इस्लामाबाद: शहबाज शरीफ पाकिस्तान के 23वें प्रधानमंत्री बन गए हैं। शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली| सीनेट के चेयरमैन ने दिलाई शपथ। शहबाज शरीफ के भाई नवाज शरीफ तीन बार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रह चुके हैं| शहबाज शरीफ पाकिस्तान के सबसे ज्यादा आबादी वाले और राजनीतिक रूप से अहम पंजाब प्रांत के तीन बार मुख्यमंत्री रहे हैं|
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को ट्वीट कर बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट किया- भारत आतंक मुक्त क्षेत्र में शांति और स्थिरता चाहता है, ताकि हम अपनी विकास चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित कर सकें और अपने लोगों की भलाई और समृद्धि सुनिश्चित कर सकें।
इमरान सरकार गिरने के बाद चुना गया पीएम
पाकिस्तान की संसद ने सोमवार को शहबाज शरीफ को निर्विरोध देश का 23वां प्रधानमंत्री चुन लिया और इमरान खान के खिलाफ आठ मार्च को लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के बाद से देश में बनी अनिश्चितता की स्थिति समाप्त हो गई| पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने अपनी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए इंसाफ के संसद में मतदान में भाग नहीं लेने और वॉकआउट करने की घोषणा की थी, जिसके बाद शहबाज प्रधानमंत्री पद की दौड़ में अकेले उम्मीदवार रह गए थे|
स्पीकर अयाज सादिक ने पीएम पद पर चयन के लिए सत्र की अध्यक्षता की और नतीजों की घोषणा की| शहबाज शरीफ को 174 वोट मिले हैं और उन्हें पाकिस्तान इस्लामी गणराज्य का प्रधानमंत्री घोषित कर दिया गया| 342 सदस्यीय सदन में जीत के लिए कम से कम 172 सदस्यों के समर्थन की जरूरत थी|