नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर का कहर जारी है। बीते 24 घंटों में रिकॉर्ड करीब 1.62 लाख नए कोरोना मरीज मिले हैं और 879 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी है। देश में कुल 10,85,33,085 लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाई गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटे में COVID19 के 1,61,736 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,36,89,453 हुई। 879 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,71,058हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या12,64,698 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,22,53,697 है।
सोमवार की तुलना में कोरोना संक्रमण के नए मामलों और कोविड से होने वाली मौतों में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को रिकॉर्ड करीब 1.69 लाख नए कोरोना मरीज मिले थे और 904 से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी। देश में पिछले करीब एक सप्ताह से हर रोज एक लाख से ज्यादा और तीन से डेढ़ लाख के पार कोरोना मरीज मिल रहे हैं।
भारत में कल तक कोरोना वायरस के लिए कुल 25,92,07,108 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 14,00,122 सैंपल कल टेस्ट किए गए: भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR)
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में सक्रिय मामलों का ग्राफ बहुत तेजी से ऊपर पहुंच रहा है। पिछले 24 घंटों में 97,168 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं, इसी के साथ देश में अब तक 1,22,53,697 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब हुए हैं। रोजाना के आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बेहद कम है। फिलहाल, देश में सक्रिय मामले बढ़कर 12,64,698 पहुंच गए हैं।