हरियाणा हिंसा: हरियाणा के नूंह में हुई हिंसा के बाद राज्य के नौ जिले गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, झज्जर, यमुनानगर, सोनीपत, पानीपत और जींद संवेदनशील घोषित कर दिए गए हैं। नूंह में सोमवार को हुई हिंसा के बाद अभी भी वहां तनाव की स्थिति बनी हुई है। इस तनाव का असर आसपास के जिलों में देखने को मिल रहा है। जिलों में धारा 144 लागू कर दी गई है और मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं। नूंह में 31 जुलाई को दो समूहों के बीच झड़प के बाद पुलिस बल तैनात किया गया है।
नूंह के अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल जिलों के कुछ इलाकों में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। यमुनानगर और जींद सहित कुछ जगहों पर मंगलवार को छिटपुट घटनाएं सामने आई हैं। हिंसा की वजह से अभी तक दो पुलिसकर्मियों सहित 6 लोगों की मौत हो चुकी है। नूंह के बाद गुरुग्राम समेत रेवाड़ी, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत और महेंद्रगढ़ समेत नौ जिलों में से अधिकतर में धारा 144 लागू कर दी गई है।हिंसा की हालिया घटनाओं के बाद गुरुग्राम जिले के बादशाहपुर में रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों ने फ्लैग मार्च किया।
उधर,हरियाणा के नूंह में हाल ही में हुई हिंसक झड़पों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के आह्वान के बाद बजरंग दल के सदस्यों ने आज बुधवार (02 अगस्त 2013) को दिल्ली निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन पर प्रदर्शन किया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के घोंडा चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह पुलिस ने बैरिकेडिंग की है।
अब तक 41 FIR दर्ज़, 116 गिरफ्तार
हरियाणा DGP पी. के. अग्रवाल ने कहा,'कल से नूंह शहर में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। अब तक 41 FIR दर्ज़ हुई हैं और 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिन्हें न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड ली जाएगी। पूछताछ में जिन लोगों का नाम आएगा उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी|
दोषियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी: DGP
DGP पी. के. अग्रवाल ने कहा,'हमने 116 लोगों के अतिरिक्त 90 लोगों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ चल रही है। संलिप्तता पाए जाने पर उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी। सोहना और बादशाहपुर में कुछ आगजनी की घटना हुई है जिसमें सख्त कार्रवाई की जा रही है। दोषियों की पहचान हुई है| केंद्र की तरफ से पैरामिलिट्री की 20 कंपनी आई हैं जिसमें से 14 कंपनी को नूंह में तैनात किया है और करीब 28 कंपनी राज्य पुलिस की हैं जिनको अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया है|
पैरामिलिट्री की 14 और हरियाणा पुलिस की 20 कंपनी नूंह में तैनात
नूंह के डिप्टी कमिश्नर प्रशांत पवार ने कहा, ‘‘हम स्थिति की समीक्षा करेंगे और फिर क्षेत्र में स्कूलों और कॉलेजों को फिर से खोलने पर फैसला करेंगे। क्षेत्र में स्थिति की समीक्षा के बाद इंटरनेट सुविधा भी फिर से शुरू की जाएगी। अर्धसैनिक बल के 14 बल और लगभग हरियाणा पुलिस की 20 कंपनियां यहां तैनात हैं। आज हम उन सभी इलाकों में दोपहर 3-5 बजे के बीच छूट देंगे जहां कर्फ्यू लगा हुआ है। हम इस छूट के समय की समीक्षा करेंगे|
नूंह के SP वरुण सिंगला ने कहा, ‘‘अब तक कुल 41 एफआईआर दर्ज की गई हैं और जांच के आधार पर 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हम आरोपियों की पुलिस रिमांड के लिए आवेदन करेंगे, मामले की उचित जांच के लिए प्रक्रिया जारी है'
गुरुग्राम में यातायात की आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं
