नई दिल्ली: कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (Central Board of Secondary Education की 10वीं कक्षा की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं| वहीं कक्षा 12वीं की परीक्षाओं को टाल दिया गया है| बुधवार को प्रधानमंंत्री नरेंद्र मोदी ने शिक्षा मंत्री के साथ बैठक की, जिसमें यह फैसला लिया गया है|
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने बताया,''10 वीं कक्षा के लिए बोर्ड परीक्षा रद्द कर दी गई हैं और 12 वीं स्थगित कर दी गई हैं। कक्षा 10 वीं के परिणाम बोर्ड द्वारा विकसित किए जाने वाले एक उद्देश्य मानदंड के आधार पर तैयार किए जाएंगे। कक्षा 12 वीं की परीक्षाएं बाद में होंगी, बोर्ड द्वारा 1 जून को स्थिति की समीक्षा की जाएगी|
केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने बताया,''कक्षा 10 के छात्रों को आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर पदोन्नत किया जाना है। यदि कोई छात्र मूल्यांकन से संतुष्ट नहीं है, तो वह एक बार स्थिति (COVID19) सामान्य होने के बाद परीक्षा के लिए उपस्थित हो सकता है|
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को परीक्षाओं के मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय शिक्षा सचिव और कई शीर्ष अधिकारियों को एक बैठक के लिए बुलाया था| बैठक के बाद एक एक बयान जारी कर बताया गया कि केंद्र सरकार ने देश भर में कोविड-19 महामारी के बढ़ते मामलों के मद्देनजर सीबीएसई की 10वीं की परीक्षा रद्द कर दी है जबकि 12वीं की परीक्षा स्थगित करने का फैसला किया है|
- कक्षा 12 के लिए 4 मई से 14 जून, 2021 तक आयोजित होने वाली बोर्ड की परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। इन परीक्षाओं का आयोजन बाद में किया जाएगा। इसके लिए बोर्ड 1 जून, 2021 को स्थिति की समीक्षा करेगा और इसके पश्चात् जानकारी को साझा किया जाएगा। परीक्षाओं को शुरू करने से कम से कम 15 दिन पहले एक नोटिस दिया जाएगा।
- कक्षा 10 के लिए 4 मई से 14 जून, 2021 तक आयोजित होने वाली बोर्ड की परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है। दसवीं कक्षा के बोर्ड के परिणामों को बोर्ड द्वारा तैयार एक वस्तुनिष्ठ मानदंड के आधार पर तैयार किया जाएगा। यदि कोई भी उम्मीदवार छात्र/छात्रा इस आधार पर दिए गए अंकों से संतुष्ट नहीं है, तो उसे परीक्षा आयोजित करने के लिए अनुकूल माहौल होने के बाद परीक्षा में बैठने का एक अवसर दिया जाएगा।
बता दें कि सीबीएसई बोर्ड परीक्षा को रद्द करने की मांग तेजी से जोर पकड़ रही थी। देशभर में कोरोना संक्रमण की हालत को देखते हुए प्रियंका गांधी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और 'दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई बड़ी राजनीतिक, सामाजिक और फिल्मी हस्तियों ने बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित करने की मांग की थी।
दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट पहले ही जारी की जा चुकी है| बोर्ड परीक्षाएं 4 मई से शुरू होकर 10 जून तक चलनी थी| वहीं 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट 15 जुलाई तक घोषित करने का एलान किया गया था| सीबीएसई की इन बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत 4 मई से होनी थी| सीबीएसई द्वारा जारी की गई डेटशीट के मुताबिक 6 मई को दसवीं कक्षा के छात्रों के लिए इंग्लिश की परीक्षा आयोजित की जानी थी|10 मई को हिंदी ,11 मई को उर्दू, 15 को विज्ञान, 20 को होम साइंस, 21 मई को गणित और 27 मई को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा ली जानी|