हरिद्वार: हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्रान्तर्गत फुलगढ़ में शराब पीने से 7 लोगों की मौत हो गई| पिछले दो दिनों में दो लोगों की मौत हो गई| हालांकि पुलिस ने 4 लोगों की मौत की पुष्टी की है| वहीं दर्जन भर लोग बीमार बताए जा रहे हैं| वहीं घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी बीमार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया|
बताया जा रहा है कि पंचायत चुनाव के लिए लाई गई कच्ची शराब लोगों में बांटी गई थी| शुक्रवार से ही पीने से कई लोगों की तबियत खराब हो गई| जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया| शुक्रवार की रात से शनिवार की सुबह तक पांच लोग दम तोड़ चुके हैं, इससे पहले शुक्रवार दिन में दो लोगों की मौत हुई थी।
मृतकों में बिरम सिंह (55 ) पुत्र बलजीत निवासी फूलगढ, राजू ( 45) पुत्र सेवाराम निवासी फूलगढ, अमरपाल (36) पुत्र गोपाल निवासी फूलगढ, अरुण (28) पुत्र चंद्रभान निवासी फूलगढ, मनोज (32) निवासी शिवगढ़ , तेजपाल (62) पुत्र राम सिंह निवासी फूलगढ, इश्मपाल (35) पुत्र राजेन्द्र निवासी शिवगढ़ शामिल है|
SSP योगेंद्र रावत ने कहा,'फुलगढ़ में 4 लोगों की संदिग्ध मौत की सूचना मिली। जिसमें सामने आया है कि मौत शराब पीने से हुई है। मौत का कारण ज्यादा शराब पीना है या शराब में मिलावट है, इसकी पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है|
उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हरिद्वार के पथरी क्षेत्र में शराब के सेवन से कुछ व्यक्तियों की मृत्यु पर आबकारी निरीक्षक सहित आबकारी विभाग के 9 कार्मिकों को निलम्बित किया गया है। CM ने कहा है कि इस घटना में दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी|