नई दिल्ली: भारत सरकार ने AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी की सुरक्षा की समीक्षा की और उन्हें तत्काल प्रभाव से सीआरपीएफ की जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। उत्तर प्रदेश के मेरठ में असदुद्दीन ओवैसी के काफिले पर फायरिंग के बाद केंद्र सरकार ने एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी को केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कमांडो द्वारा ‘जेड' श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराने का फैसला किया है|
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ओवैसी की सुरक्षा के लिए 24 घंटे सीआरपीएफ कमांडो तैनात रहेंगे|AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी को जेड कैटेगरी सिक्योरिटी में 22 सुरक्षा जवान मिलेंगे| जो हर दिन 24 घंटे उनके साथ रहेंगे|
गुरुवार को AIMIM प्रमुख ओवैसी के काफिले पर छिजारसी टोल प्लाजा पर गोलीबारी हुई थी| AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा था,'' जब वे किथौर, मेरठ (उ.प्र.) में चुनाव प्रचार के बाद दिल्ली जा रहे थे तब छिजारसी टोल प्लाजा के पास उनकी गाड़ी पर गोलियां चलाई गईं। छिजारसी टोल प्लाजा के पास 2 लोगों ने मेरी गाड़ी पर 3-4 राउंड गोलियां चलाईं; वे कुल 3-4 लोग थे। मेरी गाड़ी के टायर पंक्चर हो गए, मैं दूसरी गाड़ी में वहां से निकला|
असदुद्दीन ओवैसी के गाड़ी पर हुए हमले पर ADG (क़ानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने कहा,''विस्तृत पूछताछ और CCTV फुटेज से इस घटना में दो लोगों के शामिल होने का पता चला। दोनों व्यक्तियों को पुलिस ने कुछ घंटे के अंदर ही गिरफ़्तार कर लिया, घटना में इस्तेमाल हथियार और एक कार बरामद की गई है| पूछताछ के हिसाब से ये लड़के सांसद जी के एक धर्म विशेष के प्रति भाषण देने की शैली से आहत थे और उन्होंने बताया है कि उन्होंने इसी वजह से इस घटना को किया। समुचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा चुका है|
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामले का आरोपी सचिन नोएडा के बादलपुर का रहने वाला है| सचिन का कहना है उसने एलएलएम किया हुआ है|अब तक की जांच में पता लगा है कि इस पर पहले भी एक 307 का मुकदमा है| एलएलएम के आरोपी के दावे को वेरिफाई किया जा रहा है| दूसरा आरोपी शुभम सहारनपुर का रहने वाला है और दसवीं पास है| शुभम खेती करता है और उसका अब तक कोई क्रिमिनल बैकग्राउंड नहीं निकला है| सहारनपुर पुलिस से क्रॉस चैक किया गया है|