नई दिल्ली: हिंसाग्रस्त जहांगीरपुरी में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद चल रहे बुलडोज़र आखिरकार थम गए| सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद दो घंटों तक बुलडोजर चला| हालांकि, अब दिल्ली नगर निगम ने तोड़फोड़ की कार्रवाई बन्द कर दी| कल यानि गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट इस मामले की सुनवाई करेगा| विपक्षी नेताओं ने जहांगीरपुरी विध्वंस अभियान पर विरोध जताया है| समाजवादी पार्टी ने भी भाजपा पर हमला बोला है|
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा ,''बुलडोज़र को लेकर देशभर में आक्रोश पैदा हो रहा है। भाजपाई ग़ैरक़ानूनी तरीक़े से अपने विरोधियों के निर्माण को अवैध घोषित कर बुलडोज़र चलवा रहे हैं। ,''अब जनता भाजपाइयों के घरों, कार्यालयों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों के निर्माण की वैधता की जाँच का आंदोलन छेड़ेगी और सच सबके सामने लाएगी।
समाजवादी पार्टी ने कहा ,''लोकतंत्र में नफरत की सीढ़ी से सत्ता के शिखर पर पहुंचने वाली भाजपा "आइडिया ऑफ इंडिया" को कुचल रही है। भाजपाई मॉडल का ये "न्यू इंडिया" सर्व धर्म समभाव की भारतीय संस्कृति को बुलडोज कर रहा है। देश भर में वैमनस्यता फैला रही है भाजपा सरकार।
समाजवादी पार्टी ने कहा ,'संविधान और सर्वोच्च न्यायालय की भावना के विरुद्ध दिल्ली के जहांगीरपुरी में चलाया गया बुलडोजर गंगा जमुनी तहजीब,अमन, सद्भावना और गरीब की रोटी छीनने का एक और भाजपाई प्रयास है। मानवाधिकार को कुचलने वाला ये संदेश विश्व पटल पर भारत की सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक विरासत को धूमिल करेगा।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली और मध्य प्रदेश के हिंसा प्रभावित इलाकों में बुलडोजर चलाए जाने को लेकर बुधवार को सरकार पर निशाना साधा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि ‘नफरत के बुलडोजर' को रोका जाए और ऊर्जा संयंत्रों को शुरू किया जाए|
आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी ने भी सरकार पर जोरदार हमला बोला है| उन्होंने कहा है कि देश भर में दंगे हो रहे हैं| जगह-जगह गुंडई और लफ़ंगई हो रही है| ये सभी दंगे भाजपा करवा रही है| हम गारंटी देते हैं, भाजपा हेडक्वार्टर पर बुलडोज़र चला दो, पूरे देश के दंगे रुक जाएंगे|
हिंसा के बाद सामान्य होते हालात के बीच आज उत्तरी दिल्ली नगर निगम (NDMC) की तरफ से जहांगीरपुरी में अतिक्रमण हटाओ अभियान दो दिनों तक चलाया जाने वाला था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस पर रोक लगा दी| हालांकि निगम की तरफ से कुछ हिस्सों में कार्रवाई की शुरुआत कर दी गयी थी| गुरुवार तक कोर्ट ने यथास्थिति बरकरार रखने के आदेश दिए हैं| कल यानि गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट इस मामले की सुनवाई करेगा| बता दें कि बुलडोजर पर ब्रेक लगाने की मांग वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट से जल्द सुनवाई की मांग की गई है| CJI एन वी रमना से मामले पर सुनवाई का आग्रह किया गया है| दुष्यंत दवे ने CJI को जहांगीरपुरी में बुलडोजर चलाने पर रोक लगाने की मांग की है|