मुंबई: मुंबई स्थित नेवल डॉकयार्ड पर एक बड़ा हादसा हो गया है| नेवल डॉकयार्ड पर युद्धपोत INS रणवीर में ब्लास्ट हुआ है, इस धमाके में नौसेना के 3 जवानों की मौत हो गई है। यह ब्लास्ट आईएनएस रणवीर के आंतरिक कंपार्टमेंट में हुआ है| विस्फोट होते ही जहाज के कर्मचारियों ने स्थिति को काबू में लाने की कोशिश शुरू कर दी। कोई बड़ी सामग्री क्षति नहीं हुई है। कारणों की जांच के लिए बोर्ड ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं।
भारतीय नौसेना के अधिकारी ने बताया कि नेवल डॉकयार्ड मुंबई पर आज एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई; INS रणवीर के एक आंतरिक कंपार्टमेंट में विस्फोट में नौसेना के 3 कर्मियों की जान चली गई। जहाज के चालक दल ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया|
अधिकारी ने बताया कि आईएनएस रणवीर पूर्वी नौसेना कमान से क्रॉस कोस्ट ऑपरेशनल तैनाती पर था और जल्द ही बेस पोर्ट पर लौटने वाला था। कारण की जांच के लिए बोर्ड ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया गया है|
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने हादसे पर दुःख जताया है| प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया,''आईएनएस रणवीर में विस्फोट के चलते तीन नौसैनिकों की शहादत की खबर दुखदाई है। शहीद नौसैनिकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में जान गंवाने वाले नौसैनिकों को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने ट्वीट किया, 'INS रणवीर में विस्फोट की खबर बेहद दुखद है। इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले नौसैनिकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'
बता दें कि इस युद्धपोत को साल 1986 में भारतीय नौसेना के बेड़े में शामिल किया गया था। इसे 310 नाविकों का एक दल संचालित करता है। INS रणवीर हथियारों और सेंसर से लैस है। इसमें सतह से सतह और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें हैं साथ ही यह मिसाइल रोधी बंदूके और पनडुब्बी रोधी रॉकेट लॉन्चर से भी लैस है।