नई दिल्ली: बंगाल के हावड़ा में वर्चुअली एक रैली को संबोधित करते हुए गृह मंत्री और बीजेपी नेता अमित शाह ने कहा,''हमारे कम्युनिस्ट भाई बंगाल को जहां छोड़ कर गए थे ममता बनर्जी ने बंगाल को उससे भी नीचे गिराने का काम किया है। ममता जी आपको बंगाल की जनता कभी माफ नहीं कर सकती|
हावड़ा के डुमुरजला स्टेडियम में रैली को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा,'भाजपा की सरकार आने के बाद हम पहली कैबिनेट में ये प्रस्ताव करेंगे कि पूरे बंगाल में गरीब लोगों को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना का पूरा फायदा मिले। बंगाल के अंदर परिवर्तन की जो लहर चली है उसे दीदी आप रोक नहीं सकती हैं|
अमित शाह ने कहा,''जिस प्रकार से बड़ी मात्रा में तृणमूल कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी के नेता, कांग्रेस पार्टी के अच्छे नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं, ममता दीदी चुनाव आते-आते आप पीछे मुड़कर देखना आप अकेली खड़ी रह जाओगी। कोई और साथ देने वाला आपके साथ नहीं होगा| ममता बनर्जी ने बंगाल की भूमि को रक्त-रंजित किया है, बंगाल की भूमि को घुसपैठियों के घुसने के लिए खुला छोड़ दिया है| घुसपैठियों को सिर्फ नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में बनने वाली भाजपा सरकार ही रोक सकती है।
शाह ने कहा,'''मोदी सरकार जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और ममता दीदी की सरकार भतीजा कल्याण में व्यस्त है। इनके लिए बंगाल की जनता का कल्याण एजेंडा नहीं है | शाह ने कहा,'ममता दीदी ने पिछले दिनों एक कागज भेजा है कि हम किसान सम्मान निधि योजना लागू करने के लिए सहमत हैं। दीदी आप किस बेवकूफ बना रही हो, सिर्फ कागज भेजा है, इसके साथ किसानों की सूची चाहिए, बैंक खाते का नंबर चाहिए। आपने ये कुछ नहीं भेजा।
बंगाल के हावड़ा रैली में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, भाजपा नेताओं दिलीप घोष ,कैलाश विजयवर्गीय और भाजपा नेता सुवेन्दु अधकारी के साथ कल बीजेपी में शामिल हुए पार्टी नेता राजीव बैनर्जी, बैशली डालमिया, प्रबीर घोषाल, रथिन चक्रवर्ती और रुद्रनील घोष मौजूद रहे|
हावड़ा में भाजपा नेता सुवेन्दु अधकारी ने कहा,'''तृणमूल कांग्रेस अब एक पार्टी नहीं बल्कि एक निजी लिमिटेड कंपनी है। 28 फरवरी तक टीएमसी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी खाली कर दी जाएगी, किसी को भी नहीं छोड़ा जाएगा| BJP नेता राजीब बनर्जी ने कहा,''हम पश्चिम बंगाल में डबल इंजन सरकार चाहते हैं। हम सोनार बांग्ला के लिए केंद्र और राज्य दोनों जगहों पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार चाहते हैं|
बंगाल के हावड़ा रैली में स्मृति ईरानी ने कहा,'प्रदेश की जनता उस राजनीतिक दल का कभी समर्थन नहीं कर सकती जो अपनो को अपनो से लड़ाता है, केंद्र की सरकार से मात्र अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए बैर रखता है और जय श्रीराम के नारे को भी अपमानित करता है। उस दल में कोई राष्ट्रभक्त एक मिनट भी नहीं ठहर सकता