नई दिल्ली: केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आज देशभर के किसानों ने भारत बंद का आह्वान किया। किसानों ने सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक यानी चार घंटे का सांकेतिक बंद बुलाया था लेकिन इसका असर सुबह आठ बजे से ही दिखने लगा। तमाम राजनीतिक दलों ने सुबह आठ बजे से ही बंद के तहत विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बंद को देश के सभी विपक्षी दलों ने अपना समर्थन दिया है।
कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसान संघों के आज राष्ट्रव्यापी बंद के आह्वान को कुछ मजदूर संघों ने भी समर्थन देने का ऐलान किया था| हालांकि किसान नेताओं ने कहा था कि किसी को भी बंद में शामिल होने के लिये बाध्य नहीं किया जाएगा| किसानों की मांग है कि सरकार इन कानूनों को वापस ले।
आज रात 11:15 बजे तक चली बैठक में भी गतिरोध को लेकर कोई सहमति बनती नहीं दिखी| कृषि सुधार कानूनों के विरोध में चल रहे प्रदर्शनों के बीच किसानों और सरकार के बीच छठे दौर की वार्ता स्थगित हो गई है। ये बैठक कल यानी बुधवार को होनी थी। गृहमंत्री अमित शाह और किसान नेताओं के बीच बैठक बेनतीजा रहने के बाद ये बैठक स्थगित हो गई है।
कृषि सुधार कानूनों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों से छठे दौर की वार्ता से ठीक एक दिन पहले मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किसान नेताओं के एक समूह से मुलाकात की। 13 किसान नेताओं को शाह के साथ इस बैठक के लिए बुलाया गया था। बैठक रात आठ बजे आरंभ हुई।
बैठक में शामिल नेताओं में अखिल भारतीय किसान सभा के हन्नान मोल्लाह और भारतीय किसान यूनियन के राकेश टिकैत भी शामिल रहे। कुछ किसान नेताओं ने बताया कि उन्हें पहले इस बैठक के शाह के आवास पर होने की उम्मीद थी, लेकिन यह राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर, पूसा में हो रही है। यह बैठक इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि किसान केंद्र सरकार की ओर से लाए गए तीनों कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग पर अड़े हुए हैं।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का दावा है कि ये कानून उद्योग जगत को फायदा पहुंचाने के लिए लाए गए हैं और इनसे मंडी और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की व्यवस्था खत्म हो जाएगी। हालांकि बैठक को लेकर किसान संगठनों के बीच असंतोष के स्वर उभरने लगे। भारतीय किसान यूनियन (उगराहां) ने निर्धारित वार्ता से एक दिन पहले शाह के साथ बैठक को लेकर सवाल उठाया। प्रदर्शनरत किसान संगठनों में यह सबसे बड़ा संगठन है।
सोशल मीडिया पर साझा की गई एक पोस्ट में जोगिंदर सिंह उगराहां ने कहा कि आधिकारिक वार्ता से पहले इस वार्ता की कोई जरूरत नहीं थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि बैठक में शामिल होने वाले नेता सबसे बड़े संगठन के विचार को जरूर ध्यान में रखेंगे। बता दें कि उगराहां को इस बैठक में आमंत्रित नहीं किया गया था। उल्लेखनीय है कि सिंघु बार्डर पर हजारों की संख्या में किसान पिछले 12 दिनों से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस बैठक में 13 किसान नेताओं ने भाग लिया। किसान नेता रुलदू सिंह मानसा और भोग सिंह मानसा बैठक स्थल को लेकर दुविधा के चलते वापस सिंघु बॉर्डर लौट गए थे। बाद में उन्हें मनाया गया और वह बैठक में शामिल हुए। बैठक का स्थान पहले नॉर्थ ब्लॉक तय किया गया था। लेकिन, बाद में इसे बदल कर अमित शाह के आवास पर आयोजित करने का फैसला लिया गया था। वहीं, अंतिम समय में बैठक के स्थान को लेकर फिर बदलाव किया गया।
