हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में कल शनिवार देर शाम हनुमान जयंती जुलूस के दौरान पथराव हुआ| इसमें चौकी प्रभारी समेत 10 से अधिक व्यक्ति घायल हो गए। गांव में अभी भी भारी पुलिस बल तैनात है। हनुमान जन्मोत्सव पर हरिद्वार के भगवानपुर में शोभायात्रा पर पथराव के बाद दो समुदायों के आमने-सामने आ जाने से अफरातफरी फैल गई। बवाल शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे तक चला। पुलिस के समझाने बुझाने और शरारती तत्वों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद शोभा यात्रा पूरी हुई|
बताया जा रहा है कि उपद्रवियों ने चार वाहनों में आग लगा दी और दूध के वाहन में तोडफ़ोड़ की। फिलहाल क्षेत्र में शांति है। पुलिस घटना के पीछे साजिश की आशंका भी जता रही है।
SSP योगेन्द्र सिंह ने बताया कि,''भगवानपुर थाना क्षेत्र में कल देर शाम हनुमान जयंती जुलूस के दौरान कुछ लोगों के द्वारा पथराव किया गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। मामले में FIR दर्ज़ कर अपराधियों की गिरफ़्तारी जारी है| कुछ अपराधी गिरफ़्तार कर लिए गए हैं। लोगों से अपील हैं की वे सौहार्द और भाईचारा बनाए रखें|
एसपी देहात परमेंद्र डोबाल ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने शोभा यात्रा पर पथराव करने के मामले में करीब 14 नामजद समेत 150 से 200 आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इनकी गिरफ्तारी भी की जाएगी। वहीं 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटना शनिवार देर शाम की है। जिसमें रुड़की के पास भगवानपुर थाने के अंतर्गत डाडा पट्टी गांव से बजरंग दल के कार्यकर्ता ग्रामीणों के साथ शोभायात्रा निकाल रहे थे यात्रा में शामिल कुछ व्यक्तियों ने आतिशबाजी की। इस बीच पथराव शुरू हो गया और भगदड़ मच गई। पथराव में 10 व्यक्तियों समेत शोभायात्रा के साथ चल रहे मंडावर चौकी प्रभारी आशीष नेगी घायल हो गए। वाहनों को आग लगाने के साथ तोडफ़ोड़ भी की गई। आसपास के थानों से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति पर नियंत्रण पाया।