मुख्य सामग्री पर जाएँ
23 अगस्त 2026

Gujarat Assembly Election 2022: पहले चरण का मतदान खत्म, शाम 5 बजे तक 56.88% मतदान

गुजरात विधानसभा चुनाव: गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 89 सीटों पर मतदान समाप्त हो गया है| पहले चरण में शाम 5 बजे तक 56.88% मतदान दर्ज़ किया गया है। पहले चरण में 19 जिलों की 89 सीटों पर वोट डाल…

Gujarat Assembly Election 2022: पहले चरण का मतदान खत्म, शाम 5 बजे तक 56.88% मतदान
Gujarat Assembly Election 2022: पहले चरण का मतदान खत्म, शाम 5 बजे तक 56.88% मतदान | फ़ोटो: TVL News

गुजरात विधानसभा चुनाव: गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण  में 89 सीटों पर मतदान समाप्त हो गया है| पहले चरण में शाम 5 बजे तक 56.88% मतदान दर्ज़ किया गया है। पहले चरण में 19 जिलों की 89 सीटों पर वोट डाले गए। इन 89 विधानसभा सीटों पर 788 प्रत्याशियों की किस्मत EVM में कैद हो गई है| इन उम्मीदवारों में 70 महिलाएं और 339 निर्दलीय हैं। 89 सीटों में से 14 अनुसूचित जनजाति और सात दलितों के लिए आरक्षित हैं।




1st phase updates: 



गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण  में 89 सीटों पर मतदान समाप्त हो गया है| गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के समापन के बाद मतदान अधिकारियों ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और VVPAT को सील किया।



पहले चरण में शाम 5 बजे तक 56.88% मतदान

चुनाव आयोग के अनुसार गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के पहले चरण में शाम 5 बजे तक 56.88% मतदान दर्ज़ किया गया है। 



गुजरात का चुनाव भाजपा के पक्ष में जा रहा है : नाड्डा

गुजरात चुनाव पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नाड्डा ने कहा कि,''गुजरात का चुनाव भाजपा के पक्ष में जा रहा है। राज्य में प्रधानमंत्री मोदी के लिए बहुत प्यार है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुजरात में विकास का काम किया है। हमने आज के मतदान में सकारात्मक परिणाम देखे हैं|



दोपहर 3 बजे तक 48.48% वोटिंग

चुनाव आयोग के अनुसार गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के पहले चरण में दोपहर 3 बजे तक 48.48% मतदान दर्ज़ किया गया है। 



मोदी को 100 सिर वाला रावण कहने के लिए कहा गया: प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि,'' मैं खड़गे जी का सम्मान करता हूं। वे वही कहेंगे जो कहने के लिए कहा गया है। कांग्रेस पार्टी को नहीं पता कि यह राम भक्तों का गुजरात है। रामभक्तों की भूमि पर उन्हें मोदी जी को 100 सिर वाला रावण कहने के लिए कहा गया| अगर वे लोकतंत्र में विश्वास करते तो इस स्तर तक कभी नहीं जाते। वे एक परिवार में विश्वास करते हैं न कि लोकतंत्र में। वे उस एक परिवार को खुश करने के लिए कुछ भी कर सकते हैं और वह परिवार उनके लिए सब कुछ है, लोकतंत्र नहीं|



कांग्रेस हमेशा पटेल और अंबेडकर का विरोध करती रही योगी आदित्यनाथ

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुजरात में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा सरदार वल्लभ भाई पटेल और बाबा साहब अंबेडकर का विरोध करती रही। कांग्रेस संकट के समय जनता के साथ खड़ी नहीं रह सकती। AAP हमेशा देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करती है।



अर्जुन मोढवाडिया ने पोरबंदर में वोट डाला

कांग्रेस प्रत्याशी अर्जुन मोढवाडिया ने पोरबंदर में वोट डाला। 



मेरे पास जो सत्ता आती है वो मेरी नहीं जनता की है: भाजपा उम्मीदवार

पोरबंदर में वोट डालने के बाद भाजपा उम्मीदवार बाबूभाई बोखिरिया ने कहा,''मैंने प्रचार में कहा था कि पहली बार सभी वोटरों को वोट करना चाहिए। मुझे लगता है कि मेरे काम करने का तरीका लोगों को पसंद आया होगा। मेरे पास जो सत्ता आती है वो मेरी नहीं जनता की है। मैं उनके लिए काम करता हूं|



गुजरात प्रगति कर रहा है: कनुभाई देसाई

गुजरात के वित्त मंत्री कनुभाई देसाई ने कहा,''गुजरात प्रगति कर रहा है, लोगों ने भाजपा को वोट देने का फैसला किया है। लोगों को भाजपा पर भरोसा है और राज्य में आगे विकास होगा। राज्य में बीजेपी सरकार बनाएगी|



