नई दिल्ली: कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने अगले वित्त वर्ष के बजट को लेकर सोमवार को आरोप लगाया कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश के लोगों को धोखा दिया है| रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि,''मोदी सरकार के Budget 2021 का एक शब्द में सार है – धोखा| इस बजट का नाम है धोखेबाज़ बजट! ये धोखे पर आधारित है।
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि,''विनिवेश के बारे में कहा जा सकता है- "बेच खायेंगे सब कुछ, छोड़ेंगे नहीं अब कुछ!" Budget2021 ने गरीब को धोखा दिया, नौकरी पेशा लोगों को धोखा दिया, मज़दूर-किसान-छोटे उद्योग को धोखा दिया। उन सांसदों को भी धोखा दिया जो वित्त मंत्री के बजटीय भाषण को सुन रहे थे।
सुरजेवाला ने कहा कि,''इस बजट का सार है 'धोखा'। यह धोखेबाज बजट है। केंद्र सरकार ने रक्षा बजट नहीं बढ़ाया। जिस प्रकार से राजकोषीय और वित्तीय घाटा लगभग 9.5-10% तक पहुंच गया है, यह निवेशक और अर्थव्यवस्था के लिए खतरे की बड़ी घंटी है|
खेती और किसान की अनदेखी जारी है।
• खेती का बजट 6% घटाया ।
• PM किसान सम्मान का बजट 13% घटाया।
• मार्केट इंटर्वेन्शन स्कीम(MIS-PSS) का बजट 25% घटाया।
• न काले क़ानून ख़त्म।
• न खेती पर GST ख़त्म।
• न डीज़ल की क़ीमतें कम।
ग्रामीण भारत और गरीब के साथ घोर अन्याय ! महात्मा गाँधी नरेगा का बजट 42% काटा - ₹1,66,000 करोड़ से कम कर ₹96,773 करोड़ गरीब मज़दूर, SC, ST व पिछड़ों पर मोदी सरकार का ये प्रहार ग्रामीण भारत के लिए घातक होगा।
रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि,मोदी सरकार के बजट में एयरपोर्ट से लेकर रेल, गोदाम से लेकर बंदरगाह, सड़क से लेकर रेल, बिजली ट्रांसमिशन लाइन से लेकर BHEL तक सब सरकारी सम्पति बेच डालेंगे। इसीलिए तो -: बेच खाएँगे सब कुछ, नही छौड़ेंगे अब कुछ । बता दें कि बजट में सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और वित्तीय संस्थानों में हिस्सेदारी बिक्री से 1.75 लाख करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है।