नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर का कहर जारी है। लगातार दूसरे दिन 4 हजार से ज्यादा लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। कोविड से होने वाली मौतों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से दहशत का माहौल है। लगातार बढ़ते कोरोना मरीजों की वजह से देश भर के अस्पतालों में बेड, वेंटिलेटर, रेमडेसिविर और ऑक्सीजन की किल्लत जारी है। सैकड़ों लोग बिना इलाज के ही दम तोड़ रहे हैं। यूपी, दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश समेत ज्यादातर राज्यों में तमाम पाबंदियां लागू हैं। इसके बावजूद देश में रोजाना कोरोना के साढ़े तीन लाख से ज्यादा नए मरीज मिल रहे हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में 4,126 की जान चली गई है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार ,''भारत में पिछले 24 घंटे में COVID19 के 3,62,727 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,37,03,665 हुई। 4,120 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 2,58,317 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 37,10,525 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,97,34,823 है।
देश में कुल 17,72,14,256 लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाई गई है।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार ,'भारत में कल तक कोरोना वायरस के लिए कुल 30,94,48,585 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 18,64,594 सैंपल कल टेस्ट किए गए|
देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर की तबाही जारी है। इस बीच, महामारी की तीसरी लहर को लेकर चेतावनी जारी की गई है, जिसमें सबसे अधिक बच्चों के संक्रमित होने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए बड़ा कदम उठाया गया है। ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (सीसीजीआई) ने 2 से 18 आयुवर्ग के लिए भारत बायोटेक की कोविड वैक्सीन के दूसरे/तीसरे चरण के लिए ट्रायल की मंजूरी दे दी। इसके बाद अब भारत बायोटेक 525 बच्चों पर यह ट्रायल करेगी।
सरकार के राष्ट्रीय टीकाकरण तकनीकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) ने कोविशील्ड टीके की दो खुराकों के बीच अंतर बढ़ाकर 12-16 हफ्ते करने की सिफारिश की। कोवैक्सिन की खुराकों के लिए बदलाव की अनुशंसा नहीं की|