नई दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने राज्यसभा में बजट चर्चा पर जवाब दिया| केंद्रीय बजट 2021 पर राज्यसभा में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि,''इस बजट में आशा दिखती है..आशा एक नए भारत और आत्मनिर्भर भारत की। इसमें विशेष तौर पर देखा जाए तो पूंजीगत व्यय में 34.5 प्रतिशत की वृद्धि की गई है जो अपने आप में रिकॉर्ड है|
अनुराग ठाकुर ने कहा कि,''बजट में 65,000 करोड़ का एक बड़ा हिस्सा पीएम किसान योजना में दिया गया है। विपक्ष कहते हैं कि कृषि कानून काला कानून है जिसकी नज़र ही काली होगी तो सोच भी वैसी ही होगी। किसानों की आय दोगुनी करने के लिए ही इस कानून को लाया गया है, हम किसानों की आय दोगुनी करके ही छोड़ेंगे|
उन्होंने कहा,''कांग्रेस और विपक्षी दल के नेताओं को मेरी खुली चुनौती है कि बताए कृषि कानून में कहां लिखा है कि मंडी और MSP बंद हो जाएगी। आप अपनी राजनीति के लिए किसानों को मत इस्तेमाल कीजिए। हमने किसानों की आय को दोगुना करने का काम लिया है तो इसे करके ही छोड़ेंगे|
राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा,']ये बजट आत्मनिर्भर भारत के लिए है। ये बजट ऐसा है जो स्पष्ट रूप से अनुभव और प्रशासनिक क्षमताओं को दर्शाता है| पीएम आवास योजना के तहत 1.67 करोड़ से अधिक घरों का निर्माण हुआ। क्या यह अमीरों के लिए है? 17 अक्टूबर के बाद से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2.67 से अधिक घरों का विद्युतीकरण किया गया| 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में खाद्यान्न, 8 करोड़ लोगों को मुफ्त में खाना बनाने वाली रसोई गैस उपलब्ध कराई गई और 40 करोड़ लोगों, किसानों, महिलाओं, दिव्यांगों, गरीबों और जरूरतमंदों को सीधे नकद राशि दी गई थी|