गुरुग्राम/ हल्द्वानी: हरियाणा के गुरुग्राम के भोंडसी थाना क्षेत्र में महिला ने पति के साथ अपने प्रेमी की हत्या कर जमीन में दफना दिया था। पुलिस ने पांच महीने पहले हुए हत्या के मामले का खुलासा किया है| मृतक शख्स (विनय मौर्य) उत्तराखंड के नैनीताल का रहने वाला है| सब्जी विक्रेता विनय मौर्य का शव भोंडसी के नजदीक शिव विहार कालोनी में मिला। विनय अप्रैल से ही लापता था।
उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी एक 30 वर्षीय सब्जी विक्रेता विनय मौर्य हत्या मामले में पुलिस ने प्रेमिका महिला व उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हल्द्वानी निवासी सब्जी विक्रेता विनय मौर्य की साढे़ पांच माह पहले प्रेमिका धनदेवी ने अपने पति के साथ मिलकर हत्या कर दी थी।
धनदेवी पति हरीशपाल के साथ भोंडसी के शिवविहार कॉलोनी में रहती थी। धनदेवी ने विनय को मिलने के लिए गुरुग्राम बुलाया था। इसी दौरान दोनों का किसी बात पर विवाद हो गया, जिसके बाद धनदेवी ने पति के साथ मिलकर उसकी हत्या कर शव प्लास्टिक के थैले में डालकर एक प्लॉट में दफना दिया था।
मृतक के छोटे भाई रुपचंद मौर्य ने हल्द्वानी पुलिस में संदिग्ध हालत में भाई के लापता होने का मामला दर्ज कराया था। विनय 14 अप्रैल को अपने भाई को यह बताकर गांव से निकला था कि वह गाजियाबाद जा रहा है। अगले दिन ही 15 अप्रैल को रूपचंद ने भाई को फोन किया तो एक महिला ने रिसीव किया| फोन डिस्कनेक्ट करने के बाद बंद हो गया । इसके बाद रूपचंद का अपने भाई से संपर्क नहीं हुआ।
जांच करती हुई उत्तराखंड की पुलिस शुक्रवार रात उनकी प्रेमिका के घर पहुंची। इससे मामले की गुत्थी सुलझ गई। प्रेमिका ने अपने पति के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। दोनों से पूछताछ में विनय मौर्य की हत्या करके शव को जमीन में दबाने की बात सामने आई। पहले उनके सिर पर लाठी से चोट मारी गई थी। फिर गला घोंट दिया गया था।
गुरुग्राम के भोंडसी SHO देवेंद्र मान ने कहा कि,''एक महिला और उसके पति ने महिला के प्रेमी की हत्या कर जमीन में दफना दिया। जांच में पता चला कि 5 महीने से व्यक्ति गायब है। पुलिस ने शव बरामद कर लिया है। विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज़ कर लिया गया है। आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी|