नई दिल्ली: पूरी दुनिया कोरोना वायरस की वैक्सीन का इंतजार कर रही है। भारत भी वैक्सीन बनाने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौजूदा वक्त में भारत के करीब तीन वैक्सीन कैंडिडेट क्लीनिकल ट्रायल में हैं और संभवत: साल 2021 की पहली तिमाही में देश के लोगों को वैक्सीन मिल सकती है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने इसकी जानकारी दी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि,''वैक्सीन की खोज की दिशा में बहुत तेजी से प्रयास हो रहा है, देश में कम से कम 3 वैक्सीन कैंडिडेट क्लीनिकल ट्रायल के अलग-अलग चरण में हैं। उम्मीद है कि अगले साल की पहली तिमाही में कभी भी देश के लोगों को वैक्सीन उपलब्ध हो सकती है|
दुनिया में सबसे ज्यादा तेजी से कोरोना संक्रमण भारत में ही फैल रहा है| 28 सितम्बर की सुबह तक देश में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 60 लाख 75 हजार के करीब पहुँच गया है| कोरोना संक्रमण के 60 लाख मामले रिपोर्ट करने वाला दुनिया का दूसरा देश भारत बन गया है|
भारत में पिछले 24 घंटों में 82,170 नए कोरोनावायरस मामलों के साथ सोमवार को संक्रमण के कुल आंकड़े 60,74,702 हो गए|पिछले 24 घंटों में देश में और 1,039 लोगों की मौत दर्ज की गई। अब तक कोरोनावायरस से 95,542 लोगों की मौत हो चुकी है | देश में वर्तमान में कोरोना के 9,62,640 मामले सक्रिय हैं।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटे में COVID19 के 82,170 नए मामले सामने आए और 1,039 मौतें हुईं। देश में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 60,74,703 हो गई है जिसमें 9,62,640 सक्रिय मामले, 5,01,6521 ठीक/डिस्चार्ज/माइग्रेट मामले और 95,542 मौतें शामिल हैं|