फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यानि रविवार को फर्रुखाबाद में 'मुख्यमंत्री आरोग्य मेले' का उद्घाटन किया| इस दौरान उन्होंने कहा,''पूरे प्रदेश में हम एक बार फिर से मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों का शुभारंभ कर रहे हैं। 3,400 से अधिक स्थानों पर हर रविवार को आरोग्य मेला लगा करेगा|
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा,'कोरोना के खिलाफ लड़ाई अंतिम चरण में चल रही है लेकिन हमें कोरोना के प्रति सावधानी बरतनी पड़ेगी। बर्ड फ्लू सामने आ रहा है, उसमें भी सावधानी बरतें। सरकार अपने कार्यक्रमों के साथ आपके बचाव के लिए कार्य करेगी, हमारे लिए एक-एक नागरिक का जीवन महत्वपूर्ण है|
उन्होंने कहा,'आज कोरोना से सफलतापूर्वक मुकाबला करते हुए हम लोग अब बचाव की स्थिति में आ चुके हैं। अब हम हर व्यक्ति के बचाव के लिए टीका भी दे सकते हैं| मकर संक्रांति के तत्काल बाद 16 जनवरी से टीकाकरण की कार्यवाही प्रारम्भ हो रही है। ये देशवासियों के लिए प्रसन्नता का अवसर है। इसके लिए प्रधानमंत्री जी का मैं विशेष रूप से अभिनंदन करता हूं|
योगी आदित्यनाथ ने कहा,''जो व्यक्ति योजनाओं का लाभ अबतक प्राप्त नहीं कर पाया है उसके मन में भी यह इच्छा होनी चाहिए कि मैं इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकता हूं। मुख्यमंत्री आरोग्य योजना का भी यही उद्देश्य है|प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर्स सामान्य बीमारियों के लिए जांच भी करते हैं, दवा भी देते हैं। अब 'आयुष्मान योजना' के बारे में भी बताएंगे, उसका कार्ड भी उपलब्ध कराएंगे|अगर किसी को कोई अन्य गंभीर बीमारी है, तो उसके उपचार की व्यवस्था भी होगी। गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्रों में भेजकर उपचार भी करवाया जा रहा है|