गुरुग्राम: गुरुग्राम में बसई-धनकोट रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार की शाम रेलवे ट्रैक पर सेल्फी लेने के दौरान चार युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच में पता चला है कि चारों युवक ट्रैक पर सेल्फी लेने में व्यस्त थे, तभी ट्रेन की चपेट में आ गए।
यह घटना मंगलवार शाम करीब 5 बजे की है। ये युवक 12066 दिल्ली अजमेर जन शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। जन शताब्दी एक्सप्रेस गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से 4 बज कर 48 मिनट पर चली थी। मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस युवकों की पहचान करने में जुटी है।
बताया जा रहा है, मंगलवार शाम 4 युवक रेल लाइनों पर आकर अपने मोबाइल में फोटो खींचने लगे। जब ये मोबाइल में फोटो खींचने में व्यस्त थे तो अचानक पटरी पर अजमेर शताब्दी आ पहुंची। ट्रेन की रफ्तार बेहद तेज होने के कारण युवकों को संभलने का मौका नहीं मिल पाया और ट्रेन ने चारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद चारों शवों को कब्जे में ले लिया। देर शाम इनकी पहचान कर ली गई। बताया जा रहा है,''चारों उत्तराखंड व यूपी के रहने वाले थे और इनकी आयु 20 से 24 के बीच बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक,'' चारों युवक रेल की पटरियों के बीच में पहुंचकर फोटो क्लिक कर रहे थे। कभी ये पटरियों के साइड में पहुंच जाते तो कभी पटरियों पर बैठकर फोटो क्लिक करते। बताया जाता है कि हादसे के समय चारों रेल की पटरियों पर बैठे थे। एक युवक तीनों के फोटो खींच रहा था कि अचानक ट्रेन आ गई और इन्हें बचने का मौका नहीं मिला। जिस शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में ये लोग आए वह दिल्ली के सराय रोहिला से राजस्थान के अजमेर जा रही थी।