मुंबई: सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (सीआईआई) के सीईओ अदार पूनावाला को 'कुछ प्रभावशाली नेताओं 'द्वारा धमकी मिलने की बात पर महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख नाना पटोले ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। नाना पटोले ने कहा कि पूनावाला को उन नेताओं का नाम सार्वजनिक करना चाहिए, जिन्होंने उन्हें धमकी दी है।
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि,''अदार पूनावाला ने लंदन में कहा कि अब मैं भारत नहीं आऊंगा और बड़े नेताओं ने मुझे धमकी दी है। देश में उनको कोई भी हाथ नहीं लगाएगा। उनके सुरक्षा की जिम्मेदारी कांग्रेस लेगी। उन्हें यह बात सामने लानी चाहिए कि उन्हें किसने धमकाया|
नाना पटोले ने कहा, ‘अदार पूनावाला का कहना है कि उन्हें कुछ नेताओं से धमकी मिली है। कांग्रेस उनकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी लेती है, लेकिन उन्हें यह सार्वजनिक करना चाहिए कि ये नेता कौन हैं।
बता दें पूनावाला को देश में ही कुछ नेताओं व ताकतवर लोगों से धमकी मिली थी, जिसके बाद वे परिवार समेत कुछ दिनों के लिए ब्रिटेन चले गए। पूनावाला ने लंदन के अखबार द टाइम्स के साथ बातचीत में शनिवार को कहा था कि कोविशील्ड वैक्सीन की आपूर्ति की मांग को लेकर भारत के सबसे शक्तिशाली लोगों में से कुछ ने उनसे फोन पर उग्रतापूर्वक बातें की हैं। सीआईआई भारत में ऑक्सफर्ड/ एस्ट्राजेनेका की कोविड-19 वैक्सीन कोविशील्ड वैक्सीन का उत्पादन कर रही है। उन्होंने कहा कि इस दवाब के चलते ही वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ लंदन आ गए हैं।
पूनावाला ने कहा, "मैं यहां (लंदन) तय समय से अधिक रुक रहा हूं, क्योंकि मैं उस स्थिति में वापस नहीं जाना चाहता। सब कुछ मेरे कंधों पर पड़ गया है, लेकिन मैं इसे अकेले नहीं कर सकता... मैं ऐसी स्थिति में नहीं रहना चाहता, जहां आप सिर्फ अपना काम करने की कोशिश कर रहे हों, और सिर्फ इसलिए कि आप हर किसी की जरूरत को पूरा नहीं कर सकते, आप अंदाजा नहीं लगा सकते कि बदले में वे क्या करेंगे।"