किसान नेताओं ने कहा है कि जब वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे तो अपनी मांगों पर केवल ‘हां’ या ‘नहीं’ में जवाब मांगेंगे। किसान नेता आरएस मनसा ने सिंघु बॉर्डर पर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'बीच का कोई रास्ता नहीं है। हम आज की बैठक में गृह मंत्री अमित शाह से केवल हां या नहीं में जवाब देने को कहेंगे।'
इससे पहले राकेश टिकैत ने कहा था, 'आज शाम सात बजे हमारी गृह मंत्री के साथ बैठक होगी। हम अभी सिंघु बॉर्डर जा रहे हैं और वहां से हम गृह मंत्री के पास जाएंगे।' शाह से किसानों का 13 सदस्यीय दल मुलाकात करने वाला था। उल्लेखनीय है कि गृह मंत्री अमित शाह ने पहली बार किसानों को मिलने के लिए बुलाया है।
किसान नेता आरएस मनसा ने दावा किया कि केंद्र सरकार ‘भारत बंद’ के सामने झुक गई है। एक अन्य नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि ‘भारत बंद’ सफल रहा और केंद्र सरकार को अब पता है कि उसके पास कोई रास्ता नहीं है। स्वराज इंडिया के नेता योगेंद्र यादव ने कहा कि 25 राज्यों में करीब 10,000 जगहों पर बंद आहूत किया गया।
किसान नेताओं ने कहा कि प्रदर्शनकारी बुराड़ी के मैदान नहीं जाएंगे क्योंकि यह एक ‘खुली जेल’ है। उन्होंने रामलीला मैदान में प्रदर्शन की अनुमति देने की मांग की। किसान नेताओं ने कहा कि वे दिल्ली और हरियाणा की जनता को परेशान नहीं करना चाहते।
LIVE Updates:
कृषि सुधार कानूनों के विरोध में चल रहे प्रदर्शनों के बीच किसानों और सरकार के बीच छठे दौर की वार्ता स्थगित हो गई है। ये बैठक कल यानी बुधवार को होनी थी। गृहमंत्री अमित शाह और किसान नेताओं के बीच बैठक बेनतीजा रहने के बाद ये बैठक स्थगित हो गई है।
ऑल इंडिया किसान सभा के महासचिव हन्नान मुल्ला ने कहा कि बुधवार हो सरकार और किसान संगठनों के बीच बैठक नहीं होगी। मंत्री (अमित शाह) ने कहा है कि बुधवार को किसान नेताओं को प्रस्ताव दिया जाएगा। बुधवार को किसान नेता सिंघु बॉर्डर पर इस प्रस्ताव को लेकर बैठक करेंगे। सरकार कृषि कानून वापस लेने को तैयार नहीं है।
-----
कृषि कानूनों के खिलाफ सिंघु बॉर्डर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में आर्य समाज ने हवन किया। एक प्रदर्शनकारी ने बताया, "हम हवन इसलिए कर रहें क्योंकि कल जो बैठक होने वाली है उसमें सरकार किसान के पक्ष में फैसला दें और अपने काले कानूनों को वापस लें।"
-----
हिमाचल प्रदेश में भारत बंद का कोई असर नहीं है। कुछ जगह सड़क रोकने की कोशिश हुई थी और कुछ जगह जो लोग सड़क पर बैठे थे वो सड़कों से उठ गए हैं। कल जो बैठक होगी उसमें मुझे उम्मीद है कि संवाद होने से समाधान जरूर निकलेगा: हिमाचल प्रदेश सीएम जयराम ठाकुर
-----
कल बैठक होने वाली है, मैं सरकार से आग्रह करूंगा कि किसान की बात माने क्योंकि उनकी मांग जायज़ है: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा
-----
हम अपने लोगों से बात कर रहे हैं कि कहां बैठक होनी है, जहां होगी हम वहीं जाएंगे: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक के बारे में पूछे जाने पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत
------
