मुख्य सामग्री पर जाएँ
23 अगस्त 2026

26 जनवरी से शुरू होगा कांग्रेस का “हाथ से हाथ जोड़ो अभियान”, छह लाख गांवों को करेगी कवर; देश के हर परिवार को राहुल गांधी का 'संदेश पत्र' और मोदी सरकार की विफलताओं की 'चार्जशीट' सौंपेंगे कार्यकर्ता

नई दिल्ली: भारत जोड़ो यात्रा के समापन के साथ ही कांग्रेस 26 जनवरी से पूरे देश में 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान की शुरुआत करेगी, जो 26 मार्च तक चलेगी| “हाथ से हाथ जोड़ो अभियान” करीब 2.5 लाख ग्राम पंचायतो…

26 जनवरी से शुरू होगा कांग्रेस का “हाथ से हाथ जोड़ो अभियान”, छह लाख गांवों को करेगी कवर; देश के हर परिवार को राहुल गांधी का 'संदेश पत्र' और मोदी सरकार की विफलताओं की 'चार्जशीट' सौंपेंगे कार्यकर्ता
26 जनवरी से शुरू होगा कांग्रेस का “हाथ से हाथ जोड़ो अभियान”, छह लाख गांवों को करेगी कवर; देश के हर परिवार को राहुल गांधी का 'संदेश पत्र' और मोदी सरकार की विफलताओं की 'चार्जशीट' सौंपेंगे कार्यकर्ता | फ़ोटो: TVL News

नई दिल्ली: भारत जोड़ो यात्रा के समापन के साथ ही कांग्रेस 26 जनवरी से पूरे देश में  'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान की शुरुआत करेगी, जो 26 मार्च तक चलेगी| “हाथ से हाथ जोड़ो अभियान” करीब 2.5 लाख ग्राम पंचायतों, 6 लाख गांवों और 10 लाख से ज्यादा मतदान केंद्रों को कवर करेगी। इस अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता देश के हर परिवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी का 'संदेश पत्र' और मोदी सरकार की विफलताओं की 'चार्जशीट' सौंपेंगे। बता दें कि,राहुल गांधी की अगुवाई में तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 119वां दिन है। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अभी पंजाब में है | यह यात्रा मंगलवार दोपहर (10 जनवरी, 2023) को हरियाणा से पंजाब में पहुंची है|



अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि, जैसा कि आप जानते हैं आज 'भारत जोड़ो यात्रा' के लिए विश्राम का दिन है। कल सुबह लुधियाना के पास से फिर से 'भारत जोड़ो यात्रा' शुरू होगी और 15 तारीख को 1 बजे राहुल गांधी जी जालंधर में पत्रकार सम्मेलन संबोधित करेंगे और 19 तारीख को 12:30 और 1:00 बजे के बीच में पठानकोट में एक पब्लिक रैली होगी । उसके पहले 18 तारीख को एक दिन के लिए 'भारत जोड़ो यात्रा' हिमाचल प्रदेश में होगी, कांगड़ा जिले में, पर रात फिर हम पंजाब में प्रवेश करेंगे और 19 तारीख को पठानकोट में रैली है और 19 की शाम को हम जम्मू पहुंचेगे और 20 तारीख से जम्मू में कार्यक्रम होगा। 21 तारीख को विश्राम का दिन है। तो जम्मू और कश्मीर में 22 तारीख से भारत जोड़ो यात्रा पूरी तरीके से रहेगी।


जयराम रमेश ने कहा कि ,“आज मैं 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान के बारे में और कुछ जानकारी देना चाहता हूं। जैसा कि आप जानते हैं 26 जनवरी से लेकर 26 मार्च तक कांग्रेस पार्टी ने 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान की घोषणा की है। ये त्रिस्तरीय अभियान है ब्लॉक के स्तर पर, जिले के स्तर पर और राज्य के स्तर पर। इस अभियान के दौरान हमारे ढाई लाख ग्राम पंचायतों, करीब 6 लाख गांवों और करीब 10 लाख मतदान केन्द्रों को कवर किया जाएगा। ऐसा अभियान, मैं समझता हूं कांग्रेस पार्टी ने पहले कभी नहीं किया है इस भारी मात्रा में । 2 महीने का अभियान है और हर राज्य की राजधानी में एक 'महिला यात्रा' का आयोजन किया जाएगा। पद यात्राएं होंगी ब्लॉक के स्तर पर, जिले के स्तर पर अधिवेशन होंगे, जहाँ राज्य के नेता और राष्ट्रीय स्तर के नेता भी जाएंगे और राज्य की राजधानी में, जैसा मैंने कहा मुख्य कार्यक्रम होगा, एक महिला यात्रा। 26 जनवरी से लेकर 26 मार्च तक ये अभियान चलाया जाएगा।


“इस अभियान से हमारे कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे। कोशिश की जाएगी कि हम हर घर तक पहुंचें और हर घर में हम राहुल गांधी जी का एक खत और मोदी सरकार के खिलाफ हमने जो चार्जशीट तैयार की है, जो उसकी विफलताएं हैं पिछले 8 सालों में, उसके बारे में एक रिपोर्ट तैयार की गई है, वो भी हर घर में हम पहुंचाएंगे। राहुल जी का जो खत है, ये अंग्रेजी में और ये हिंदी में है। ये प्रांतीय भाषा में भी होंगे|



कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि ,“अगले दो-तीन दिन में जो चार्जशीट हमने तैयार की है, जो मोदी सरकार की विफलताएं हैं उसके संदर्भ में, विस्तार में हमने इस पर चर्चा की है, उसको भी मैं रिलीज कर दूंगा और ये दो दस्तावेज, ये खत और ये चार्जशीट दोनों हमारे कार्यकर्ताओं के हाथों से हर घर तक पहुंचाया जाएगा। हर ग्राम पंचायत में जाएंगे, ढाई लाख ग्राम पंचायत, हर गांव में जाएंगे, करीब साढ़े 6 लाख गांव और हर मतदान केन्द्र में जो लोग रजिस्टर्ड हैं और हमारे देश में जैसा कि आप जानते हैं, 10 लाख से भी ऊपर मतदान केन्द्र हैं, इलेक्शन बूथ हैं, पोलिंग बूथ हैं, तो हर घर में कांग्रेस कार्यकर्ता जाएंगे और इसकी तैयारी शुरू की गई है और आज राहुल जी का खत रिलीज किया जा रहा है और अगले दो- तीन दिन में ये चार्जशीट भी आपको मिल जाएगी।


'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान भारत जोड़ो यात्रा का संदेश....

उन्होंने कहा,“ ये 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान एक तरीके से देखा जाए, तो ये भारत जोड़ो यात्रा का एक्सटेंशन है, दूसरा चरण है। कई सवाल उठाए गए थे कि 'भारत जोड़ो यात्रा' में कोई राजनैतिक मुद्दे नहीं उठा रहे हैं आप, चुनाव से आपको कुछ लेना-देना नहीं हैं, पर आप राजनैतिक पार्टी है। पर हमने हमेशा ये कहा था कि 'भारत जोड़ो यात्रा' का एक फॉलो-अप जरूर होगा और ये फॉलो अप जब आप देखेंगे, जब इसका लोगो (Logo) भी हम इसका रिलीज करेंगे, आपने देखा होगा 'भारत जोड़ो यात्रा' के लोगो में ये हमारा चुनाव चिन्ह नहीं दिखाई देता । पर हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का लोगो जब रिलीज किया जाएगा अगले कुछ दिनों में, आप देखेंगे कि उसमें एक प्रमुख स्थान हमारे चुनाव चिन्ह को दिया जा रहा है। यानी 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान भारत जोड़ो यात्रा का जो संदेश है, उसको राजनैतिक भाषा में बदलकर, चुनावी भाषा में बदलकर हर घर में पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा हमारे संगठन की ओर से।


कांग्रेस कार्यकर्ता हर घर तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे

जयराम रमेश ने कहा कि ,“इस संदर्भ में हमारे जनरल सेक्रेटरी ऑर्गनाइजेशन ने सभी पीसीसी को पत्र लिखा है। अगर वो कॉपी आपके पास नहीं है, वो भी आपको मिल जाएगी। 24 दिसंबर को उन्होंने लिखा था, किस ढंग से तैयारी होनी चाहिए राज्य के स्तर पर, जिले के स्तर पर, ब्लॉक के स्तर पर और वो तैयारियां शुरू हो गई हैं हर एक राज्य में और 26 जनवरी को इसकी शुरुआत हर राज्य में होगी। यात्राएं होंगी, जैसा कि मैंने कहा, महिला यात्राएं होंगी, पर हर ब्लॉक में अलग से अलग यात्राएं होंगी अलग विषयों को लेकर और ये राहुल जी का खत और जो चार्जशीट तैयार की गई है कांग्रेस पार्टी की ओर से, वो कांग्रेस कार्यकर्ता हर घर तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।


