम से विशेष रूप से अनवरत ऑनलाइन निगरानी कराएगा। इन केंद्रों पर अन्य केंद्रों की तुलना में अधिक संख्या में पुलिस बल की तैनाती भी रहेगी। अति संवेदनशील केंद्रों पर राज्य पर्यवेक्षक विशेष पर्यवेक्षण करेंगे।
विभागीय सूत्रों ने बताया कि जनपद में ब्लॉक कमालगंज में दो और ब्लॉक मोहम्मदाबाद में एक परीक्षा केंद्र को अति संवेदनशील चिह्नित किया है। हालांकि विभागीय अधिकारी कुछ भी नहीं बता रहे हैं।
संवेदनशील व अति संवेदनशील केंद्रों को चिह्नित किया जा रहा है। अति संवेदनशील केंद्रों पर एसटीएफ के साथ ही अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात किया जाएगा। राज्य व जिला कंट्रोल रूम से भी इन केंद्रों पर निगरानी होगी। जनपद के 76 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल के 24414 व इंटरमीडिएट के 23248 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। - नरेंद्र पाल सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक