यूपी फर्रुखाबाद। परिवार के साथ गंगा नहाने आए दो युवक गहरे पानी में समा गए। मां की चीख पुकार पर पहुंची पीएसी और गोताखोरों ने शाम तक अभियान चलाया, लेकिन नाकाम रहे। एसपी, तहसीलदार समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
जहानगंज थाने के गांव चौकी महमदपुर निवासी अशोक कुमार कुशवाह का पुत्र विवेक कुमार (18) अपने चचेरे भाई मोहित कुमार (17) और परिजनों संग गंगा नहाने दोपहर में आया था। शाम करीब साढ़े तीन बजे पुल के नीचे घाट पर दोनों नहा रहे थे। विवेक की मां अन्नपूर्णा किनारे खड़ी थी। अचानक दोनों भाई पानी में समा गए। मां ने चीख-पुकार शुरू की। कुछ ही देर में पहुंची फ्लड पीएसी और गोताखोरों ने खोजबीन शुरू की। सर्दी अधिक होने की वजह से गोताखोरों ने हाथ खड़े कर दिए।
दो भाइयों के डूबने की सूचना मिलते ही एसपी आलोक प्रियदर्शी, तहसीलदार श्रद्धा पांडेय, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय और कादरीगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी ने सुबह फिर से अभियान चलाने की बात कही।
गंगा में लापता हुए युवकों की खोजबीन कराई गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान को रोका दिया गया है। सुबह गोताखोरों को फिर से लगाकर खोजबीन कराई जाएगी। - आलोक प्रियदर्शी, एसपी
नाविकों ने तोड़ी बैरिकेडिंग बनी हादसे की वजह
माघ पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों को बैरिकेड किया गया था। बुधवार को मेला समापन होते ही नाविकों ने तटों की बैरिकेडिंग तोड़ डाली। लिहाजा अधिकांश बैरिकेडिंग टूटकर गंगा की धार में बह गए। ऐसे में गुरुवार को पहुंचे स्नानार्थियों को गहरे पानी का आभास नहीं हो रहा था। हादसे के पीछे भी यही वजह मानी जा रही है।