तो यही जानकारी मैं देना चाहता था और ये खत आज मैं रिलीज करना चाहता था। ये राहुल गांधी जी ने एक पन्ने में भारत जोड़ो यात्रा में जो उनका अनुभव रहा है और क्या चाहते हैं अभी, अगला कदम भारत जोड़ो यात्रा के बाद उस पर इसमें जिक्र किया गया है और ये खत जैसा कि मैंने कहा हर घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।


'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान एकता का अभियान

एक प्रश्न के उत्तर में श्री जयराम रमेश ने कहा कि आप देखेंगे जो बार-बार कहकर आ रहे हैं हर जगह में जो नुक्कड़ सभाएं हैं, जो पत्रकार सम्मेलन हैं, जो बार-बार कहते आ रहे हैं कि हमारा देश एक मिसाल है दुनिया के लिए, अनेकता में एकता, उसको उन्होंने दोहराया है कि भारत जोड़ो यात्रा का ये भी मकसद है कि हम ये संदेशा पहुंचाएं कि न केवल अनेकता में एकता है, पर अनेकता से एकता..., कि अनेकताओं को जब आप दबाएंगे तो एकता खतरे में आती है। तो अनेकताओं का जश्न मनाने की जरूरत है। अनेकताओं को सम्मान देने की जरूरत है तो उसका उन्होंने जिक्र किया है। तपस्या की बात की है और उन्होंने कहा है कि मेरा जो सफर है, राजनैतिक सफर, व्यक्तिगत सफर जो है हमेशा कमजोर वर्ग को आवाज देने के लिए होगा। और जो मुद्दे उन्होंने उठाए हैं- आर्थिक विषमताओं के बारे में, सामाजिक ध्रुवीकरण के बारे में और राजनैतिक तानाशाही के बारे में, उसका भी उन्होंने जिक्र किया है, पर मुख्य संदेशा यही है कि भारत जोड़ो यात्रा एक चरण हो चुका है। 


अभी राजनैतिक पार्टी होने के कारण इसको हमें एक राजनैतिक संदर्भ देना है, एक राजनैतिक पैकेजिंग करने की जरूरत है और ये हाथ से हाथ जोड़ो अभियान एक तरीके से वो कदम लिया जा रहा है। अब पार्लियामेंट का सत्र 31 जनवरी को शुरू होने वाला है। अनेक मौके होंगे इन मुद्दों को उठाने के लिए, पर मैं समझता हूं कि ये तीन जो चुनौतियां हैं- आर्थिक चुनौती, सामाजिक चुनौती और राजनैतिक चुनौती, इन तीनों का संक्षिप्त तरीके में इस खत में राहुल जी ने जिक्र किया है और हाथ से हाथ जोड़ो अभियान एकता का अभियान है। वो नफरत छोड़ो का अभियान है ही, अनेकताओं को सम्मान देने का अभियान है और स्वर्णिम भारत बनाने का एक अभियान है।



....प्रतिशोध की राजनीति: पूर्व वित्त सचिव के ठिकानों पर CBI रेड पर जयराम रमेश

पूर्व वित्त सचिव अरविन्द मायाराम के परिसरों पर सीबीआई द्वारा तलाशी के प्रश्न पर श्री जयराम रमेश ने कहा- इस पर मैं पहले ही ट्वीट कर कह चुका हूँ। श्री रघुराम राजन श्री राहुल गांधी के साथ चले, उन पर हमला हुआ। जनरल दीपक कपूर भारत जोड़ो यात्रा में श्री राहुल गांधी के साथ चले, उन्हें बदनाम किया गया। पूर्व वित्त सचिव श्री अरविंद मायाराम श्री राहुल गांधी के साथ अलवर में चले, सीबीआई ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह प्रतिशोध की राजनीति है और ये भय फैलाना चाहते हैं|



केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया द्वारा राहुल गांधी को लिखी गई चिट्ठी पर जयराम रमेश ने कहा ‘‘मैं पूछना चाहता हूँ 20 तारीख को देश के स्वास्थ्य मंत्री ने धमकी दी थी, राहुल जी को और किस आधार पर धमकी दी थी, उन्होंने- बीजेपी के दो सांसद, राजस्थान के दो सांसदों ने उनको खत लिखा और स्वास्थ्य मंत्री ने एक खत लिखा राहुल जी को, जो मीडिया को पहले ही पहुंच गया था, राहुल जी को नहीं पहुंचा था, मीडिया को पहले ही पहुंच गया था और उस खत का मकसद क्या था। कोविड के बहाने भारत जोड़ो यात्रा को रोकने की धमकी दी थी।



उन्होंने कहा ‘‘आज मैं पूछना चाहता हूँ, देश के स्वास्थ्य मंत्री से, वो प्रोटोकॉल का क्या हुआ? 23 दिन हो गए, 23 दिन के बाद भी आपने कोई प्रोटोकॉल जारी नहीं किया है। प्रधानमंत्री देशभर में घूम रहे हैं, रैलियाँ संबोधित कर रहे हैं, क्रूज पर जा रहे हैं, मास्क पहने हुए हैं क्या? तो 20 तारीख की चिट्ठी क्या थी - एक राजनैतिक हस्तक्षेप था। एक राजनैतिक कदम था, बीजेपी की ओर से, मोदी सरकार की ओर से क्योंकि वो बौखला गई थी,राजस्थान में जो सफलता, खासतौर से जो बीजेपी का गढ़ माना जाता है, झालावाड़ जिले में हमें शुरुआत से मिली। 



तो ये बिल्कुल अरविंद मायाराम का जो आपने सवाल उठाया है, ये प्रतिशोध की राजनीति है, उत्पीड़न की राजनीति है. पर भारत जोड़ो यात्रा रुकेगी नहीं। लोग आते रहेंगे, इस धमकी से कोई डरने वाला नहीं है। जिनको आना है, वो आएंगे।



एक अन्य प्रश्न के उत्तर में श्री रमेश ने कहा कि कई बार मैंने इसका स्पष्टीकरण दिया है बार- बार मुझे दोहराने की जरूरत नहीं है आप मेरे इंटरव्यू को देख लीजिएगा, उनका ये कहना है कि आप हमेशा व्यक्ति पर बात करते हैं, मैं मुद्दों पर बात करता हूं। व्यक्ति छोड़िए, व्यक्ति नहीं है, मुद्दे हैं, हकीकत आर्थिक विषमता है, हकीकत सामाजिक ध्रुवीकरण है, हकीकत राजनैतिक तानाशाही है, ये मुद्दे हैं। वो मुद्दे श्री राहुल गांधी उठा रहे हैं, पर बार-बार सिर्फ राहुल गांधी- असली राहुल गांधी- नकली राहुल गांधी, यही बात चलती रहती है मीडिया में। उनका कहने का ये मकसद है कि भारत जोडो यात्रा की गंभीरता को देखते हुए मुद्दे पर बात कीजिये । व्यक्तियों पर हमेशा आप बात करते रहते हैं, इससे हटने की जरूरत है।


एकएक  अन्य प्रश्न पर कि आपने कहा था कि भारत जोड़ो यात्रा का कोई राजनैतिक मकसद नहीं था, श्री रमेश ने कहा कि राजनैतिक मकसद था, चुनावी मकसद नहीं था ।



हाथ जोड़ो अभियान में चार्जशीट होगी, राजनैतिक रैलियां होंगी....

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में श्री रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में जैसा कि मैंने कहा हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में चार्जशीट होगी, राजनैतिक रैलियां होंगी, राहुल गांधी जी का खत है जो घर-घर तक पहुंचाया जाएगा और स्पष्ट है कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में हम चुनाव की ओर देखते हैं। 2023 में 9 राज्यों में चुनाव हैं और 2024 में तो लोकसभा के चुनाव होंगे तो भारत जोड़ो यात्रा में हमने ये प्रयास किया कि थोड़ा चुनावी राजनीति से ऊपर होकर हम विचारधारा की राजनीति के आधार पर ही मुद्दे उठाए। पर हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में जब आप लोगो भी देखोगे और ये साफ दिखाई देगा, आपको भारत जोड़ो यात्रा में ये नहीं दिखाई दिया। सिर्फ राहुल गांधी जी के एक पत्रकार सम्मेलन में आपको ये दिखाई दिया, जब उन्होंने ये हाथ उठाया था। पर हमारे सिम्बल में कहीं ये नहीं दिखाई दे रहा है, हालांकि कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा है पर हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में स्पष्ट तरीके से ये दिखाया जाएगा और ये संदेशा है और ये भारत जोड़ो यात्रा से भी लिंक होगा। जब लोगो रिलीज होगा मैं आपको एडवांस में इनफॉर्मेशन दे रहा हूं।


हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है...

