नई दिल्ली: पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह (Amarinder Singh) के बीच मचे घमासान के बीच अब एक बार फिर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद मनीष तिवारी की भी एंट्री हो गई है|
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू का एक वीडियो ट्विटर पर शेयर करते हुए मनीष तिवारी ने शायराना अंदाज में पलटवार किया है और साथ ही इशारों इशारों में कांग्रेस आलाकमान पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
मनीष तिवारी ने बीते दिनों अमृतसर में आयोजित कार्यक्रम में नवजोत सिंह सिद्धू के तल्ख तेवर वाले एक वीडियो को ट्विटर पर शेयर करते हुए सियासी शायरी की है। मनीष तिवारी ने ट्वीट में लिखा, 'हम आह भी भरते हैं तो हो जाते हैं बदनाम, वो क़त्ल भी करते हैं तो चर्चा नहीं होती।'
दरअसल, अमृतसर में आयोजित एक कार्यक्रम में सिद्धू ने कड़े तेवर दिखाते हुए ईंट से ईंट बजाने की बात कही थी। सिद्धू ने हुंकार भरी कि मैंने पार्टी आलाकमान से कहा है कि अगर मैं पंजाब की जनता और पंजाब मॉडल की उम्मीदों पर खरा उतरने में सफल रहा तो दो दशक तक कांग्रेस को पिक्चर से बाहर नहीं होने दूंगा|
नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा था, 'अगर उन्हें अपनी आशा और विश्वास की नीति के अनुसार काम करने की अनुमति दी जाती है तो वह राज्य में 20 साल तक कांग्रेस का शासन सुनिश्चित करेंगे।' साथ में सिद्धू ने कहा, 'अगर आप मुझे निर्णय लेने की अनुमति नहीं दी गई तो वह ईंट से ईंट खड़का देंगे। वह दार्शनिक घोड़ा बनकर नहीं रहना चाहते हैं।'