गांधीनगर: शराबबंदी वाले राज्य गुजरात में शराब पीने से होने वाली मौतों की संख्या बढ़ती ही जा रही है| गुजरात के बोटाद जिले में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। दर्जनों लोग अस्पताल में भर्ती हैं। इस बीच गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बोटाड में जहरीली शराब की घटना को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की और राज्य पुलिस बल को मादक पदार्थों के अवैध विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिया|
ज़हरीली शराब कांड मामले में गुजरात के डीजीपी आशीष भाटिया ने बोटाद जिले में 28 मौतों की पुष्टि की है। उन्होंने कहा,,'बोटाद में नकली शराब मामले में कुल 28 लोगों की मौत हुई है। लोगों ने केमिकल को सीधे पानी में मिलाकर खाया। बरवाला, रानपुर और अहमदाबाद ग्रामीण में 3 FIR दर्ज की गई हैं। स्थानीय पुलिस SIT का गठन करेगी|
डीजीपी आशीष भाटिया ने बताया कि 14 लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 328 और 120-बी के तहत तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और उनमें से अधिकतर लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।
इस बीच, गुजरात सरकार ने कहा कि गुजरात के गृह विभाग ने मामले की विस्तृत जांच के लिए भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी सुभाष त्रिवेदी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय एक समिति का गठन किया है। समिति तीन दिन में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। समिति के अन्य दो सदस्य मद्य निषेध एवं उत्पाद शुल्क निदेशक एम. ए. गांधी और गुजरात फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला निदेशक एच. पी. सांघवी हैं।
वहीँ, आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर हमला बोला है। AAP के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भावनगर में नकली शराब पीने से बीमार हुए लोगों से मुलाकात भी की। मंगलवार को उन्होंने कहा,"ये बहुत दुखद घटना है। इस हादसे में जिन लोगों की मृत्यु हुई है भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और जो भी लोग अस्पताल में हैं भगवान उन सबको बचाए और उनको जीवन प्रदान करे, मेरी भगवान से प्रार्थना हैः दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल, सोमनाथ, गुजरात
दो नंबर की शराब बिक्री का मुनाफा किसे मिल रहा है?
जहरीली शराब पीने से हुई मौतों पर अरविंद केजरीवाल ने कहा,,गुजरात में ऐसा पहले भी हुआ है जिसमें लोगों की जहरीली शराब पीने से मौत हुई है। गुजरात में जो दो नंबर की शराब बिक रही है उसके पीछे कौन लोग है? उसका मुनाफा किसको हो रहा है? जनता यह जानना चाहती है|
ज़हरीली शराब कांड को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज, संजय सिंह और आतिशी मार्लेना ने गुजरात की BJP सरकार पर हमला बोला है। मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने कहा कि ड्राई स्टेट गुजरात में 15 साल के अंदर 845 से ज्यादा लोग जहरीली शराब पीकर मरे हैं। राज्य में शराब पर प्रतिबंध लगने के बावजूद पिछले 15 सालों में 845 से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
शराबबंदी वाले राज्य गुजरात में 845+ लोग ज़हरीली शराब पीकर मर गए
सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘‘Gujarat Dry State है फ़िर भी 15 साल में 845+ लोग ज़हरीली शराब पीकर मर गए। इतना बड़ा Organised Network किन राजनेताओं के संरक्षण में चल रहा है? शराबबंदी से सरकार को 15,000 Cr का नुकसान हो रहा है लेकिन शराब तो खुलेआम बिक रही है। तो ये पैसा किसकी जेब में जा रहा है?
भारद्वाज ने कहा, ‘कुछ लोग चाहते हैं Gujarat की तरह दिल्ली में भी नक़ली और ज़हरीली शराब का कारोबार चले। जब से Delhi Govt New Excise Policy लाई है, ये लोग बहुत परेशान हैं। ये Legal दुकानें हटाकर वही पुराना धंधा शुरू करना चाहते हैं। दिल्ली में 468 Wine Shops हैं, ये पहले से कम है।
पार्टी ने कहा, ‘लोगों की जान नहीं गई, उनकी हत्या की गई है। Gujarat की BJP Govt के नेतृत्व में नक़ली शराब का धंधा चल रहा है। भाजपाइयों को इसमें करोड़ों रुपए की रिश्वत मिलती है। यही नक़ली शराब का धंधा ये लोग Delhi में करना चाहते हैं। गुजरात के CM को इस्तीफा देना चाहिए।
Gujarat में नक़ली शराब का धंधा किसके संरक्षण में चल रहा?
आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने कहा, ‘Gujarat में नक़ली शराब का धंधा किसके संरक्षण में चल रहा है? करोड़ों रुपये का हिस्सा सरकार को पहुँचता है, तभी अवैध शराब का धंधा चलता है। Delhi में Kejriwal Govt ने नक़ली शराब के धंधे पर प्रतिबंध लगा दिया इसलिए BJP नई आबकारी नीति का विरोध कर रही है।
करोड़ों की उगाही कर अवैध शराब का धंधा चला रही BJP
संजय सिंह ने कहा,'28 ज़िंदगियां ख़त्म हो गईं। Gujarat CM को तत्काल इस्तीफ़ा देना चाहिए। ग्राम सभा द्वारा शराब के धंधे की शिकायत की गई थी। फ़िर भी शराबबंदी के बावजूद शराब बिक रही थी। करोड़ों की उगाही कर अवैध शराब का धंधा चला रही BJP Govt बेनक़ाब हो गई है।
आतिशी मार्लेना ने कहा, ‘ 2009 में Modi CM थे तब 100 लोगों की अवैध शराब पीने के कारण मौत हुई थी तब भी अवैध शराब बेचने वालों पर कार्रवाई नहीं की गई थी। Gujarat में शराबबंदी है, हर महीने में लोगों की अवैध शराब पीकर मृत्यु हो जाती है। अवैध शराब का कारोबार बिना राजनीतिक संरक्षण के चल नहीं सकता।
मार्लेना ने कहा, ‘अगर BJP सरकार चाहती तो 28 लोगों की जान बच सकती थी। अवैध शराब के धंधे से लाखों करोड़ रुपए BJP नेताओं के पास आते हैं। BJP अवैध शराब का यही धंधा दिल्ली में करना चाहती है ताकि जितना लाखों-करोड़ों का मुनाफ़ा अवैध शराब से गुजरात में हो रहा है, दिल्ली में भी हो।