केजरीवाल की नजरबंदी पर भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा कि,''ये हाउस अरेस्ट नहीं रेस्ट इन हाउस है।हमारे पास वीडियो है जिसमें वे कल रात 9 बजे के आसपास यहां से घूमफिर कर गए हैं, बाहर ये नाटक चालू कर रखा है। सबको पता है कि ये नाटक में बिल्कुल अव्वल दर्जे के हैं।मुझे तो कभी-कभी शक होता है कि इनकी डिग्री IIT की है या NSD की है|
------
AAP के लोग बिल्कुल झूठ बोल रहे हैं कि सीएम को हाउस अरेस्ट किया गया है। उनके घर का पहला गेट और बैक साइड का गेट पूरा खुला हुआ है। सीएम कल भी अपने घर से 3 बार बाहर निकले थे और कार्यक्रम में भी शामिल हुए। दिल्ली पुलिस भी कह रही है। ये सिर्फ झूठ बोलने का काम करते हैं: आदेश गुप्ता, BJP
-----
हम प्रधानमंत्री के आश्वासन पर विश्वास करते है कि MSP खत्म नहीं होगी लेकिन किसान संगठनों का यह आरोप भी वाजिब है कि किसानों को सरकार के द्वारा घोषित MSP पर दाम नहीं मिलते: JDU नेता के.सी. त्यागी
-----
अगर संसदीय प्रक्रिया पूरी की जाती तो ये नौबत नहीं आती, जिस तरह से संसद के अंदर तमाशे हुए, विपक्ष की बात नहीं सुनी गई, जल्दी में कानून बना दिए गए। किसानों से पहले बात कर बिल पास होता तो ये नौबत ही नहीं आती: किसानों के प्रदर्शन पर राजस्थान सीएम अशोक गहलोत
-कृषि कानूनों के खिलाफ सिंघु बॉर्डर पर किसानों ने मशाल रैली निकालकर विरोध-प्रदर्शन किया।
दिल्ली:कृषि कानूनों के खिलाफ बुराड़ी के डीडीए ग्राउंड में किसानों का आंदोलन जारी है।प्रदर्शनकारी ने कहा,"कल की बैठक सफल होगी और हम जीतेंगे,सरकार को क़ानून वापस लेना पड़ेगा। अगर सरकार के साथ बातचीत से नतीजा नहीं निकला तो जैसे भी हमारे नेता हमको कहेंगे हम उनके मुताबिक आगे बढ़ेंगे।"
-अमृतसर (पंजाब): किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में पंजाब के डेंटल स्टूडेंट्स एसोशिएसन ने पंजाब गवर्नमेंट डेंटल हॉस्पिटल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
----
किसानों ने आज भारत बंद का आह्वान किया, वह बहुत जबरदस्त तरीके से सफल रहा। मुझे खुशी है कि सारा देश किसानों के समर्थन में एकजुट हुआ। मेरा भी मन था कि मैं एक आम आदमी की तरह बॉर्डर पर जाऊंगा और किसानों को समर्थन करूंगा। लेकिन शायद इन्हें पता चल गया:दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल
----
किसानों से जो बातचीत चल रही है उस बातचीत में कुछ किसान अपने बातों पर अड़े हुए हैं और बहुत से किसान चाहते हैं कि उस कानून में संशोधन किया जाए। ऐसे अलग-अलग मत चल रहे हैं, हमने अपने सुझाव दिए हुए हैं। किसानों के हित में जो भी बात होगी वो केंद्र सरकार करेगी:हरियाणा सीएम
----
केजरीवाल की नजरबंदी पर BJP ने CM अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के नेताओं पर झूठ बोलने का एवं फरेब की राजनीति करने का आरोप लगाया है|
बीजेपी नेता गौरव भाटिया ने कहा कि,'दिल्ली CM झूठ और भ्रम की राजनीति कर रहे हैं। उनका ये चरित्र बन गया है कि एक झूठ बोलों,वो झूठ पकड़ा जाए,तो वो झूठ छुपाओं और दूसरे पर चले जाओ। आज सुबह से आम आदमी पार्टी और उनके नेता झूठ भी बोल रहे हैं, अनर्गल बयान भी दे रहे हैं और धोखे एवं फरेब की राजनीति कर रहे हैं|
गौरव भाटिया ने कहा कि,''मैं स्पष्ट कर दूं केजरीवाल जी का घर में नजरबंदी नहीं हुई है। मैं उन्हें चुनौती देता हूं, केजरीवाल जी आपके घर के बाहर कैमरा होंगे तुरंत निकलिए पूरी दिल्ली को देखने दीजिए। क्या आप नज़रबंदी में रखे जा रहे हैं कि नहीं? सच सामने आ जाएगा, दूध का दूध पानी का पानी हो जाए|
