नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ कांग्रेस सांसद अधीर चौधरी की 'राष्ट्रपत्नी' वाली टिप्पणी पर कांग्रेस ने भाजपा से माफी मांगी। सांसद अधीर चौधरी की 'राष्ट्पत्नी' वाली टिप्पणी पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से माफी की मांग को लेकर लोकसभा में भाजपा सांसदों ने हंगामा किया। भाजपा सांसदों ने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर की गई टिप्पणी के विरोध में संसद में प्रदर्शन किया।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को 'अपमान' करने का आरोप लगाते हुए लोकसभा में विरोध प्रदर्शन किया और कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा उन्हें 'राष्ट्रपत्नी' कहे जाने के बाद माफी की मांग की है|
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा, 'जब से द्रौपदी मुर्मू का नाम राष्ट्रपति के उम्मीदवार के रूप में घोषित हुआ तब से ही द्रौपदी मुर्मू कांग्रेस पार्टी की घृणा और उपहास का शिकार बनीं। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें कठपुतली कहा| कांग्रेस आज भी इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रही कि एक आदिवासी महिला इस देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद को सुशोभित कर रही हैं। सोनिया गांधी द्वारा नियुक्त नेता सदन अधीर रंजन ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्र की पत्नी के रूप में संबोधित किया|
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा,'स्पष्ट रूप से लोकसभा के विपक्ष के नेता का उद्देश्य नवनिर्वाचित राष्ट्रपति का अपमान करना था। जो एक स्व-निर्मित महिला हैं, एक आदिवासी पृष्ठभूमि से आती हैं। पूरा भारत उनका समर्थन कर रहा है। 'राष्ट्रपत्नी' शब्द का प्रयोग कहीं नहीं होता है| राष्ट्रपति शब्द पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए समान रूप से इस्तेमाल होता है। यह एक सामान्यज्ञान है|
कांग्रेस नेता अधीर रंजन की राष्टपति पर की गई 'राष्ट्रपत्नी' वाली टिप्पणी पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा,'ये बहुत बड़ा अपमान है, ये राष्ट्र का अपमान है। सोनिया गांधी और अधीर रंजन चौधरी को माफी मांगनी चाहिए|
हालांकि, अधीर रंजन चौधरी ने माफी मांगते हुए कहा कि यह केवल जुबान फिसलने की वजह से हुआ है| जिसे भाजपा राई का पहाड़ बना रही है|चौधरी ने कहा, 'दो दिन से जब हम विजय चौक के तरफ जा रहे थे। हमसे पूछा जा रहा था कि आप कहा जा रहे हैं। हम उनसे कह रहे थे कि हम राष्ट्रपति भवन जाना चाहते हैं और राष्ट्रपति से मिलना चाहते हैं। कल मुझसे गलती से ये(राष्ट्रपत्नी) शब्द निकला था| मैं जानता हूं कि भारत की राष्ट्रपति चाहे कोई भी हो वे हमारे लिए राष्ट्रपति ही हैं। ये शब्द बस एक बार निकला है। ये चूक हुई है। लेकिन सत्ताधारी पार्टी के कुछ लोग राई का पहाड़ बना रहे हैं|
लोकसभा में कांग्रेस पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया है कि उन्हें उनके बयान के लिए लगाए गए आरोपों पर उन्हें सदन के पटल पर बोलने का मौका दिया जाए, उन्होंने इस पर एक पत्र भी दिया है।