एक अन्य के उत्तर में श्री रमेश ने कहा कि एक प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है, एक फाउंडेशन तैयार किया गया है, एक शुरुआत है। अभी इसका असर क्या होगा, संगठन पर निर्भर करता है, राज्यों पर निर्भर करता है। ब्लॉक के स्तर पर संगठन, डिस्ट्रिक्ट के लेवल पर संगठन और सभी संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं पर निर्भर करता है। तो सही है ये एक फाउंडेशन है, एक प्लेटफॉर्म है, एक शुरुआत है।



'भारत जोड़ो यात्रा' के समापन पर 23 पार्टियों को निमंत्रण गया 

एक अन्य प्रश्न पर कि भारत जोड़ो यात्रा के समापन पर कितनी राजनैतिक पार्टियों को आमंत्रित किया गया है, श्री रमेश ने कहा कि मैं आपको बता दूं अभी पौने तीन बजे 13 तारीख तक 23 पार्टियों को निमंत्रण गया है। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में श्री रमेश ने कहा कि पहली बार पार्टियों के अध्यक्षों को कांग्रेस प्रेसीडेंट की ओर से खत गया है।


'हाथ से हाथ जोड़ो अभियान' एक बहुत बड़ी चुनौती है

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में श्री रमेश ने कहा कि हमारे लिए एक बहुत बड़ी चुनौती है। ये बहुत बड़ी चुनौती ये है जो हमने हाथ में लिया है हाथ से हाथ जोड़ो अभियान। ये बात सही है कि कई राज्यों में हमारा संगठन इतना मजबूत नहीं है पर हमने एक लक्ष्य रखा है। 2.5 लाख ग्राम पंचायतों तक तो पहुंचना ही है। 6 लाख गांवों में पहुंचना ही है। 10 लाख मतदान केन्द्रों तक पहुंचना ही है। किसी भी हालत में हमें पहुंचना है। मुश्किल है, 2 महीने का समय हमने लिया है, ये अभियान 2 महीने के लिए चलेगा और ये बात बिल्कुल सही है कि संगठन को मद्देनजर रखते हुए सवाल जरूर उठ सकता है कि क्या हम कर सकते हैं, कि नहीं। पर मैं 27 या 28 मार्च को इस सवाल का जवाब दूंगा । हमें करना ही है और हम करके ही रहेंगे ।




एक अन्य प्रश्न के उत्तर में श्री रमेश ने कहा कि कौन से सहयोगी दल नहीं शामिल हुए? नहीं कौन से शामिल नहीं हुए, बताईए न । पर आरजेडी ने कभी नहीं कहा हम समर्थन नहीं दे रहे हैं, पर वो आ नहीं पाए न और अभी 22 दिन बाकी हैं, 20 दिन बाकी है, श्रीनगर में भी आ सकते हैं न!

भारत जोड़ो यात्रा का आऊटरीच कभी मकसद नहीं था

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में श्री रमेश ने कहा कि आऊटरीच कभी मकसद नहीं था, भारत जोड़ो यात्रा का आऊटरीच कभी मकसद नहीं था। क्योंकि आप अपने सवाल का खुद जवाब दे रहे हैं, इसीलिए मुझे टोकना पड़ रहा है। आऊटरीच कभी मकसद नहीं था, हमने निमंत्रण दिया था सभी राजनैतिक दलों को, नागरिक संस्थाओं को, व्यक्तियों को। अगर वो शामिल होना चाहते हैं उनका स्वागत है। पहले दिन से हम कह रहे हैं। कई फ्लोर लीडरों को राहुल जी से खत गया। अभी अध्यक्षों को कांग्रेस अध्यक्ष ने पत्र लिखा है, ये पहली बार हुआ है। पर हमने ये पहले कभी नहीं कहा था कि भारत जोड़ो यात्रा का मकसद है, आऊटरीच कभी नहीं था। आऊटरीच नतीजा है, कारण नहीं है। कारण नहीं है। भारत जोड़ो यात्रा का नतीजा हो सकता है कि एक आऊटरीच बनाया जाए और एक जो लंबे समय तक रिश्ता होना चाहिए 2024 के चुनाव तक उसकी शुरुआत हम कर सकें। इसीलिए 30 जनवरी के लिए निमंत्रण दिया गया है।



