गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के लोहा मंडी चौकी क्षेत्र के मुखर्जी पार्क के पास जली हालत में एक युवती का शव मिला। जली हालत में शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर तुरंत पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्यों को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है|
SP(सिटी) निपुण अग्रवाल ने बताया कि,''मुखर्जी पार्क के पास महिला के जले शव की सूचना मिली थी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने तथ्यों का संकलन किया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। शव के शिनाख्त के लिए DNA को संभाल कर रख रहे हैं। पास के जनपदों के थानों से गुमशुदगी की रिपोर्ट मंगा रहे हैं| हम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं और टीमें गठित कर दी गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद के थाना कवि नगर क्षेत्र की लोहा मंडी की पुलिस चौकी से चंद दूरी पर स्थित मुखर्जी पार्क में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के पास 29.06.22 की रात्रि में करीब 25 वर्षीय एक अज्ञात महिला की जली हुआ लाश मिली। सूचना पर स्थानीय पुलिस , फॉरेंसिक टीम और आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। शव जलने के कारण युवती की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।
उधर, पुलिस का अनुमान है कि किसी ने पेट्रोल या किसी अत्यंत ज्वलनशील केमिकल से महिला को जलाया है और उसके चेहरे को भी इस तरह जलाया गया है ताकि उसकी पहचान न हो सके। पुलिस के मुताबिक,महिला की शिनाख्त के लिए आसपास के सभी थानों में गुमशुदा महिलाओं की जानकारी ली जा रही है। ताकि मृतका की शिनाख्त हो सके।