नई दिल्ली: केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली और आसपास डटे किसानों ने आंदोलन और तेज करने की कवायद शुरू कर दी है| किसानों ने आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की है| दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का प्रदर्शन 26वें दिन जारी है। दूसरी ओर सरकार पर दबाब बनाने के लिए सोमवार से किसानों ने क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी है। सिंघु बॉर्डर और गाजीपुर बॉर्डर पर 11 किसान 24 घंटे भूख हड़ताल पर बैठ चुके हैं।
किसानों ने बताया है कि आज यानी सोमवार से हर रोज 11 किसान 24 घंटे के भूख हड़ताल पर रहेंगे। जब उनका उपवास खत्म होगा तो अन्य 11 लोग हड़ताल पर बैठ जाएंगे इस तरह यह चेन चलती रहेगी। इसके साथ ही आगे जाकर टोल प्लाजा फ्री करना और थाली बजाने जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
गाजीपुर बॉर्डर पर मिंटू बाजवा सुबह 8 बजे से 24 घंटे के लिए भूख हडताल पर बैठे। उन्होंने बताया, अगले 24 घंटे के लिए हम भूख हड़ताल पर बैठे हैं। हम सिर्फ पानी पी सकते हैं, सांस ले सकते हैं और बात कर सकते हैं। लेकिन कुछ खाएंगे नहीं।
गाज़ीपुर बॉर्डर से भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बताया,जब तक आंदोलन चलेगा तब तक हर रोज़ 11 किसान भूख हड़ताल पर बैठेंगे|
दिल्ली के बुराड़ी के संत निरंकारी समागम ग्राउंड में किसानों का प्रदर्शन जारी है। किसान संयुक्त मोर्चा के रामपाल सिंह ने बताया, "इस संघर्ष को 3-4 महीने हो चुके हैं, पहले हमने ये संघर्ष पंजाब में लड़ा और अब दिल्ली में लड़ रहे हैं। जब तक ये कृषि कानून वापस नहीं होते हम नहीं जाएंगे।"
कृषि कानूनों के खिलाफ सिंघु बॉर्डर पर किसानों का विरोध प्रदर्शन आज 26वें दिन भी जारी है। BKU पंजाब के सचिव बलवंत सिंह ने बताया,"आज से यहां हर रोज़ 11 लोग भूख हड़ताल पर बैठेंगे। इस प्रकार हम बताना चाह रहे हैं कि सरकार हमारी मांग नहीं मान रही है और हम इस तरह से अपनी मांग मनवाएंगे।"