हल्द्वानी, नैनीताल: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वनभूलपुरा में हिंसा के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए हल्द्वानी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने हिंसा में घायल हुए पुलिसकर्मियों, पत्रकारों और अस्पताल में पीड़ितों से मुलाकात की। धामी ने कहा, "प्रशासन द्वारा न्यायालय के आदेश के क्रम में अतिक्रमण हटाने का काम चल रहा था... वहां पर सुनियोजित तरीके से प्रशासन के लोगों पर हमला हुआ... जान से भी मारने की कोशिश की गई... सख्ती से कार्रवाई की जाएगी... जिन्होंने ये गलत काम किया है उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।"
धामी ने कहा, "न्यायलय के आदेश पर अतिक्रमण हटाने का काम चल रहा था। अतिक्रमण हटाने के दौरान हमला हुआ है। कल हमारी महिलाकर्मियों को मारा पीटा गया है, पत्थरों और बंदुकों से उन पर हमला किया है। इसके बारे में जितना खराब कहा जाए वे कम है। उत्तराखंड देवभूमि है, यहां कभी ऐसा नहीं हुआ है, इन्होंने देवभूमि की हवा खराब करने का काम किया है... पत्रकारों के साथ मारपीट हुई है, बुरी तरह से उनके कैमरे तोड़े गए हैं। पत्रकारों को जिंदा आग में झोंकने तक का प्रयास किया गया है। कानून अपना काम करेगा। जिन लोगों ने भी सरकारी संपत्ति जलाई है उनपर कार्रवाई की जाएगी।"
डीजीपी अभिनव कुमार ने कहा, "मुख्य सचिव, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर के साथ मैंने यहां पर सबसे पहले बैठक की और उसके बाद हिंसा में घायल हुए लोगों से अस्पताल में मुलाकात की। फिर हमने घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया।.. जिला प्रशासन से मिले फीडबैक के बाद हमारी दो प्राथमिकताएं हैं- 24 घंटे के भीतर हल्द्वानी शहर में सामान्य स्थिति बहाल करना और दूसरा- सभी उपद्रवियों की पहचान करना और उनके खिलाफ कार्रवाई करना है...''
उत्तराखंड की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा, "हमने यहां बैठक की और स्थिति का पूरा निरीक्षण किया।सरकार का भी यही विचार है कि शांति व्यवस्था बहाल की जाएगी, जो देश का कानून है वो लागू किया जाएगा।....जल्द से जल्द हल्द्वानी में स्थिति सामान्य की जाएगी। मेरा सभी नागरिकों से अपील है कि वह कोई भी अफवाह न फैलाएं और शांति बनाए रखें।"
हल्द्वानी हिंसा पर RJD सांसद मनोज झा ने कहा, "इस देश का सामाजिक ताना बाना टूट रहा है...मैं केंद्र और उत्तराखंड की सरकार से पूछना चाहता हूं कि आप किसी प्रकार के देश का निर्माण कर रहे हैं क्या ये अमृतकाल है? या विष काल बना रहे..."
हल्द्वानी हिंसा पर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "ये चिंताजनक है लेकिन उत्तराखंड सरकार और वहां की पुलिस प्रशासन स्थिति को संभाल लेगा और जो दोषी होंगे उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।....."
हल्द्वानी हिंसा पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "भाजपा सरकार और प्रशासन की विफलता से भड़की हिंसा ! हल्द्वानी में जनता के साथ अन्याय कर रही सरकार, हिंसा में हुई लोगों की मृत्यु, हृदयविदारक। मृतकों की आत्मा को शांति दे भगवान। हिंसा को जल्द से जल्द काबू करें सरकार, पीड़ितों को मिल??? मुआवजा।
हल्द्वानी हिंसा में 4 लोगों की मौत, 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल
हलद्वानी हिंसा | हलद्वानी के बनभूलपुरा में हिंसा के बाद इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। घटना में अब तक 4 लोगों की मौत हो गई है और 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। प्रशासन ने सभी स्कूल-कॉलेजों को भी बंद करने का आदेश दिया है| हल्द्वानी के बनभूलपुरा में हिंसा के बाद पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी किया गया है