भाजपा अपना ही रिकॉर्ड तोड़ कर नया रिकॉर्ड बनाएगी: मनसुख मंडाविया

भावनगर में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि,'' हनोल गांव की जनता विकास की राजनीति को मानती है। यहां से बहुत कम वोट अन्य पार्टी को जाता है, सारा वोट भाजपा को जाता है। गुजरात की जनता का भरोसा भाजपा पर बढ़ रहा है। इस बार भाजपा अपना ही रिकॉर्ड तोड़ कर नया रिकॉर्ड बनाएगी|



जडेजा के पिता बोले- मैं कांग्रेस के साथ हूं

भाजपा प्रत्याशी रिवाबा जडेजा के ससुर और क्रिकेटर रविंद्र जडेजा के पिता अनिरूद्ध सिंह जडेजा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, 'मैं कांग्रेस के साथ हूं। पार्टी के मामले परिवार से अलग होते हैं। हम लोग लंबे समय से अपनी पार्टी के साथ हैं। उन्हें (रविंद्र जडेजा) को मालूम है कि ये पार्टी का मामला है, परिवार का नहीं।'



दोपहर 1 बजे तक 34.48% मतदान

गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण में दोपहर 1 बजे तक 34.48% मतदान हुआ। अमरेली जिले में 32.01 फीसदी, मोरबी में 38.61 फीसदी, भरूच में 35.98 फीसदी, नर्मदा में 46.13 फीसदी, भावनगर में 32.74 फीसदी, नवसारी में 39.20 फीसदी, बोटाड में 30.26 फीसदी जबकि पोरबंदर में 30.20 फीसदी मतदान हुआ है।



फिर से एक बार बीजेपी की सरकार बनानी है: हर्ष संघवी

गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने सूरत में वोट डाला। उन्होंने कहा कि,''आज मैं देख पा रहा हूं कि गुजरात की जनता ने तय कर लिया कि यहां फिर से एक बार बीजेपी की सरकार बनानी है। एक ऐतिहासिक मतदान आज गुजरात के हर कोने में हो रहा है। यहां की जनता गुजरात की हित में चुनाव लड़ रही है|



'हर जगह 'कुछ न कुछ' नयापन आना चाहिए: सीआर पाटिल

गुजरात बीजेपी अध्यक्ष सीआर पाटिल ने सूरत में अपना वोट डाला। गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कहा, 'हर जगह कुछ न कुछ नयापन आना चाहिए। विजय रूपाणी जी को मुख्यमंत्री बनाया गया फिर वे  राज्य सभा में रहे, ये बदलाव होता रहता है। उन्होंने खुद कहा कि मैं इस बार चुनाव लड़ना नहीं चाहता हूं|



11 बजे तक 18.95% मतदान

Gujarat Assembly Polls  के पहले चरण में सुबह 11 बजे तक 18.95% मतदान हुआ। 11 बजे तक अमरेली में 19 फीसदी, मोरबी में 22.27 फीसदी, भरूच में 17.57 फीसदी, नर्मदा में 23.73 फीसदी, भावनगर में 18.84 फीसदी और नवसारी में 21.79 फीसदी मतदान हुआ।



AAP ने EC पर लगाया 'स्लो वोटिंग' कराने का आरोप

आम आदमी पार्टी गुजरात के अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने जानबूझकर स्लो वोटिंग कराने का आरोप लगाया है। इटालिया ने ट्विट किया, 'कतारगाम विधानसभा मे जानबूझ कर वोटिंग स्लो कराया जा रहा है।' चुनाव आयोग पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि अगर इसी तरीके से भाजपाई गुंडों के दबाव में काम करना है तो फिर चुनाव ही क्यो करवाते हो? पूरे प्रदेश मे औसत 3.5% मतदान हुआ है लेकिन कतारगाम मे सिर्फ 1.41% ही हो पाया है। एक छोटे से बच्चे को हराने के लिए इतना मत गिरो।



कांतिलाल अमृतिया ने किया मतदान

बीजेपी उम्मीदवार कांतिलाल अमृतिया ने मोरबी के नीलकंठ विद्यालय के मतदान केंद्र में अपना वोट डाला।



गुजरात में 7वीं बार बीजेपी की सरकार बनने जा रही है: विजय रुपाणी

गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी और उनकी पत्नी अंजलि रुपाणी ने राजकोट के पोलिंग स्टेशन पर मतदान किया। विजय रुपाणी ने कहा, ' इस बार राजकोट की चारों सीटें बीजेपी भारी बहुमत से जीतेगी क्योंकि बीजेपी के प्रत्याशी ने अच्छे प्रचार-प्रसार किया है| मैं लोगों से अपील करता हूं कि आप अवश्य मतदान करें और मुझे पूरा भरोसा है कि गुजरात में 7वीं बार बीजेपी की सरकार बनने जा रही है|



