नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत नई दिल्ली में नेशनल हेराल्ड (नेशनल हेराल्ड समाचार पत्र) बिल्डिंग स्थित यंग इंडिया लिमिटेड के कार्यालय को सील कर दिया। ईडी ने निर्देश दिया है कि एजेंसी की पूर्व अनुमति के बिना परिसर नहीं खोला जाए। इसके साथ ही पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर की रोड पर भारी सुरक्षा इंतजाम किए हैं
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) कार्यालय के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ के बाहर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है|
इस कार्रवाई को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला है| अशोक गहलोत ने कहा,'कांग्रेस मुख्यालय एवं 10 जनपथ को पुलिस छावनी बनाने की आज की कार्रवाई अघोषित आपातकाल है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा,' नेशनल हेराल्ड (यंग इंडिया) के दफ्तर को जबरन सील कर दिया गया। एनडीए की इस तानाशाही सरकार के खिलाफ यदि कांग्रेसजनों के साथ आम जनता खड़ी नहीं हुई तो इसका खामियाजा पूरे देश को भुगतना पड़ेगा। मीडिया इस अन्याय के खिलाफ एक शब्द बोलने की हिम्मत तक नहीं कर पा रहा है।
हमारी अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी, राहुल गांधी जी के घर के बाहर पुलिस का पहरा लगाकर तानाशाह हमारी आवाज़ दबाना चाहता है। मगर उन्हें सनद रहे...हम झुकेंगे नहीं, डरेंगे नहीं, जनता की आवाज़ उठाते रहेंगे: श्रीनिवास बीवी, राष्ट्रीय अध्यक्ष - भारतीय युवा कांग्रेस