नई दिल्ली:प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू कश्मीर में जैश-ए-मोहम्मद की बड़ी आतंकी साजिश को जमीनी स्तर पर लक्षित कर ध्वस्त करने के लिए सुरक्षाबलों को धन्यवाद दिया है। इससे पहले,''जम्मू-कश्मीर के नगरोटा में जैश आतंकियों के मारे जाने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजील डोभाल, विदेश सचिव के साथ समीक्षा बैठक की और यह पाया कि आतंकवादी 26/11 की वर्षगांठ पर एक बड़े हमले की योजना बना रहे थे|
प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा कि पाकिस्तान से संचालित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े चार आतंकवादियों को उनके मंसूबों में नाकाम कर जिस पैमाने पर हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है उससे संकेत मिलते हैं कि आतंकवादियों की साजिश भारी तबाही मचाने की थी, सुरक्षाबलों ने एक बार फिर उन्हें मात दी है।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि हमारे सुरक्षा बलों ने एक बार फिर से अदम्य साहस और उत्कृष्ट सैन्य संचालन का प्रदर्शन किया है। उनकी सजगता के लिए उन्हें धन्यवाद, उन्होंने जम्मू-कश्मीर में विस्फोट की रची गई इस कायराना साजिश को नाकाम कर दिया है।
नगरोटा एनकाउंटर पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजील डोभाल, विदेश सचिव और शीर्ष खुफिया प्रतिष्ठानों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। सरकारी सूत्रों ने यह जानकारी दी। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक ट्रक में सवार प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के चार आतंकियों को मार गिराया था, इनके पास भारी मात्रा में हथियार मिले हैं। सूत्रों ने बताया है कि बैठक से यह बात निकलकर आई है कि आतंकवादी 26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर देश को एक बार फिर दहलाने की साजिश रच रहे थे।