नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश आम आदमी पार्टी में मची भगदड़ के बीच प्रदेश की आम आदमी पार्टी (आप) की राज्य कार्यसमिति भंग कर दी गई है। नई प्रदेश कार्यसमिति का जल्द होगा पुनर्गठन| दरअसल, आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के बाद महिला मोर्चा अध्यक्ष ममता ठाकुर के साथ कुछ नेताओं ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर तथा राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह की मौजूदगी सोमवार को बीजेपी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली|
इसके बाद, आम आदमी पार्टीके नेता और दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने ट्वीट कर जानकारी दी कि हिमाचल प्रदेश राज्य कार्यकारी समिति को भंग कर दिया गया है| जल्द ही नई कार्यसमिति का ऐलान किया जाएगा|
गौर हो कि,''आम आदमी पार्टी की हिमाचल प्रदेश की महिला मोर्चा की अध्यक्ष ममता ठाकुर, उपाध्यक्ष संगिता, सोनिया बिंदल और अन्य लोगों ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय मंत्री मिनाक्षी लेखी और अन्य भाजपा नेताओं की अध्यक्षता में भाजपा में शामिल हुए। हाल ही मे आम आदमी पार्टी को छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए अनूप केसरी भी उपस्थित रहे|
अनुराग ठाकुर ने कहा,''आम आदमी पार्टी की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ममता ठाकुर, उपाध्यक्ष सोनिया बिंदल व संगीता, उद्योग विंग के प्रदेश अध्यक्ष डी॰के॰ त्यागी व प्रदेश उपाध्यक्ष सोशल मीडिया आशीष कुमार जी का भारतीय जनता पार्टी में स्वागत है-अभिनंदन है।
केजरीवाल ने सोचा था कि हिमाचल में सरकार बनाएंगे, अब संगठन बचाना मुश्किल हो गया: अनुराग
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी पर निशाना भी साधा| उन्होंने कहा- केजरीवाल ने सोचा था कि हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाएंगे, आप को अब संगठन बचाना मुश्किल हो गया है| उन्होंने कहा,''आम आदमी पार्टी तिलमिला कर, बौखला कर अपने जिस पूर्व अध्यक्ष पर घृणित टिप्पणी कर रही थी आज उसी पार्टी की महिला विंग का साथ आना दिखाता है कि आम आदमी पार्टी झूठ प्रचारित कर रही थी। केजरीवाल जी, आपको देवभूमि में चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार भी दूरबीन लेकर ढूँढने पड़ जाएँगे।
इससे पहले 09 अप्रैल, 2022 को हिमाचल प्रदेश में आप के प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी और संगठन महामंत्री सतीश ठाकुर बीजेपी में शामिल हो गए थे| ऊना के पार्टी इकाई के अध्यक्ष इक़बाल सिंह भी बीजेपी में शामिल हो गए थे| केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर इन तीनों नेताओं को लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के घर पहुंचे थे और इन्हें पार्टी में शामिल कराया गया| हालांकि आम आदमी पार्टी ने दावा किया कि अनूप केसरी के खिलाफ महिला पर अमर्यादित टिप्पणी करने की शिकायत आई थी, उन्हें पार्टी से निकाला गया था|
पिछले हफ्ते दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने हिमाचल में रोड शो कर अपनी ताकत दिखाई थी| मनीष सिसोदिया ने दावा किया था कि बीजेपी सीएम जयराम ठाकुर को हटा कर अनुराग ठाकुर को सीएम बनाना चाहती है, जिसका बीजेपी ने खंडन किया. हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में गुजरात के साथ विधानसभा चुनाव होने हैं| आप के प्रदेश अध्यक्ष का बीजेपी में शामिल होना आप के लिए एक बड़ा झटका माना गया था|