गुरुग्राम के ACP (क्राइम) वरुण दहिया ने आज बुधवार (02 अगस्त 2013) को कहा,''सभी स्कूल, कॉलेज और कार्यस्थल सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। यातायात की आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं है। इंटरनेट भी चालू है। मैं सभी से अपील करता हूं कि सोशल मीडिया पर अफवाहों पर ध्यान न दें। अगर कोई कुछ जानकारी देना चाहता है तो वह हेल्पलाइन नंबर '112' पर संपर्क कर सकता है|
गुरुग्राम में पिछले दो दिनों में 15 FIR दर्ज, 8 गिरफ्तार
वरुण दहिया ने कहा,'पिछले दो दिनों में 15 FIR दर्ज की गई हैं। 31 जुलाई को हुई घटना के बाद ऐसी घटनाओं में काफी कमी आई है। हम हॉटस्पॉट और संवेदनशील इलाकों पर कड़ी नजर रख रहे हैं... अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 30 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। गुरुग्राम के सेक्टर 57 स्थित अंजुमन मस्जिद में भीड़ ने इकट्ठा होकर इस घटना को अंजाम दिया जिसमें 2 लोग घायल हुए थे और एक की मौके पर ही मौत हो गई, दूसरे व्यक्ति की हालत स्थिर है|
गुरुग्राम के ACP (मुख्यालय) मनोज कुमार ने कहा,'स्थिति सामान्य है और हम बादशाहपुर में सामान्य स्थिति बनाए रखने की दिशा में काम कर रहे हैं। बीती रात आगजनी की तीन अलग-अलग घटनाओं की सूचना के आधार पर तीन मुकदमे दर्ज़ किए गए हैं|
शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की घटना को आगे न बढ़ने दें: खट्टर की लोगों से अपील
नूंह हिंसा पर हरियाणा के सीएम एमएल खट्टर ने कहा,'नूंह घटना में अभी तक की जानकारी में 6 लोगों की मृत्यु हुई जिसमें से 2 होमगार्ड और 4 आम नागरिक हैं। राज्य पुलिस की 30 कंपनी और केंद्रीय सुरक्षा बल की 20 कंपनी तैनात हैं। केंद्रीय सुरक्षा बल की 20 कंपनी में से हमने 3 पलवल, 2 गुरुग्राम, 1 फरिदाबाद और 14 कंपनी नूंह में तैनात की हैं। अभी तक 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनकी आज रिमांड ली जाएगी। मेरी जनता से अपील है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की घटना को आगे न बढ़ने दें|
जो भी हिंसा में शामिल है... उसे बख्शा नहीं जाएगा, कार्रवाई की जाएगी: खट्टर
मनोहर लाल खट्टर ने कहा,राज्य में कोई भी गैरकानूनी गतिविधि न हो इसके लिए 20 अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। 6 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 2 पुलिस कर्मी और 4 नागरिक हैं। 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 90 अन्य को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ के बाद कार्रवाई की जाएगी। जो भी इसमें शामिल है उसे बख्शा नहीं जाएगा और कार्रवाई की जाएगी। नूंह में इंडियन रिजर्व बटालियन भी तैनात की जाएगी.
संपत्तियों के नुकसान का आकलन करने के लिए योजना शुरू की जाएगी: खट्टर
सीएम एमएल खट्टर ने कहा, हमने एक अधिनियम पारित किया है जिसमें यह प्रावधान है कि किसी भी नुकसान के लिए, सरकार सार्वजनिक संपत्ति को हुए नुकसान के लिए मुआवजा जारी करती है लेकिन जहां तक निजी संपत्ति का सवाल है, जिन लोगों ने नुकसान पहुंचाया है वे इसकी भरपाई के लिए उत्तरदायी हैं। इसलिए, हम सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान के लिए प्रावधान करेंगे और निजी संपत्ति के लिए हम कहेंगे कि उन लोगों से मुआवजा वसूला जाए जो इसके लिए उत्तरदायी हैं. नूंह में लोगों की संपत्तियों के नुकसान का आकलन करने के लिए एक योजना शुरू की जाएगी.
मोनू मानेसर के खिलाफ राजस्थान सरकार करें कार्रवाई, हरियाणा सरकार करेगी मदद: खट्टर
खट्टर ने कहा,'राजस्थान सरकार ने बजरंग दल के मोनू मानेसर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। हमने उनसे कहा है कि उसकी तलाश के लिए जो भी मदद की जरूरत होगी वह हम मुहैया कराएंगे.
