नई दिल्ली:कोरोना महामारी के बीच बिहार विधानसभा के लिए चुनावों की तारीखों का एलान हो गया है। बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 29 नवंबर को समाप्त होगा। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है| बिहार में तीन चरणों में चुनाव कराए जाएंगे| पिछली बार राज्य में पांच चरणों में चुनाव हुए थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया,'' मतदान का समय एक घंटा बढ़ाया गया है। अब सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होंगे| नामांकन दाखिल करने के लिए उम्मीदवार के साथ दो लोग जा सकते हैं। उम्मीदवार को मिलाकर 5 लोग घर-घर जाकर कैंपेनिंग कर सकते हैं|
सुनील अरोड़ा ने बताया,''बिहार में तीन चरणों में चुनाव होंगे| बिहार में पहले चरण के मतदान 28 अक्टूबर को होंगे।, दूसरे चरण के मतदान 3 नवंबर को होंगे। तीसरे चरण के मतदान 7 नवंबर को होंगे और मतगणना 10 नवंबर को होगी| मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि कोरोना संकट की वजह से दुनिया के 70 देशों में चुनावों को टाल दिया गया।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि कोरोना काल के कारण सभी तरह की सावधानियों के साथ बिहार के विधानसभा चुनाव होंगे। सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा।मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि कोरोना के कारण सोशल डिस्टैंसिंग का कड़ाई से पालन होगा। एक बूथ पर सिर्फ एक हजार मतदाता वोट डालेंगे। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सात लाख सैनिटाइजर, छह लाख फेस शील्ड और 46 लाख मास्क का इंतजाम रहेगा।
● बिहार में तीन चरणों में चुनाव होंगे
● पहले चरण में 16 जिलों के 71 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव होंगे।
● दूसरे चरण में कुल 17 जिलों के 94 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होंगे।
● तीसरे चरण में 15 जिलों के 78 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होंगे।
● पांच से ज्यादा लोग घर जाकर प्रचार नहीं कर सकते।
● राज्य में आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) इस घोषणा के साथ लागू हो गई है। एमसीसी दिशानिर्देशों के प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए आयोग पहले ही विस्तृत व्यवस्था कर चुका है।
● कोरोना संक्रमित मरीज मतदान के अंतिम घंटों में ही अपना वोट डाल सकेंगे। वे ऐसा स्वास्थ्य अधिकारियों की देखरेख में करेंगे।
● नामांकन में दो से ज्यादा वाहनों का उपयोग नहीं किया जा सकेगा।
● चुनाव प्रचार में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन आवश्यक होगा।
● मतदान के समय को एक घंटे के लिए बढ़ाया गया है। सुबह सात बजे से शाम के छह बजे तक मतदान होंगे। हालांकि, यह वामपंथी-प्रभावित क्षेत्रों पर लागू नहीं होगा।
● सात लाख सेनिटाइजर, छह लाख पीपीई किट और 46 लाख मास्क का इंतजाम किया गया है। छह लाख फेस शील्ड का इंतजाम किया गया है।
● 29 नवंबर को बिहार विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है ।
● राज्य में कुल वोटर सात करोड़ 18 लाख हैं जिसमें महिला वोटर तीन करोड़ 39 लाख हैं।
● एक बूथ पर एक हजार मतदाता ही वोट डाल सकेंगे।