हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में हर की पौड़ी में हुक्का पार्टी करने के आरोप में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ़्तार किया। दरअसल,''हरियाणा और मुजफ्फरनगर के छह युवकों को हरकी पैड़ी स्थित मालवीय घाट पर हुक्का गुड़गुड़ाना महंगा पड़ा। युवकों के हुक्का पीने और हुड़दंग मचाने से नाराज स्थानीय लोगों ने युवकों को पिटाई कर दी।
SP सिटी हरिद्वार ने बताया, "यह कल की घटना है। हुक्का पार्टी में 6 पर्यटकों को गिरफ़्तार किया गया। आरोपियों के ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज़ कर क़ानूनी कार्रवाई की जा रही है।"
बुधवार की रात हर की पौड़ी के मालवीय घाट पर हरियाणा और मुजफ्फरनगर के युवक हुक्का पीते हुए हुड़दंग मचा रहे थे। उस समय घाट पर लोगों की भीड़ भी थी। जब लोगों ने हुड़दंग का विरोध किया तो युवक लोगों से अभद्रता करने लगे। फिर इसी बीच कुछ स्थानीय लोगों ने युवकों को दौड़ा कर पीटा। फिर लोगों ने उनका हुक्का छीनकर तोड़ दिया। इससे वहां पर माहौल गर्म हो गया और अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस ने हुड़दंग मचाने वाले 6 युवकों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में युवकों ने अपने नाम मोहन, दीपक, सुमित निवासी लडरावन थाना बहादुरगढ़ झज्जर, रविंद्र निवासी गांव बैडी भैरो थाना मेहम, रोहतक, नितेश और नितिन निवासी गांव दूधली चरथावल मुजफ्फरनगर बताया। उनके खिलाफ आपदा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मायापुर चौकी इंचार्ज संजीत कंडारी ने भी बुधवार देर रात 11 बजे जब ऋषिकुल स्थित घाट पर हुक्का पीने के आरोप में सोनू और मनोज निवासी समसपुर खालसा, थाना जफरपुर दिल्ली और कोकी निवासी गडमारकपुर जिला सोनीपत को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ भी आपदा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।