----
मुख्यमंत्री को हाउस अरेस्ट करके रखा है, लोग मिलने जाना चाह रहे हैं वो(पुलिस) कह रहे है कि आईडी कार्ड दिखाओ। मुख्यमंत्री कैदी हैं जिनसे मिलवाने के लिए पुलिस 2-3 लोगों को लेकर जाएगी? :मुख्यमंत्री आवास के बाहर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया
मुख्यमंत्री जी ने इनको किसानों के लिए जेल बनाने से रोका तो आज इन्होंने मुख्यमंत्री के घर को जेल बना रखा है। पुलिस तय करेगी कि मुख्यमंत्री किससे मिलेंगे और किससे नहीं? :दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया
----
तीन काले क़ानून जिसे बीजेपी किसानों के हितैषी क़ानून बताती है,यह पूंजीपतियों के लाभ के लिए बनाए गए हैं। मंडी एक्ट, कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग और आवश्यक वस्तु अधिनियम को विलोपित करने के लिए ये तीन क़ानून हैं, यह 62 करोड़ से ज़्यादा किसानों के खिलाफ हैं| यदि आप निजी क्षेत्र में मंडी देना चाहते है हम विरोध नहीं करेंगे, लेकिन एक क़ानून बना दीजिए कि कोई मंडी या मंडी के बाहर समर्थन मूल्य से नीचे खरीद नहीं करेंगे। सरकार पूरे देश में समर्थन मूल्य में अनाज खरीदने की व्यवस्था करे: भूपेश बघेल, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़
----
कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में किसानों ने अमृतसर-दिल्ली हाईवे पर विरोध प्रदर्शन किया।
----
आज शाम 7 बजे गृह मंत्री के साथ बैठक है। हम सिंघु बॉर्डर जा रहे हैं और फिर वहां से गृह मंत्री की बैठक में जाएंगे: राकेश टिकैत, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता
----
महाराष्ट्र: कृषि कानूनों के खिलाफ देशभर में बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में नागपुर में सिख समुदाय ने विरोध प्रदर्शन किया।
----
हम मोहन भागवत से पूछना चाहते हैं कि अगर मोदी जी किसान संघ और किसानों की बात नहीं सुन रहे हैं तो RSS मोदी जी को समर्थन देना बंद करे। हमारे साथ सड़क पर आएं। इसमें कोई राजनीति नहीं है: दिग्विजय सिंह, कांग्रेस
----
दिल्ली: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बैठक की।
----
आज जो लाखों किसान आए हैं वो अपनी पीड़ा व्यक्त करने आए हैं। किसानों की मांगें बिल्कुल सही हैं, किसानों के साथ न्याय हो: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ
----
दिल्ली: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से मिलने उनके आवास पहुंचे।
----
24 राजनीतिक पार्टियां भारत बंद का समर्थन कर रही हैं। कोई नहीं चाहता कि लोगों को असुविधा हो। सरकार को अहंकार का रास्ता छोड़कर हमारा पेट पालने वाले किसानों की बात माननी चाहिए और इन तीनों कानूनों को तुरंत वापस लेना चाहिए: सचिन पायलट, कांग्रेस
----
कल जब अरविंद केजरीवाल किसानों से मिलने सिंघु बॉर्डर गए थे, उसके बाद से BJP बुरी तरह घबरा गई है, बीजेपी नेताओं ने उसके बाद से अरविंद केजरीवाल को हाउस अरेस्ट कर रखा है। बीजेपी को डर है कि कहीं अरविंद केजरीवाल किसानों के समर्थन में सड़क पर न निकल आएं|
बीजेपी वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह को कुछ नहीं कहते क्योंकि वो उनके(BJP) साथ मिलकर किसानों को देश विरोधी बता रहे हैं: दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया
----
