पणजी: Goa Assembly Election 2022 Date: गोवा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। अब मायेम सीट से भाजपा विधायक प्रवीण झांते ने सोमवार को इस्तीफा दे दिया है| इससे पहले आज ही,गोवा में मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक माइकल लोबो ने अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया| लोबो के कांग्रेस का हाथ थामने की संभावना है। लोबो ने कहा कि आज मैंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। मैं विधायक पद से भी इस्तीफा दूंगा, देखेंगे आगे क्या कदम उठाना है। मैं अन्य राजनीतिक दलों के साथ बातचीत कर रहा हूं। मुझे यकीन है कि कलंगुट निर्वाचन क्षेत्र के लोग मेरे इस फैसले का सम्मान करेंगे और मुझे फिर से मौका देंगे
इस्तीफे के बाद माइकल लोबो ने कहा कि,''मैंने गोवा कैबिनेट और विधायक दोनों से इस्तीफा दे दिया है। हम तय करेंगे कि किस पार्टी से लड़ना है या स्वतंत्र लड़ना है। BJP में कार्यकर्ताओं की कोई अहमियत नहीं है। मनोहर पर्रिकर का जो मार्गदर्शन था वो अब पार्टी में आगे नहीं जा रहा है, उनके समर्थकों को दरकिनार कर दिया है|
उन्होंने कहा, ''मैं अपने साथ हो रहे व्यवहार से परेशान था। जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की अंदेखी होती है। मैंने अपनी आंखों से देखा है, कानों से सुना है। पार्टी इतनी बड़ी हो गई है कि उसे अब जमीनी कार्यकर्ताओं के योगदान का कद्र नहीं है। कई लोग मेरे पास शिकायत करने आए थे। पार्टी में उतार-चढ़ाव होते हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं की अनदेखी नहीं हो सकती है।”लोबो ने कहा, “मैं यह लंबे समय से कह रहा हूं लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं था। लेकिन मुझे लगा कि हमें दरकिनार कर दिया गया है।"
लोबो से पहले बीजेपी के दो विधायकों अलीना सलदान्हा और कार्लोस अल्मेडा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। सलदान्हा आप में शामिल हो गए। उन्हें उम्मीदवार भी घोषित कर दिया गया है। वहीं, अल्मेडा कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। आपको बता दें कि रविवार को गोवा विधायक प्रसाद गांवकर ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया है।
Goa Assembly Election 2022
गोवा में 40 विधानसभा सीटों के लिए 14 फरवरी को एक चरण में चुनाव होगा। 10 मार्च को पांचों राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों की गिनती की जाएगी। गोवा के साथ ही पंजाब और उत्तराखंड में भी एक चरण में 14 फरवरी को मतदान किए जाएंगे।
बता दें कि गोवा में सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी को 21 का जादुई आंकड़ा छूना होता है। 2017 के गोवा विधानसभा चुनावों में भाजपा ने कांग्रेस से कम सीटें जीती थीं। भाजपा केवल 13 सीटे ही जीत सकी थी। कांग्रेस ने 17 सीटें जीती थी।
।