एक अन्य प्रश्न के उत्तर में श्री रमेश ने कहा कि आप देखेंगे 30 तारीख को जो-जो लोग आएंगे। अध्यक्ष नहीं आ पाएंगे तो उनके कोई रिप्रजेंटेटिव जरूर रहेंगे । और आप देखेंगे 30 तारीख की बैठक श्रीनगर में..., उसका मकसद यही है कि भारत जोड़ो यात्रा तो अब हो गई । अब अगला कदम क्या लेना है 2024 के चुनाव के संदर्भ में, उस पर कुछ बातचीत होगी।


AAP और TRS को निमंत्रण नहीं गया

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में श्री रमेश ने कहा कि 13 तारीख तक आम आदमी पार्टी और टीआरएस को निमंत्रण नहीं गया है।


व्यक्ति आएंगे- व्यक्ति जाएंगे, संगठन सर्वोपरि है,  गहलोत एवं पायलट हमारी पार्टी के लिए संपत्ति...

राजस्थान को लेकर पूछे एक अन्य प्रश्न के उत्तर में श्री रमेश ने कहा कि खरगे जी हमारे कांग्रेस अध्यक्ष, हमारे प्रभारी रंधावा जी और कई नेता कुछ हल ढूंढने में लगे हुए हैं। भारत जोड़ो यात्रा में जो एकता, अनुशासन और एकजुटता हमें देखने को मिली है, सभी राज्यों में और खासतौर से राजस्थान में, मुझे विश्वास दिलाता है कि कोई न कोई रास्ता निकाला जाएगा, जो संगठन के लिए फायदेमंद होगा, व्यक्तियों को छोड़िए। संगठन सर्वोपरि है । जो रास्ता खरगे जी, रंधावा जी और सभी नेता ढूंढ़ निकालेंगे, वो कांग्रेस को मजबूत करेगा, राजस्थान में। व्यक्ति आएंगे, व्यक्ति जाएंगे। राहुल जी ने साफ कहा है, दोनों व्यक्ति (श्री अशोक गहलोत एवं श्री सचिन पायलट) हमारी पार्टी के लिए संपत्ति हैं, दोनों व्यक्ति हमारे लिए एसेट हैं इससे अधिक और कुछ मैं नहीं कह सकता हूं



tvlnews

TVL News (TheViralLines) के संवाददाता। यह रिपोर्ट स्थानीय स्रोतों और उपलब्ध आधिकारिक जानकारी की पुष्टि के बाद प्रकाशित की गई है। किसी तथ्य में सुधार के लिए संपर्क करें या +91 99996 56869 पर WhatsApp करें।

मुफ़्त अलर्ट

ऐसी हर खबर सबसे पहले पाएँ

बस्ती, गोंडा, अयोध्या, गोरखपुर और लखनऊ के अपडेट सीधे आपके WhatsApp पर।

इन्हें भी पढ़ें

टॉप न्यूज़ की सभी खबरें

इस खबर से जुड़े सवाल

यह खबर कब प्रकाशित हुई और आखिरी बार कब अपडेट की गई?

यह रिपोर्ट 13 जनवरी 2023 को TVL News पर प्रकाशित हुई और 9 मई 2025 को अपडेट की गई। नई जानकारी मिलने पर खबर को अपडेट किया जाता है।

इस क्षेत्र की और खबरें कहाँ पढ़ें?

इस क्षेत्र की ताज़ा खबरें TVL News के ज़िला सेक्शन में पढ़ी जा सकती हैं। thevirallines.net पर बस्ती, गोंडा, अयोध्या, गोरखपुर और लखनऊ के अलग-अलग पेज हर दिन अपडेट होते हैं।

इस खबर में कोई तथ्य ग़लत लगे तो क्या करें?

TVL News हर सुधार को गंभीरता से लेता है। +91 99996 56869 पर WhatsApp करें या thevirallines@gmail.com पर लिखें — पुष्टि के बाद खबर तुरंत सुधारी जाती है।