नई दिल्ली: कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा,''पूर्व PM मनमोहन सिंह जी ने प्रधानमंत्री मोदी जी को पत्र लिखा। जिसका जवाब केंद्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने दिया, जिसके बारे में कहते हुए मुझे दुःख हो रहा है कि तीन पन्नों का यह पत्र भारत की राजनीति में नए औछेपन का प्रतीक है, जिसकी भाषा भी इतनी वीभत्स है| सुप्रिया श्रीनेत ने कहा,''''वैसे अगर डाक्टर मनमोहन सिंह जी की सारी बातें माननी ही थीं तो वह बेवक़ूफ़ी भरा पत्र क्यों लिखा आपने (डॉ हर्षवर्धन)..? या फिर आपसे लिखाया गया? बड़ी नाइंसाफ़ी है, आपको तो ओछा साबित कर दिया गया!
सुप्रिया श्रीनेत ने कहा,''कोरोना के 2,73,802 मामले कल तक सामने आए हैं और करीब-करीब 1.8 लाख लोगों की इस देश में मौत हो चुकी है। मौत का इतना भयावह मंजर हम लोग हर जगह देख रहे हैं चाहे वह उत्तर प्रदेश हो या गुजरात। श्मशान घाट सड़कों तक आ चुके हैं। लोग सड़कों पर लाश जलाने को मजबूर हैं। पहली बार श्मशान घाट पर टोकन बाँटे जा रहे हैं। पहली बार श्मशान घाट पर 14 से 15 घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है कि किसी तरह से क्रिया कर्म किया जा सके |
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा,''इन सबके बीच हैरान कर देने वाली बात यह है कि परिस्थितियां इतनी बदतर होने के बावजूद भी प्रधानमंत्री मोदी जी बंगाल में अपनी 4 रैलियों को संबोधित करेंगे। कल अमित शाह जी ने वो काम किया आज मोदी वही करेंगे|
सुप्रिया श्रीनेत ने कहा,'''राहुल जी ने कोरोना के बढ़ते प्रकोप की परिस्थितियों को देखते हुए अपनी चुनावी रैलियों को रद्द कर दिया। वहीं मोदी जी जिन पर देश की जिम्मेदारी है, क्या उनके लिए चुनावी सभाओं में जाकर वोट माँगना लोगों की जान से ज्यादा जरुरी है?
सुप्रिया श्रीनेत ने कहा,''मैं आपके माध्यम से यह पूछना चाहती हूं कि प्रधानमंत्री जी, जो सुबह कहते हैं कि कुंभ सांकेतिक हो, दिन में भीड़ देखकर उनको हैरानी होती है और शाम को आकर कोरोना की समीक्षा करने लगते हैं, तो आप इतना ज्यादा ढोंग करने की कुव्वत लाते कहाँ से हैं ? ...
सुप्रिया श्रीनेत ने कहा,''बिगड़ती हुई हालत हर जगह है। महाराष्ट्र में, गुजरात में दवाइयों, हॉस्पिटल बेड, वैक्सीन, ऑक्सीजन और रेमडेसिविर की कमी है। उसी बीच आपको पता चलता है कि रेमडेसिविर की स्मगलिंग की जा रही है | वह स्मगलिंग राजकोट का भाजपा का म्युनिसिपल काउंसलर नहीं कर रहा है जो 45 हज़ार लेकर पहले कर रहा था। अबकी बार स्मगलिंग करते हुए महाराष्ट्र सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री पकड़े गए हैं| इसलिए कहीं ना कहीं हम यह सोचने पर मजबूर हो जाते हैं कि जिस जनता ने आपको अपना मुख्यमंत्री बनाया था, क्या उस जनता के साथ आप इतना बड़ा छल कर सकते हैं?
बता दें कि,'देश में बेकाबू हुई कोरोना वायरस की दूसरी लहर का कहर बढ़ता ही जा रहा है। प्रतिदिन नए कोरोना मरीजों और कोविड से मरने वालों की संख्या में भारी बढ़ोतरी दहशत पैदा कर रही है। सोमवार को देश में कोरोना संक्रमण ने अब तक के सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। देश में पिछले 24 घंटों में करीब 2.74 लाख नए कोरोना मरीज मिले हैं और 1,619 से अधिक लोगों की जिंदगी इस संक्रमण ने लील ली। कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में बेड, वेंटिलेटर, रेमडेसिविर और ऑक्सीजन की किल्लत हो गई।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटे में COVID19 के 2,73,810 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,50,61,919 हुई। 1,619 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,78,769 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 19,29,329 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,29,53,821 है।