कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने आज धुबरी, असम में विशाल जनसभा को संबोधित किया। प्रियंका गांधी ने कहा,''भाजपा का अहंकार इतना बढ़ गया है कि आज इनके नेता कह रहे हैं कि हम संविधान को बदल डालेंगे। यह हमारा संविधान ही है जिसने 75 सालों से देश की स्वतंत्रता, संप्रभुता, एकता और अखंडता को बरकरार रखा है। संविधान के समक्ष मजदूर, किसान, ग्रामीण हो या प्रधानमंत्री और मंत्री, सबको समान अधिकार हैं। इसने जनता के हाथों में शक्ति दी है। कमजोर को सुरक्षा देता है। वंचित को आरक्षण देकर सशक्त करता है। जनता यह अहंकार बर्दाश्त नहीं करेगी।
असम के धुबरी में प्रियंका गांधी ने कहा,''यह ऐसी धरती है, जहां से पूरे देश को संदेश जाता है कि यह पूरा देश एक परिवार है और इस देश के लिए हम सब एकजुट होकर लड़ेंगे। राहुल गांधी जी ने दो यात्राएं निकाली। यात्रा का मकसद लोगों को संदेश देना था कि यह देश हम सबका है, हम एक हैं। चाहे किसी को अच्छा लगे या न लगे, राहुल जी सिर्फ सत्य बोलते हैं और सत्य के पथ पर चलते हैं। सत्य की परंपरा.. हमारे देश की परंपरा है। महात्मा गांधी जी भी सत्य की राह पर चले थे। हमारे स्वतंत्रता आंदोलन की नींव भी- सत्य, सच्चाई, जनता की सेवा- ही थी।
प्रियंका गांधी ने कहा,''आज देश में जैसी राजनीति चल रही है, उसे आपको गहराई से समझना पड़ेगा। एक जमाने में मीडिया जनता का प्रतिनिधित्व करती थी, सत्ता से सवाल किया जा सकता था। लेकिन आज सारी संस्थाएं एक पार्टी के साथ खड़ी हैं। चाहे वह मीडिया हो या चुनाव आयोग। आज लोकतंत्र और संविधान को मजबूत करने वाले सारे रास्ते बंद किए जा रहे हैं।
आज BJP के नेता संविधान को बदलने की बात कर रहे हैं।
- संविधान ने आपको वोट की शक्ति दी
- संविधान ने आपको समानता का अधिकार दिया
- संविधान आपके अधिकारों की रक्षा करता है
ये संविधान BJP का नहीं, जो ये बदल देंगे। ये संविधान इस देश का है, आपका है। इसे कोई नहीं बदल सकता।
प्रियंका गांधी ने कहा,''आप असम के मुख्यमंत्री की तुलना कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों से कीजिए। जब आप तेलंगाना और कर्नाटक के मुख्यमंत्री से पूछेंगे कि क्या हो रहा है- वे बताएंगे कि हम कांग्रेस की गारंटियों को पूरा कर रहे हैं। एक तरफ जहां कांग्रेस की सरकारें, जनता की सेवा में लगी हैं। वहीं असम में माफियाओं का राज चल रहा है। यहां के CM जब कांग्रेस पार्टी में थे, तो उनके ऊपर बड़े-बड़े आरोप लगाए गए, लेकिन जैसे ही वे BJP में शामिल हुए, सारे दाग साफ हो गए। ये BJP की 'वाशिंग मशीन' है।
प्रियंका गांधी ने कहा,''आज देश में 45 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। क्योंकि सरकार में बैठे मुख्यमंत्री, मंत्री, नेताओं का सारा ध्यान अपने स्वार्थ पर है। जनता कैसे कमाएगी, कैसे खाएगी- उन्हें इससे फर्क नहीं पड़ता। देश में 30 लाख सरकारी पद खाली हैं, लेकिन आज जिससे भी बात करो, वो बेरोजगार है।
प्रियंका गांधी ने कहा,''महिला घर की जिम्मेदारी भी उठाती है और समाज की परवरिश भी करती है। लेकिन मोदी सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कुछ नहीं किया। मोदी जी ने कहा कि उन्होंने महिलाओं को आरक्षण दिया है, लेकिन वह आरक्षण कब लागू होगा पता नहीं। वहीं कांग्रेस ने महिलाओं को केंद्र सरकार की नौकरियों में 50% आरक्षण की गारंटी दी है.. और हम ये गारंटी पूरी करेंगे।