दर्शना जरदोश ने सूरत में वोट डाला

रेल राज्य मंत्री दर्शना जरदोश ने सूरत के एक मतदान केंद्र पर पहले चरण के लिए अपना वोट डाला।



अहमद पटेल की बेटी ने अलंकेश्वर में वोट डाला

दिवंगत वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल की बेटी मुमताज पटेल ने भरूच के अंकलेश्वर के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इस दौरान उन्होंने कहा कि ये बदलाव का चुनाव है।  



कांग्रेस के दिवंगत नेता अहमद पटेल की बेटी मुमताज पटेल ने गुजरात चुनाव में कांग्रेस की ओर से टिकट न मिलने पर कहा कि वो खुद ही फिलहाल चुनाव नहीं लड़ना चाहती थी। उन्होंने कहा कि मैं पहले चीजों को समझूंगी और फिर जनता के बीच जाऊंगी।



रवींद्र जडेजा ने जामनगर में वोट डाला

क्रिकेटर रवींद्र जडेजा ने जामनगर में वोट डाला। रवींद्र की पत्नी रिवाबा को भाजपा ने जामनगर नॉर्थ सीट से टिकट दिया है। वोट डालने के बाद रवींद्र ने कहा कि मैं लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील करता हूं।



पहले चरण में सुबह 9 बजे तक 4.92% मतदान

गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग जारी है। सुबह 9 बजे तक 4.92 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। सुबह 9 बजे तक अमरेली में 4.68 फीसदी, भरूच में 3.44 फीसदी, भावनगर में 4.13 फीसदी, बोटाड में 4.62 फीसदी, मोरबी में 5.17 फीसदी, नर्मदा में 5.30 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।



साइकिल पर गैस सिलेंडर लेकर वोट डालने पहुंचे कांग्रेस उम्मीदवार

अमरेली में कांग्रेस उम्मीदवार परेश धनानी साइकिल पर सिलेंडर लेकर वोट डालने निकले। वे साइकिल पर गैस सिलेंडर लेकर वोट डालने के लिए घर से  बूथ तक पहुंचे और फिर मतदान किया।  गैस सिलेंडर के बढ़े दामों को लेकर जनता को जागरूक करने के लिए उन्होंने यह अलग तरीका अपनाया। 


कांग्रेस आएगी और फिर से खुशहाली छाएगी: परेश धनानी

वोटिंग के बाद  कांग्रेस उम्मीदवार परेश धनानी ने कहा कि बीते 27 साल में भारतीय जनता पार्टी ने भय और स्वार्थ की दीवार के बीच राज्य को गुलाम बनाने की साजिश की है। सरकारी विफलताओं के कारण गुजरात में मंदी,महंगाई, बेरोजगारी प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।  इन समस्याओं से मुक्ति पाने के लिए मैंने आज मतदान किया है और मुझे भरोसा है कि पूरा गुजरात भी वोट करेगा तथा सत्ता परिवर्तन होगा। कांग्रेस आएगी और फिर से खुशहाली छाएगी। 


विधानसभा अध्यक्ष निमाबेन आचार्य ने वोट डाला

गुजरात विधानसभा अध्यक्ष निमाबेन आचार्य ने भुज में रावलवाड़ी प्राथमिक स्कूल में वोट डाला।



ये राजनीति में पहली बार नहीं..: ससुर (अनिरुद्ध सिंह जडेजा) के कांग्रेस का प्रचार करने पर रीवाबा जडेजा

राजकोट में बीजेपी की रीवाबा जडेजा ने वोट डाला. वह जामनगर उत्तर से चुनाव लड़ रही हैं। वोट डालने के बाद बीजेपी प्रत्याशी रीवाबा जडेजा ने कहा कि,''ये राजनीति में पहली बार नहीं हो रहा है कि एक ही परिवार के लोग अलग-अलग पार्टी के साथ जुड़े हैं। मुझे जामनगर की जनता पर भरोसा है, हम समग्र विकास पर ध्यान देंगे और इस बार भी बीजेपी अच्छे अंतर से जीतेगी|



दरअसल, क्रिकेटर रवींद्र सिंह जडेजा (Ravindra Singh Jadeja) के पिता अनिरुद्ध सिंह जडेजा कांग्रेस का प्रचार कर रहे है| वह जामनगर उत्तर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार बिपेंद्र सिंह जडेजा के लिए वोट मांग रहे थे हैं। अनिरुद्ध सिंह जडेजा लोगों से कांग्रेस को वोट देने की अपील कर रहे है|