ऐसा दावा किया जा रहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के आने-जाने पर प्रतिबंध है। ये बातें एकदम बेबुनियाद हैं: सतीश गोलचा, विशेष पुलिस आयुक्त, दिल्ली पुलिस
----
दिल्ली मेट्रो ने बंद किया एक स्टेशन: दिल्ली मेट्रो ने श्री राम शर्मा स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए हैं। ट्विटर पर इसकी जानकारी देते हुए मेट्रो ने कहा, 'सुरक्षा अपडेट, ग्रीन लाइन पर पंडित श्री राम शर्मा स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार बंद हैं।
----
अपने आखिरी दम तक किसानों के साथ हैं कांग्रेस कार्यकर्ता: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अपने आखिरी दम त??? किसानों के साथ हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'किसानों का साथ देने के लिए आज पूरे उप्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को नजरबंद एवं गिरफ्तार किया जा रहा है। कड़कड़ाती ठंड में बैठे किसानों के लिए खेती, किसानी एमएसपी बचाने के लिए ये 'करो या मरो' की लड़ाई है। कांग्रेस कार्यकर्ता अपने आखिरी दम तक किसानों के साथ हैं।'
----
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा, 'भाजपा किसानों और सीएम केजरीवाल से खफा है। सिंघु सीमा पर किसानों से मुलाकात करने के बाद वे हैरान हैं। जब से वह लौटे हैं, उन्हें उनके घर पर नजरबंद कर दिया गया है, उनके घर पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। उनके आवास पर लोगों को आने/ बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। भाजपा डर गई है कि सीएम भारत बंद के पक्ष में सड़कों पर उतरेंगे और किसानों के लिए बोलेंगे। वे कैप्टन अमरिंदर को कुछ नहीं कहते।'
----
केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे मंगलवार को एक दिन के अनशन पर बैठ गए। प्रदर्शन कर रहे किसान संगठनों ने मंगलवार को ‘भारत बंद’ रखने की अपील भी की है। हजारे ने कहा कि देश में आंदोलन होना चाहिए ताकि सरकार पर दबाव बने और वह किसानों के हित में कदम उठाए।
----
बौखलाया हुआ विपक्ष जो वोट के माध्यम से जनता का समर्थन प्राप्त नहीं कर पाया, वो आज कानून-व्यवस्था को भंग करने पर उतारू हो चुका है ताकि वो अपनी राजनीति चमका सके। कहीं न कहीं राजनीतिक दखल है कि अराजकता फैले: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी
----
दिल्ली में किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
----
राजद कार्यकर्ताओं ने भारत बंद को दिया अपना समर्थन: बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संघों द्वारा बुलाए गए भारत बंद को अपना समर्थन दिया। इस दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने दरभंगा के गंज चौक पर टायर जलाया।
----
किसान आंदोलन के बीच एनसीपी नेता शरद पवार और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मुलाकात हुई है। यह जानकारी सूत्र द्वारा दी गई है।
----
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरोमणि अकाली दल के नेता प्रकाश सिंह बादल से फोन पर बात की और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। यह जानकारी सूत्र के द्वारा दी गई है। बता दें कि अकाली दल केंद्र द्वारा पारित कृषि कानूनों का विरोध कर रहा है।
----
एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा, 'मैंने कहा था कि एपीएमसी को कुछ सुधारों की जरूरत है। एपीएमसी अधिनियम सुधारों के साथ जारी रहना चाहिए। इसमें कोई संदेह नहीं है कि मैंने पत्र लिखा था। लेकिन उनके तीन अधिनियमों में एपीएमसी का उल्लेख नहीं है। वे सिर्फ ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें महत्व देने की जरूरत नहीं है। कल अलग-अलग राजनैतिक दलों के 5-6 लोग सामूहिक बैठक और चर्चा करने के बाद शाम पांच बजे राष्ट्रपि स मुलाकात करेंगे। हम उनके समक्ष अपना सामूहिक रुख पेश करेंगे। बता दें कि भाजपा का कहना है कि पवार ने पहले किसान कानूनों का समर्थन किया था और अब वे इसका विरोध कर रहे हैं।'
----
मुंबई डब्बावाला एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष तालेकर ने कहा, 'केंद्र द्वारा लाए गए कृषि कानून देश के किसानों को खत्म कर देंगे। उत्तर भारत में किसानों ने बड़े पैमाने पर आंदोलन शुरू कर दिया है और आज भारत बंद बुलाया गया है। मुंबई डब्बावाला एसोसिएशन इस बंद का समर्थन करता है।'
----
जिस तरह से इंग्लैंड के सांसदों, कनाडा के प्रधानमंत्री ने आतंरिक हस्तक्षेप किया, इस पर विपक्ष की ज़ुबान क्यों बंद है? :केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह
----
दिल्ली: किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया
----
कर्नाटक: कृषि कानूनों के खिलाफ बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में हुबली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और बैलगाड़ी से सड़क ब्लॉक की।
----
हर चीज़ पर लोगों को गुमराह करना, देश की छवि को बदनाम करने की साजिश करना इनका(विपक्षी दलों) पुराना तरीका रहा है। अपने शासन काल में कांग्रेस, NCP, अकाली दल, लेफ्ट पार्टियां इस तरह के बिल का सीना ठोक कर समर्थन करती रही हैं: केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी
----
राजस्थान: राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने जयपुर में ट्रैक्टर चलाकर भारत बंद का समर्थन किया। परिवहन मंत्री ने कहा, "केंद्र को समझना चाहिए कि उनका ज़ुल्म, तानाशाही ज़्यादा नहीं चलेगी। किसान विरोधी कानून वापस लेने पड़ेंगे, तमाम विपक्षी पार्टियां इनके विरोध में हैं।"
----
ठंड लगने से सोनीपत के किसान की मौत: दिल्ली-हरियाणा के सिंघु बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन में टीडीआई सिटी के सामने किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय (32) गांव बरोदा सोनीपत के तौर पर हुई है। अजय के पास एक एकड़ जमीन थी और वह जमीन ठेके पर लेकर खेती करता था। मृतक के परिजनों ने बताया कि मौत ठंड लगने से हुई है। परिजनों के अनुसार, अजय रात को खाना खाकर सोया था लेकिन सुबह नहीं उठा।
----
-आम आदमी पार्टी ने ट्वीट कर जानकारी दी कि दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घर पर नज़रबंद किया है, मुख्यमंत्री कल जब सिंघु बॉर्डर गए थे तभी से उन्हें नज़रबंद किया हुआ है।
-जब से मुख्यमंत्री सिंघु बॉर्डर पर किसानों से मिलकर और किसानों को समर्थन देकर आए हैं, केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के इशारे पर दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री को अपने ही घर में बैरिकेड लगाकर लगभग नज़रबंद किया हुआ है। उनसे न कोई मिल सकता है, न वो बाहर आ सकते हैं: सौरभ भारद्वाज, AAP
-ये बयान बिल्कुल गलत है। दिल्ली के मुख्यमंत्री जहां जाना चाहें, जा सकते हैं|AAP और किसी अन्य पार्टी के बीच टकराव से बचने के लिए यह सामान्य तैनाती है। मुख्यमंत्री को नज़रबंद नहीं किया गया है:: एंटो अल्फोंस, डीसीपी उत्तरी दिल्ली
