नई दिल्ली: केंद्र सरकार द्वारा संसद के दोनों सदनों से पारित तीन कृषि विधेयकों पर राष्ट्रपति ने हस्ताक्षर कर दिए हैं। यानी अब ये कानून बन गए हैं। इस कानून को लेकर देशभर में प्रदर्शन जारी है। सोमवार को भी देश के कई हिस्सों में कानून के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है।
पंजाब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इंडिया गेट के पास Farm Laws के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए एक ट्रैक्टर को आग लगा दी।पुलिस अधिकारी ने बताया कि,''दिल्ली में इंडिया गेट के पास विरोध प्रदर्शन करने और ट्रैक्टर जलाने के सिलसिले में पंजाब के रहने वाले पांच लोगों को हिरासत में लिया गया। कानूनी कार्रवाई शुरू हुई।
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी ने कहा,''कृषि कानूनों को लेकर कांग्रेस जो भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रही है वो खुद अपने भ्रम के चक्रव्यूह में फंसती जा रही है क्योंकि किसानों को एहसास है कि मोदी जी ने किसी भी कीमत पर किसानों के हितों के साथ समझौता न किया है और न करेंगे|
नक़वी ने कहा,'' कांग्रेस पार्टी की दिक्कत क्या है?... फुल टाइम फिसड्डी और पार्ट टाइम कबड्डी। ये फुल टाइम फिसड्डी और पार्ट टाइम कबड्डी के आधार पर भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं और कुछ नहीं|
इंडिया गेट पर ट्रैक्टर में आग लगाने की घटना पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा,''आज दिल्ली में कांग्रेस ने अपना असली चेहरा दिखाया, किसानों के नाम पर कुछ असामाजिक तत्व अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। एक ट्रैक्टर जलाने का नाटक रचा गया, ये सारा विषय दुर्भाग्यपूर्ण है|
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा,''कांग्रेस ने देश को शर्मसार किया, आज तक जनता ने आंदोलन देखे। लेकिन ट्रैक्टर लाकर इंडिया गेट के पास जलाना, कांग्रेस का नाटक है, हम इसकी भर्त्सना करते हैं। जिस तरह किसान आंदोलन के नाम पर कांग्रेस राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम कर रही है वो निंदनीय है|
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कृषि कानून को किसानों के मौत का फरमान बताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'नया कृषि कानून किसानों के लिए मौत का फरमान है। उनकी आवाज को संसद और संसद के बाहर दबाया जा रहा है। ये सबूत है कि देश में लोकतंत्र मर चुका है।'
कर्नाटक में प्रदर्शनकारियों ने बनाई मानव श्रृंखला: कर्नाटक में एसडीपीआई, कर्नाटक राज्यसभा संघ, जद(एस), कर्नाटक रक्षा वेदिक और अन्य ने अशोक सर्कल शिवमोग्गा में सरकार के विरोध में मानव श्रृंखला बनाई। कृषि कानून, भूमि सुधार अध्यादेश, कृषि उपज मंडी समिति में संशोधन और श्रम कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों ने आज राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है।
कर्नाटक में जनता दल सेक्युलर (जदएस) के कार्यकर्ताओं ने शिवमोगा में एक बाइक रैली निकाली, उन्हें पुलिस ने लक्ष्मी थिएटर सर्कल पर रोक दिया। कृषि कानून, भूमि सुधार अध्यादेश, कृषि उपज मंडी समिति में संशोधन और श्रम कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों ने आज राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है।
द्रविड़ मुनेत्र कड़घम के अध्यक्ष एमके स्टालिन ने कांचीपुरम के कीझांबी गांव में कृषि कानून के प्रदर्शन में हिस्सा लिया। पार्टी अध्यक्ष ने कहा, 'हमारा पड़ोसी राज्य, केरल विरोध कर रहा है और स??सद में पारित कृषि कानून के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया है। हम अपनी राज्य सरकार से ऐसा ही करने के लिए कहते हैं अन्यथा विपक्षी दल इस पर अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।'
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के इस सप्ताह पंजाब में किसानों द्वारा किए जा रहे कृषि कानूनों के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने की संभावना है। एक कांग्रेस नेता ने बताया कि राहुल एक रैली को भी संबोधित कर सकते हैं। हालांकि, इसकी तिथि और स्थल को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब के बाद वह हरियाणा में प्रदर्शनकारी किसानों के साथ शामिल हो सकते हैं। लेकिन हमें यकीन नहीं है कि हरियाणा में भाजपा सरकार उन्हें राज्य में प्रवेश करने देगी।
कृषि कानून के विरोध में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टम अमरिंदर सिंह शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर उनके जन्मस्थान में धरना दे रहे हैं। उनके साथ मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता भगत सिंह के गांव खटकर कलां में धरने पर बैठ गए हैं। इसके अलावा कांग्रेस महासचिव और पंजाब के प्रभारी हरीश रावत भी धरने में शामिल हो गए हैं। धरना शुरू करने से पहले मुख्यमंत्री ने भगत सिंह की प्रतिमा को श्रद्धांजलि दी।