नई दिल्ली: Bharat Jodo Yatra Day 118: कांग्रेस की “भारत जोड़ो यात्रा” (Bharat Jodo Yatra) आज मंगलवार को (जनवरी 03, 2023) फिर से शुरू हो गई है| कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा 9 दिन के अवकाश के बाद आज फिर से शुरू हो गई है| आज दिल्ली से यह यात्रा सुबह 10 बजे कश्मीरी गेट के हनुमान मंदिर, यमुना बाजार से शुरू हुई है| “भारत जोड़ो यात्रा” लोहे का पुल, शास्त्री पार्क मेट्रो स्टेशन, पुरानी जीटी रोड, फर्नीचर मार्केट, अंसारी रोड, मौजपुर, बाबरपुर, वजीराबाद रोड और गोकुलपुरी थाने होते हुए लोनी गोल चक्कर पहुंचेगी|
दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद राहुल गांधी ने ये पदयात्रा शुरू की है| कांग्रेस की “भारत जोड़ो यात्रा” आज दिल्ली से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी| यूपी में यह गाजियाबाद के लोनी बार्डर से शुरू होकर शाम बागपत पहुंचेगी| मंगलवार की रात मवीकलां गांव में एक फार्म हाउस में यात्रा रुकेगी| इसके बाद बुधवार की सुबह मवीकलां से यात्रा आगे निकलेगी|
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा फिर से शुरू करने से पहले मरघट हनुमान मंदिर पहुंचे। हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद राहुल गांधी ने कश्मीरी गेट के हनुमान मंदिर, यमुना बाजार से पदयात्रा की शुरुआत की|
यात्रा शुरू होने से पहले भारत जोड़ो यात्रा का एक खास गाना लॉन्च किया गया है| इस गाने को शेयर करते हुए प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा ‘आइए प्रेम व प्रगति के लिए दो कदम साथ चलें| 3 जनवरी 2023 से उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा बनें| उत्तर प्रदेश कांग्रेस का भारत जोड़ो यात्रा गीत|’
ब्रेक से पहले यात्रा दक्षिणी राज्यों (तमिलनाडु, केरल, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तलंगाना, महाराष्ट्र) से शुरू होकर मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली तक आई थी|
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर लिखा, “कुछ पल का विराम था, फिर सफर हमारा जारी है। जो प्रण लिया था श्रीनगर का, वहां झंडा फहराने की तैयारी है।। विश्राम के बाद, एक नए जज्बे के साथ 'Bharat Jodo Yatra' आज से फिर अपने सफर पर निकल रही है। आइए, नव वर्ष में दोगुने उत्साह के साथ भारत जोड़ने के संकल्प को मिलकर पूरा करें।
गौरतलब है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर से कन्याकुमारी से शुरू हुई थी जो कि अब तक तमिलनाडु, केरल, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तलंगाना, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा से गुजरते हुए अब दिल्ली में है। यह यात्रा दिल्ली के बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब से होते हुए जम्मू कश्मीर पहुंचकर समाप्त होगी। कांग्रेस की 3750 किमी की भारत जोड़ो यात्रा 12 राज्यों से गुजरेगी। यह दक्षिण में कन्याकुमारी से उत्तर में कश्मीर तक 3,750 किमी का सफर पूरा करेगी।