----
कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। एक प्रदर्शनकारी ने कहा, "सरकार को समझ लेना चाहिए कि कानून वापस लेने ही पड़ेंगे।"
----
झारखंड: किसानों के भारत बंद के समर्थन में रांची में लेफ्ट पार्टियों ने बाइक मार्च निकाला।
----
दिमाग की बात छोड़ दीजिए, अगर सरकार के पास दिल है तो प्रधानमंत्री या गृह मंत्री खुद जाकर उनसे(किसानों) बात करेंगे और उनको समझाएंगे: संजय राउत, शिवसेना
----
कर्नाटक: किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में बेंगलुरु में कांग्रेस ने विधान सौध में गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया
----
उत्तर प्रदेश: समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किसानों के भारत बंद के समर्थन में प्रयागराज में रेल रोकी।
----
कृषि कानूनों के खिलाफ टिकरी बॉर्डर पर किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। आज किसान यूनियनों ने देशभर में भारत बंद का आवाह्न किया है और कल केंद्र सरकार और किसानों के बीच छठे दौर की वार्ता होगी।
----
भारत बंद के आवाह्न के चलते इसका विशेष ध्यान रखा गया है कि जनता को किसी तरह की असुविधा न हो, यातायात बाधित न हो। जनपद में प्रवेश और निकासी की जगहों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात है। जबरन बंद न हो ये सुनिश्चित किया जा रहा है:लव कुमार, एडिशनल कमिश्नर,कानून-व्यवस्था,नोएडा
----
कर्नाटक: किसानों के भारत बंद के समर्थन में बेंगलुरु में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
----
कृषि कानूनों के खिलाफ आज 13वें दिन भी किसान प्रदर्शनकारी सिंघु बॉर्डर पर डटे हुए हैं। किसान यूनियनों ने आज देशभर में कृषि कानूनों के खिलाफ भारत बंद का आवाह्न किया है
----
आंध्र प्रदेश: कृषि कानूनों के खिलाफ बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में विशाखापट्टनम में लेफ्ट पार्टियों ने विरोध प्रदर्शन किया।
----
पंजाब: अमृतसर में भारत बंद के समर्थन में दुकानें बंद दिखीं। किसान मज़दूर संघर्ष कमेटी के महासचिव ने बताया, "दुकानें लगभग बंद हैं, इमरजेंसी सेवा बहाल है। लोग अपने मन से शटर बंद कर रहे हैं।
----
पश्चिम बंगाल: कोलकाता में भारत बंद के समर्थन में विरोध प्रदर्शन कर रही लेफ्ट पार्टियों ने जादवपुर में रेल रोकी।
----
दिल्ली:कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसानों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सिंघु बॉर्डर पर सुरक्षा बल तैनात है। किसान यूनियनों ने आज कृषि कानूनों के खिलाफ भारत बंद का आवाह्न किया है।
----
पश्चिम बंगाल: लेफ्ट पार्टियों ने कोलकाता के जादवपुर में किसानों के भारत बंद के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया।
----
दिल्ली: बुराड़ी के निरंकारी समागम ग्राउंड में कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आज सुबह अरदास की।
आज कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर किसानों ने भारत बंद बुलाया है| देशभर में कई संगठनों ने इसका समर्थन किया है| केंद्र सरकार इस आंदोलन में विपक्षी पार्टियों के शामिल होने से काफी सतर्क है| हालांकि, किसान संगठनों ने कहा है कि विपक्षी पार्टियां अपना झंडा आंदोलन से दूर रखें|किसानों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील की है|