'नूंह में स्थिति नियंत्रण में है: विज
नूंह हिंसा पर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा,'नूंह में स्थिति नियंत्रण में है...करीब 41 FIR दर्ज की गई हैं। अब तक 116 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जिस तरह से पत्थर, हथियार और गोलियां मिली हैं, उससे लगता है कि इसके पीछे कोई मास्टरमाइंड है। हम विस्तृत जांच करेंगे और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे|
जब तक शांति बहाली नहीं हो जाती, तब तक बसों को रोका गया है: परिवहन मंत्री
नूंह घटना पर हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा,'जो भी लोग इसमें शामिल हैं हम उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई करेंगे। हरियाणा परिवहन की बसों को कोई नुकसान नहीं हुआ लेकिन निजी वाहनों को नुकसान हुआ है। जब तक शांति बहाली नहीं हो जाती तब तक नूंह और उसके आस-पास बसों को रोका गया है.
दुर्भाग्यपूर्ण घटना: नूंह हिंसा पर कृष्णपाल गुर्जर
केंद्रीय मंत्री और फरीदाबाद के सांसद कृष्णपाल गुर्जर ने कहा,'यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है... स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और हमने उपद्रवियों को संदेश भेज दिया है कि जो भी कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी... हर साल शांतिपूर्वक ढंग से शोभा यात्रा होती है और ऐसी कोई घटना पहले नहीं हुई है, यह पहली बार है कि यात्रा पर हमला किया गया है|
नूंह में जो घटना घटी है वह बड़ी प्रशासनिक विफलता: हुड्डा
हरियाणा के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा,''नूंह में जो घटना घटी है वह बड़ी प्रशासनिक विफलता है। अगर सरकार समय पर सतर्कता लेती, पुलिस प्रशासन तैनात किया जाता तो यह घटना टाली जा सतकी थी। जो उपमुख्यमंत्री (दुष्यन्त चौटाला) और केंद्रीय MoS मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का बयानों में भी प्रशासनिक विफलता की बात है|
नूंह हिंसा पर कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा,जब गुरुग्राम, नूंह, सोहना में ये हिंसक झड़पें हुईं तो सरकार क्या कर रही थी, क्यो वो सो रहे थे?|
'नूंह' में जो कुछ हुआ वह दिल दहला देने वाला:फारूक अब्दुल्ला
नूंह घटना पर नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा,'नूंह में जो कुछ हुआ वह दिल दहला देने वाला है। धर्म को लेकर लड़ना भारत के लिए अच्छा नहीं है। भारत सबका देश है और यहां हर धर्म को आगे बढ़ने का अधिकार है|
हरियाणा में भी क़ानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त: मायावती
बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने कहा,'हरियाणा में संप्रदायिक दंगों का भड़कना और इसका गुरुग्राम और अन्य क्षेत्रों में बिना रोक-टोक फैलना साबित करता है कि मणिपुर के तरह ही हरियाणा राज्य में भी क़ानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है और वहां की सरकार का खुफिया तंत्र भी निष्क्रिय है... अगर राज्य सरकार प्रस्तावित यात्रा, जुलूस को सुरक्षा नहीं दे सकती तो वे ऐसे आयोजनों को अनुमति क्यों देती हैं?|
भाजपा का एकमात्र एजेंडा लोकतंत्र को खत्म करना:महबूबा मुफ्ती
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा,''सुप्रीम कोर्ट आज मणिपुर और हरियाणा की याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है। सुप्रीम कोर्ट ही एकमात्र उम्मीद है। सुप्रीम कोर्ट को यह देखना होगा कि यह देश संविधान के मुताबिक चलेगा या पार्टी के एजेंडे के मुताबिक चलेगा। भाजपा का एकमात्र एजेंडा लोकतंत्र को खत्म करना है। अगर SC इस देश को बचाना चाहता है, तो उन्हें संविधान की रक्षा करनी होगी.