नई दिल्ली: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने 2 जनवरी को COVID19 टीकाकरण अभियान के ड्राई रन की तैयारियों के लिए दिल्ली सरकार के साथ एक समीक्षा बैठक की। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ.हर्षवर्धन ने दिल्ली में कल होने वाले ड्राई रन की तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों के साथ बैठक की।
दिल्ली सरकार के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हो रही बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पहले चरण में वैक्सीन लगाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। जिन लोगों को पहले वैक्सीन देनी है उनकी सूची तैयार है। उन्होंने कहा,''COVID19 वैक्सीन के लिए ड्राई-रन दिल्ली के जीटीबी अस्पताल और दिल्ली के एक निजी अस्पताल में होगा|
2 जनवरी को COVID19 वैक्सीन ड्राई रन पर डॉ.हर्षवर्धन ने कहा,''इस अभ्यास का लक्ष्य यह है कि न्यूनतम विवरणों पर गहन शोध किया जाए। उन्होंने कहा,''वैक्सीन को लेकर देश में बहुत गंभीरता से प्रयास हो रहा है और कम से कम दो वैक्सीन ने अप्रूवल के लिए ड्रग कंट्रोलर के यहां आवेदन किया है, उनके डेटा का सक्रिय रूप से अध्ययन किया जा रहा है|
दो जनवरी से कोविड-19 वैक्सीन के ड्राय रन को लेकर उन्होंने कहा,'स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की सूची बनाई गई है और COVID प्लेटफॉर्म पर अपलोड की जाएगी। जैसे हम चुनाव के दौरान तैयारी करते हैं, उसी तरह हमें सभी मेडिकल टीमों के प्रत्येक सदस्य को जिम्मेदारी से प्रशिक्षित करने की आवश्यकता है| केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ.हर्षवर्धन ने कहा,'' राष्ट्रीय स्तर पर 2,000 से अधिक मास्टर ट्रेनरों के प्रशिक्षण के बाद, 700 से अधिक जिलों में राज्य और जिला स्तर पर प्रशिक्षण चल रहा है। प्रक्रिया चुनाव आयोजित करने के समान है जहां एक बूथ पर टीम को भी प्रशिक्षित किया जाता है|
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा,''हमारा रिकवरी रेट दुनिया में सबसे ज़्यादा है और मृत्यु दर सबसे कम है और रोज़ कोरोना वायरस के मामलों में कमी आ रही है। वैक्सीन फ्रंट से भी अच्छी ख़बरें आने की संभावनाएं नज़र आ रही हैं। 2021 का वर्ष हम सबके लिए निश्चित रूप से 2020 से बेहतर होगा|