पूर्णेश मोदी ने मतदान केंद्र पर वोट डाला

गुजरात के मंत्री पूर्णेश मोदी ने पहले चरण में सूरत के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इस दौरान उन्होंने कहा कि,''आज गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण में हम अवश्य मतदान करें..हमारा जो अधिकार है उनका हम उपयोग करें और सभी उत्सव में है|



CEC ने गुजरात के मतदाताओं से की मतदान की अपील 

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा,''मैं गुजरात के 4.9 करोड़ मतदाताओं से आज और 5 दिसंबर को दूसरे चरण के चुनाव के दौरान मतदान करने की अपील करता हूं। गुजरात में 4 लाख से अधिक पीडब्ल्यूडी मतदाता और 9.8 लाख वरिष्ठ नागरिक मतदाता हैं| 182 से अधिक मतदान केंद्रों का संचालन पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है। इसी तरह 1,274 बूथों पर सभी महिला कर्मचारी मौजूद रहेंगी। मैं सभी युवा मतदाता से मतदान करने की अपील करता हूं|



गुजरात के प्रगतिशील भविष्य के लिए, भारी संख्या में मतदान करें: राहुल गांधी की लोगों से अपील

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुजरात के लोगों से रोज़गार के लिए, सस्ते गैस सिलेंडर के लिए, किसानों की कर्ज़ा माफी के लिए, गुजरात के प्रगतिशील भविष्य के लिए भारी संख्या में मतदान करने की अपील की है| राहुल गांधी ने ट्वीट में कहा, ‘‘गुजरात के सभी भाई बहनों से अपील है, वोट करें… 

रोज़गार के लिए, सस्ते गैस सिलेंडर के लिए, किसानों की कर्ज़ा माफी के लिए, गुजरात के प्रगतिशील भविष्य के लिए, भारी संख्या में मतदान करें और लोकतंत्र के इस पर्व को सफल बनाएं।



PM मोदी ने लोगों से रिकॉर्ड मतदान की अपील की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को गुजरात के लोगों से राज्य विधानसभा के चुनाव में रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने का आह्वान किया| उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘आज गुजरात चुनाव का पहला चरण है। मैं आज मतदान करने वाले सभी लोगों, विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से रिकॉर्ड संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान करता हूं|



आज का दिन बहुत अहम: रवींद्र जडेजा की पत्नी रीवाबा रवींद्र जडेजा 

जामनगर उत्तर सीट से भाजपा की उम्मीदवार और रवींद्र जडेजा की पत्नी रीवाबा रवींद्र जडेजा ने कहा कि,''आज का दिन बहुत अहम है। भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाने वाली है। मैं लोगों से अनुरोध करूंगी कि जितना अधिक हो सके उतना मतदान कीजिए|



Gujarat Elections के पहले चरण के लिए मतदान शुरू

गुजरात विधानसभा की कुल 182 सीटों में से 89 सीटों पर बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे मतदान आरंभ हो गया| ये सीटें राज्य के 19 जिलों में फैली हुई हैं और इस चरण में कुल 788 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी हुई है|






tvlnews

TVL News (TheViralLines) के संवाददाता। यह रिपोर्ट स्थानीय स्रोतों और उपलब्ध आधिकारिक जानकारी की पुष्टि के बाद प्रकाशित की गई है। किसी तथ्य में सुधार के लिए संपर्क करें या +91 99996 56869 पर WhatsApp करें।

मुफ़्त अलर्ट

ऐसी हर खबर सबसे पहले पाएँ

बस्ती, गोंडा, अयोध्या, गोरखपुर और लखनऊ के अपडेट सीधे आपके WhatsApp पर।

इन्हें भी पढ़ें

टॉप न्यूज़ की सभी खबरें

इस खबर से जुड़े सवाल

यह खबर कब प्रकाशित हुई और आखिरी बार कब अपडेट की गई?

यह रिपोर्ट 1 दिसंबर 2022 को TVL News पर प्रकाशित हुई और 9 मई 2025 को अपडेट की गई। नई जानकारी मिलने पर खबर को अपडेट किया जाता है।

इस क्षेत्र की और खबरें कहाँ पढ़ें?

इस क्षेत्र की ताज़ा खबरें TVL News के ज़िला सेक्शन में पढ़ी जा सकती हैं। thevirallines.net पर बस्ती, गोंडा, अयोध्या, गोरखपुर और लखनऊ के अलग-अलग पेज हर दिन अपडेट होते हैं।

इस खबर में कोई तथ्य ग़लत लगे तो क्या करें?

TVL News हर सुधार को गंभीरता से लेता है। +91 99996 56869 पर WhatsApp करें या thevirallines@gmail.com पर लिखें — पुष्टि के बाद खबर तुरंत सुधारी जाती है।