हरदा: मध्य प्रदेश के हरदा में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया। इस घटना में 11 लोगों की मृत्यु हो गई और करीब 90 लोग घायल हुए हैं। हालांकि, CMHO (मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी) डॉ. एचपी सिंह ने 9 लोगों के मौत की पुष्टि की है। आज सुबह फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ था। धमाके की वजह से आसपास के घर प्रभावित हुए हैं। इस घटना में 11 लोगों की मृत्यु हो गई और 87 लोग घायल हुए हैं। कई घायलों की स्थिति गंभीर है। हादसे में मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है। रेस्क्यू ऑपरेशन में सेना की मदद ली जा रही है।
हरदा में पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंच गई हैं, कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।
हरदा पटाखा फैक्ट्री में लगी आग पर मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा, ''..यह एक दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है...घटना की जांच की जाएगी और दोषियों को सजा मिलेगी...''
हरदा में पटाखा फैक्ट्री में लगी आग पर मध्य प्रदेश के मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा, "अभी 8 लोगों की मृत्यु की पुष्टी हुई है...रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, SDRF की टीम मौके पर है...हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता दुर्घटना में प्रभावित लोगों की आवश्यक मदद करना है...दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा..."
हरदा के कलेक्टर ऋषि गर्ग ने कहा, "आज सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ। बचाव अभियान जारी है| घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और गंभीर रूप से घायल मरीजों को भोपाल और इंदौर स्थानांतरित किया जा रहा है।"
देवास के कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा, "आज हरदा जिले में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है...देवास जिले से 6 डॉक्टरों की टीम और 10 एंबुलेंस हरदा के लिए रवाना हुई हैं...आग पर काबू पाने के लिए दमकल की गाड़ियां भी भेजी जी रही हैं...SDRF की टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है..."
हरदा में हुए हादसे पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "हरदा में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है... मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तत्परतापूर्वक कार्रवाई की है। राहत के लिए हर संभव उपाय किए जा रहे हैं। घायलों का भी ठीक से इलाज हो इसकी व्यवस्था की गई है, CM लगातार मॉनिटरिंग के काम में लगे हैं।"
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्वीट किया,'' मध्य प्रदेश के हरदा में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट होने से कई लोगों की मृत्यु की ख़बर बहुत ही पीड़ादायक है।100 से ज्यादा लोग घायल हैं। मृतकों के परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएँ। ईश्वर उनको इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करे। आस-पास के घरों में आग लगने से जान-माल का नुक्सान हुआ है, उसके लिए राज्य सरकार को उचित मुआवज़ा प्रदान करने की हम माँग करते हैं। कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं से अनुरोध है कि वो घायलों के उपचार व मदद के लिए हर संभव कदम उठाएँ।''
हरदा हादसे पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा, "हरदा में एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से आसपास के घरों में आग लगने और कई लोगों के हताहत होने का पीड़ादायक समाचार सामने आ रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि राहत बचाव कर्मियों को शीघ्र सफलता मिले।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा,मध्यप्रदेश के हरदा में एक हृदय विदारक घटना में अवैध फटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की वजह से फैक्ट्री के मजदूरों सहित पास के अनगिनत रहवासी मौत के मुंह में समा गए हैं। राज्य शासन सभी का सहयोग ले कर अधिक से अधिक पीड़ित परिवारों को मदद करें। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं व घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
कांग्रेस ने ट्वीट किया,''मध्य प्रदेश के हरदा की एक पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में कई लोगों की मृत्यु की खबर बेहद दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्माओं को शांति दें और उनके परिजनों को यह असहनीय पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें। हम घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं। इस दुःख की घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार आपके साथ खड़ा है।