फतेहपुर: फतेहपुर में थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्रान्तर्गत रामपुर मोड़ पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां बारातियों से भरी बस और ट्रैक्टर की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है| वहीं 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची है। घायलों की हालत चिंता जनक देख नजदीकी अस्पताल से फतेहपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जहां 10 लोगों की हालत चिंता जनक बताई जा रही है। बताया जा रहा है 6 लोगों की मौत हो गई , हालांकि अब तक 4 मृतकों की आधिकारिक पुष्टि हुई है| फतेहपुर डीएम ने अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि की है|
जानकारी के अनुसार,'' थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्रान्तर्गत आरामपुर मोड़ के पास मंगलवार देर शाम बरातियों से भरी बस और भूसा लादे ट्रैक्टर से टकरा गई। रफ्तार इतनी तेज थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और गड्ढे में पलट गई। हादसे में बस में सवार 4 जनों की मौत हो गई। जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के समय बस में करीब 40 लोग सवार थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कौशांबी जिले के कमालपुर थाना कड़ा निवासी शशि प्रकाश पुत्र रामहित की बारात खागा कोतवाली के टेनी गांव आ रही थी। स्कूली बस में करीब 40 बाराती सवार थे। जैसे ही बस सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र में हुसैनगंज कड़ा मार्ग पर रामपुर मोड़ के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे भूसा लदे ट्रैक्टर ट्राली से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए।
लहराते हुए बस सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। बारातियों में कोहराम मच गया। आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घायलों को वाहन से निकाला। एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी हथगाम पहुंचाया गया। एक पुलिस अफसर के मुताबिक हादसे में छह लोगों की मौत हुई है, जबकि 11 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।
हादसे की सूचना पर फतेहपुर डीएम, एसपी राजेश कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक तारकेश्वर राय समेत फोर्स पहुंचे। बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और सीएचसी हथगाम भेजा गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीएचसी से कौशांबी जिले के दारानगर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक शिवराम (65), सौरेई निवासी किशन लाल का पुत्र सुमित (18), कड़ा धाम अंतू का पुरवा निवासी बिंदेश्वरी प्रसाद (65), देवीगंज निवासी सूरज (21) बस कंडक्टर, नीरज (20), कमालपुर निवासी रामू (25), इंद्रसेन (24), सैनी थाने के सौरेई निवासी प्रिंस कुमार (35), फतेहपुर सुल्तानपुर घोष थाने के गुखुरुवापुर के चंद्रपाल (50), कमालपुर निवासी सोहन(40), दिनेश (45), गुड्डू (28), रामू (35), नरेश (38), राजेश (36) व दो अज्ञात लोगों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने शिवराम, सुमित समेत चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो लोगों की पहचान नहीं हो सकी।
सीएम योगी ने हादसे पर जताया दुःख
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनपद फतेहपुर में हुई एक सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के समुचित उपचार हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।