प्रियंका गांधी ने कहा,''कर्नाटक में BJP का एक नेता हजारों महिलाओं का यौन शोषण कर विदेश भाग गया। नरेंद्र मोदी जी कुछ दिनों पहले इसी नेता के लिए भरे मंच से वोट मांग रहे थे। देश में जहां भी महिलाओं पर अपराध हुए, चाहे वह हाथरस हो, उन्नाव हो या मणिपुर.. उसमें BJP के नेता शामिल रहे हैं। मोदी सरकार सिर्फ अपराधियों की रक्षा करती आई है।
प्रियंका गांधी ने कहा,'मैं चाय के बागानों में महिलाओं से मिली, वहां उन्होंने मुझे अपनी समस्याएं बताईं। उन्हें बेहद कम वेतन मिलता है, उनकी मांग थी कि उनका वेतन बढ़ाया जाए। यहां के CM चाय बागानों को हड़पवाते हैं, अलग-अलग बिजनेस करवाते हैं, लेकिन आपकी मजदूरी नहीं बढ़ाते। इसलिए कांग्रेस की गारंटी है- आपकी मजदूरी 400 रुपए तक की जाएगी।
कांग्रेस की गारंटी
युवा न्याय
1. पहली नौकरी पक्की - हर शिक्षित युवा को 1 लाख रुपए की अप्रेंटिसशिप का अधिकार
2. भर्ती भरोसा - 30 लाख सरकारी नौकरियां, सभी खाली पोस्ट कैलेंडर के अनुसार भरेंगे
3. पेपर लीक से मुक्ति - पेपर लीक रोकने के लिए नए कानून और नीतियां
4. गिग-वर्कर सुरक्षा - गिग वर्कर के लिए बेहतर काम-काजी नियम और संपूर्ण सामाजिक सुरक्षा 5. युवा रोशनी - युवाओं के लिए 5,000 करोड़ रुपए का नया स्टार्टअप फंड
नारी न्याय
1. महालक्ष्मी - हर गरीब परिवार की एक महिला को हर साल 1 लाख रुपए
2. आधी आबादी, पूरा हक - केंद्र सरकार की नई नौकरियों में 50% महिला आरक्षण
3. शक्ति का सम्मान - आशा, मिड डे मील और आंगनवाड़ी वर्कर्स को ज़्यादा सैलरी, दोगुने सरकारी योगदान से
4. अधिकार मैत्री - महिलाओं को कानूनी हक़ और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने वाली एक अधिकार-सहेली, हर पंचायत में
5. सावित्री बाई फुले हॉस्टल - कामकाजी महिलाओं के लिए दोगुने हॉस्टल
किसान न्याय
1. सही दाम - MSP की कानूनी गारंटी, स्वामीनाथन फॉर्मूले के साथ
2. कर्ज़ मुक्ति - क़र्ज़ माफ़ी प्लान प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए परमानेंट आयोग
3. बीमा भुगतान का सीधा ट्रांसफर - फसल नुकसान पर 30 दिन के अंदर सीधे खाते में पैसा ट्रांसफर
4. उचित आयात-निर्यात नीति - किसानों की सलाह से नई इंपोर्ट-एक्सपोर्ट पॉलिसी बनेगी
5. GST-मुक्त खेती - किसानी के लिए जरूरी हर चीज से GST हटेगी
श्रमिक न्याय
1. श्रम का सम्मान - दैनिक मजदूरी कम से कम 400 रुपए, मनरेगा में भी लागू
2. सबको स्वास्थ्य अधिकार - ₹25 लाख का हेल्थ-कवर: मुफ़्त इलाज़, अस्पताल, डॉक्टर, दवा, टेस्ट, सर्जरी
3. शहरी रोजगार गारंटी - शहरों के लिए भी मनरेगा जैसी नई योजना
4. सामाजिक सुरक्षा - असंगठित मजदूरों के लिए जीवन और दुर्घटना बीमा
5. सुरक्षित रोजगार - मुख्य सरकारी कार्यों में कांट्रैक्ट सिस्टम मजदूरी बंद
हिस्सेदारी न्याय
1. गिनती करो - सामाजिक व आर्थिक समानता के लिए हर व्यक्ति, हर वर्ग की गिनती
2. आरक्षण का हक - संवैधानिक संशोधन द्वारा 50% सीमा हटाकर SC/ST/OBC को आरक्षण का पूरा हक
3. SC/ST सब प्लान की कानूनी गारंटी - जितनी SC/ST जनसंख्या, उतना बजट; यानी ज़्यादा हिस्सेदारी
4. जल-जंगल-ज़मीन का क़ानूनी हक़ - वन अधिकार क़ानून वाले पट्टों का 1 साल में फैसला
5. अपनी धरती, अपना राज - कांग्रेस उन बस्तियों को अनुसूचित क्षेत्रों में अधिसूचित करेगी जहां आदिवासी सबसे बड़ा सामाजिक समूह हैं