कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर ज़िले के घाटमपुर इलाके में उन्नाव से लौट रहे तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक ट्रैक्टर ट्राली के तालाब में पलट जाने से 26 लोगों की मौत हो गई। जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची। गांव वालों की मदद से पुलिस रेस्क्यू में जुटी है। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर करीब 50 लोग सवार थे। सभी श्रद्धालु उन्नाव के चंद्रिका देवी मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे।
मां चंद्रिका देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली भीतरगांव के भदेउना गांव के पास अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गई। जिससे ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार 26 से ज्यादा श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि हादसे में कई अन्य लोग घायल हो गए। मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
कानपुर आउटर के SP तेज स्वरूप सिंह ने बताया कि सभी लोग घाटमपुर के कोर्था गांव के रहने वाले हैं। घायलों को भीतरगांव सीएचसी में भर्ती कराया गया। गंभीर घायलों को कानपुर के हैलट हॉस्पिटल रेफर किया गया है।
कानपुर आउटर के SP तेज स्वरूप सिंह ने बताया कि,;हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्तकाल मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल भेजा। 26 लोगों की मौत हो गई है। लापरवाही बरतने के कारण थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। जांच जारी है, किसी और का दोष पाया जाएगा तो कार्रावाई की जाएगी|
डीएम कानपुर विशाख जी अय्यर ने बताया कि,अभी तक 26 लोगों की मृत्यु हुई है और अन्य घायल हो गए हैं। श्रद्धालु फतेहपुरा के चंडिका देवी मंदिर से लौट रहे थे। घायल लोगों को हैलेट अस्पताल भेजा गया है। जांच चल रही है। बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है| विशाख जी अय्यर ने बताया कि,'ये लोग दर्शन करके वापस आ रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर पलट गई, वहां पर जलभराव था जिसमें गिर कर डूबने से उनकी मृत्यु हो गई।रेस्क्यू का कार्य पूरा हो गया है|
जानकारी के अनुसार, कोरथा के रहने वाले राजू निषाद अपने बच्चे का मुंडन कराने रिश्तेदारों संग चंद्रिका देवी मंदिर गए थे। राजू ही ट्रैक्टर चला रहा था। दर्शन करके लौटते समय ट्राली साढ़ और गंभीरपुर गांव के बीच सड़क किनारे तालाब में पलट गई | हादसे में माता-पिता और जिस बच्चे का मुंडन था, उनकी भी मौत हो गई है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कानपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की।
कानपुर हादसे पर यूपी के मंत्री राकेश सचान ने बताया, "ये बहुत ही दुखद घटना है, प्रति परिवार को 4 लाख रुपए आर्थिक सहायता दी जाएगी और आवास की व्यवस्था भी की जाएगी। घटना में जिनकी लापरवाही रही उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।"
राष्ट्रपति मुर्मू ने ट्वीट कर शोक प्रकट किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट कर सड़क हादसे पर गहरा शोक प्रकट करते हुए लिखा कि, कानपुर में हुए सड़क हादसे में कई लोगों की मृत्यु के समाचार से बहुत व्यथित हूं। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
पीएम मोदी ने जताया दुख
पीएम मोदी ने कानपुर में हुए ट्रैक्टर ट्रॉली हादसे पर दुख जताते हुए लिखा- कानपुर में ट्रैक्टर-ट्राली दुर्घटना से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपनों को खोया है। घायलों के साथ मेरी प्रार्थनाएं जुड़ी हैं। स्थानीय प्रशासन प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।
सीएम ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने का ऐलान किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य युद्धस्तर पर कराने व घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है। CM ने कानपुर सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को ₹2-2 लाख एवं गम्भीर रूप से घायलों को ₹50-50 हजार की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
प्रियंका गांधी ने हादसे पर दुख जताया
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने जनपद कानपुर में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया,'' घाटमपुर, कानपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु का दुखद समाचार मिला। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि मृतकों के परिजनों को इस दुख की घड़ी में कष्ट सहने का साहस दें एवं घायल श्रद्धालुओं को जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
अमित शाह ने भी दुख जताया
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुःखद व हृदय को व्यथित करने वाला है| स्थानीय प्रशासन घायलों को उपचार देने में जुटा है| इस घटना में जिन लोगों ने अपनों को खोया है उनकी इस अपूरणीय क्षति पर संवेदना व्यक्त करता हूँ| ईश्वर उनके परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें|
दुःखद घटना : कांग्रेस
कांग्रेस ने ट्वीट किया,''कानपुर में हुए भीषण हादसे में 24 श्रद्धालुओं की असमय मृत्यु एक बहुत ही दुःखद घटना है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं उनके परिवारजनों को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति प्रदान करे।
समाजवादी पार्टी ने ट्वीट किया,'यूपी में लगातार ट्रैक्टर ट्रॉली से परिवहन चालू है और परिवहन विभाग बेखबर है तथा लगातार मासूमों की जानें जा रहीं भाजपा सरकार संज्ञान लेकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए मृतकों के प्रति शोक संवेदना सरकार प्रत्येक मृतक परिजनों को 50 लाख और घायलों को 5 लाख का मुआवजा दे तथा घायलों का इलाज हो!
योगीजी ! इस हृदयविदारक घटना और मृतकों के जिम्मेदार आपकी सरकार है : समाजवादी पार्टी
समाजवादी पार्टी ने कहा,''योगीजी ! इस हृदयविदारक घटना और मृतकों के जिम्मेदार आपकी सरकार है| परिवहन विभाग और पुलिसवाले मिलकर सिर्फ वसूली करते हैं और असुरक्षित परिवहन की अनदेखी करते हैं जिसकी वजह से ऐसी दर्दनाक और भीषण घटनाएं लगातार घटित हो रहीं घायलों का तुरंत इलाज हो और मृतकों तथा घायलों को मुआवजा मिले!
मंत्री दयाशंकर सिंह भी छापामार और वसूली मंत्री बनकर रह गए हैं
यूपी में परिवहन विभाग ओवरलोडिंग/अवैध परिचालन पर रोक नहीं लगा पा रहा मंत्री दयाशंकर सिंह भी छापामार और वसूली मंत्री बनकर रह गए हैं | समस्त विभागीय अधिकारी चेकिंग के नाम पर सिर्फ और सिर्फ वसूलीबाजी में व्यस्त हैं ...मासूम लगातार मर रहे ,यूपी में हालात बेहद शर्मनाक और भयावह हैं|
मृतक को 50 लाख और प्रत्येक घायल को 5 लाख मुआवजा...
समाजवादी पार्टी ने कहा,'योगी जी ! आपकी सरकार ने मृतकों को ऊंट के मुंह में जीरा जैसी मुआवजा धनराशि घोषित की है! कम से कम प्रत्येक मृतक को 50 लाख और प्रत्येक घायल को 5 लाख मुआवजा राशि मिलनी चाहिए तथा ये सुनिश्चित किया जाए कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो परिवहन विभाग और पुलिसिया वसूलीबाजी पर रोक लगे !